गोल्डन बूट की रेस में मेसी नंबर-1, लगातार 8वें वर्ल्ड कप मैच में गोल... एम्बाप्पे की बढ़ी टेंशन

लियोनेल मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप में लगातार आठवें मैच में गोल कर नया रिकॉर्ड बना दिया. केप वर्डे के खिलाफ 3-2 की रोमांचक जीत में उन्होंने टूर्नामेंट का सातवां और वर्ल्ड कप करियर का 20वां गोल दागा. इसके साथ ही मेसी गोल्डन बूट की दौड़ में किलियन एम्बाप्पे से आगे निकल गए, जबकि अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली.

Advertisement
लगातार 8 मैच, 20 वर्ल्ड कप गोल... Messi ने रचा नया इतिहास (Photo: AFP) लगातार 8 मैच, 20 वर्ल्ड कप गोल... Messi ने रचा नया इतिहास (Photo: AFP)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • म‍ियामी गार्डन्स ,
  • 04 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:19 AM IST

लियोनेल मेसी का रिकॉर्ड तोड़ने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. अर्जेंटीना के कप्तान ने फीफा वर्ल्ड कप में लगातार आठवें मैच में गोल कर अपना ही रिकॉर्ड और मजबूत कर दिया. केप वर्डे के खिलाफ शन‍िवार को खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में अर्जेंटीना ने अतिरिक्त समय (Extra Time) में 3-2 से जीत दर्ज कर राउंड ऑफ-16 में जगह बना ली.

Advertisement

मेसी ने मैच के 29वें मिनट में शानदार गोल दागा. डिफेंडर लिसांद्रो मार्टिनेज ने लंबा सटीक पास बॉक्स के अंदर भेजा, जिस पर मेसी ने बेहतरीन टाइमिंग के साथ रन लगाया. उन्होंने पहला टच शानदार लिया और फिर गोलकीपर वोजिन्हा के ऊपर से गेंद को नेट की छत में पहुंचाकर अर्जेंटीना को 1-0 की बढ़त दिला दी.

यह मेसी के वर्ल्ड कप करियर का 20वां गोल रहा. इसके साथ ही उन्होंने इस सूची में दूसरे स्थान पर मौजूद फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे पर दो गोल की बढ़त बना ली. मेसी अब वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं और उन्होंने अपना रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया है.

यह गोल मौजूदा वर्ल्ड कप में मेसी का सातवां गोल भी रहा. इसी के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में उन्होंने एम्बाप्पे को पीछे छोड़ दिया. एम्बाप्पे के नाम फिलहाल छह गोल हैं, जबकि मेसी सात गोल के साथ सबसे आगे पहुंच गए हैं.

Advertisement

लगातार आठ वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले मेसी इस दौरान 12 गोल दाग चुके हैं. यह सिलसिला उनके शानदार फॉर्म की गवाही देता है.

मैच की शुरुआत से ही मेसी आक्रामक नजर आए. 15वें मिनट में उनका बाएं पैर का शॉट मामूली अंतर से पोस्ट के बाहर चला गया. इसके तीन मिनट बाद उन्हें करीब 25 गज से फ्री-किक मिली, लेकिन केप वर्डे के अनुभवी गोलकीपर वोजिन्हा ने उसे आसानी से रोक लिया.

इसके बाद मेसी ने मौका नहीं गंवाया और 29वें मिनट में शानदार फिनिश के साथ अर्जेंटीना को बढ़त दिलाई. गोल करने के बाद उन्होंने हाथ फैलाकर लिसांद्रो मार्टिनेज की ओर इशारा किया और उनके पास की सराहना की. इसके बाद पूरी टीम ने उन्हें घेरकर जश्न मनाया.

मेसी vs रोनाल्डो के इंटरनेशनल गोल 
यह मेसी के इंटरनेशनल करियर का 124वां गोल भी रहा. इंटरनेशनल फुटबॉल में उनसे आगे सिर्फ पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं, जिनके नाम 146 गोल दर्ज हैं.

मैच के बाद अर्जेंटीना के मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल ने मेसी की तारीफ करते हुए कहा- मेरे लिए उनके साथ दोस्ती बहुत मायने रखती है. दोस्ती जिंदगी की सबसे बड़ी चीजों में से एक है और मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि उनके साथ ये पल शेयर कर रहा हूं. 

Advertisement

हालांकि केप वर्डे ने मौजूदा वर्ल्ड चैम्प‍ियन अर्जेंटीना को कड़ी चुनौती दी और मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम तक खिंचा, लेकिन आखिरकार अर्जेंटीना ने 3-2 से जीत दर्ज कर अंतिम-16 का टिकट पक्का कर लिया.

गोल्डन बूट की रेस हुई और रोमांचक
मेसी और एम्बाप्पे के अलावा गोल्डन बूट की दौड़ में कई बड़े नाम शामिल हैं. नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड और इंग्लैंड के हैरी केन के नाम पांच-पांच गोल हैं. वहीं फ्रांस के उस्मान डेम्बेले, स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल, ब्राजील के विनीसियस जूनियर और सेनेगल के इस्माइला सार चार-चार गोल के साथ सूची में हैं. हालांकि सेनेगल के बाहर होने के कारण सार अब इस दौड़ से बाहर हो चुके हैं.

अगर टूर्नामेंट के अंत में दो खिलाड़ियों के गोल बराबर रहते हैं तो फीफा पहले असिस्ट और उसके बाद कम मिनट खेलने के आधार पर विजेता तय करेगा. शुक्रवार के मुकाबले से पहले असिस्ट में 2-0 की बढ़त होने के कारण एम्बाप्पे इस टाईब्रेकर में आगे थे, लेकिन अब गोलों के मामले में मेसी ने बढ़त बना ली है.

दिलचस्प बात यह है कि मेसी ने अपने करियर में अब तक कभी गोल्डन बूट नहीं जीता है. 2022 वर्ल्ड कप में उन्होंने सात गोल किए थे, लेकिन एम्बाप्पे आठ गोल के साथ उनसे आगे रहे थे. वहीं 2014 वर्ल्ड कप में मेसी चार गोल के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे थे. इस बार उनके पास पहली बार गोल्डन बूट जीतने का सुनहरा मौका है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »