पांच बार की विश्व चैम्पियन टीम ब्राजील ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में दमदार अंदाज में वापसी करते हुए हैती को 3-0 से करारी शिकस्त दी. पिछले मुकाबले में मोरक्को के खिलाफ 1-1 की निराशाजनक ड्रॉ के बाद आलोचनाओं का सामना कर रही ब्राजीलियाई टीम ने इस बार अपने स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर के शानदार प्रदर्शन के दम पर एकतरफा जीत दर्ज की.
20 जून (शनिवार) को पेन्सिलवेनिया के फिलाडेल्फिया स्टेडियम में हुए इस मैच में विनीसियस जूनियर ने ना सिर्फ एक बेहतरीन गोल दागा, बल्कि दो गोल को बनाने में भी अहम भूमिका निभाई. रियल मैड्रिड के इस स्टार विंगर ने दिखा दिया कि आखिर क्यों उन्हें मौजूदा दौर के सबसे खतरनाक फुटबॉलरों में गिना जाता है.
मुकाबले में शुरुआत से ही ब्राजील ने आक्रामक खेल दिखाया और हैती की रक्षा पंक्ति पर लगातार दबाव बनाए रखा. 23वें मिनट में मैच का पहला गोल भी विनीसियस जूनियर की शानदार कोशिश से आया. उनका खतरनाक शॉट हैती के गोलकीपर जोनी प्लासिडे के हाथों से छिटक गया, जिसका फायदा उठाते हुए मैथियस कुन्हा ने गेंद को गोल में पहुंचा दिया. इसके बाद 36वें मिनट में विनीसियस ने एक लंबा और सटीक पास देकर कुन्हा को दूसरा गोल करने का मौका दिया. कुन्हा ने भी कोई गलती नहीं की और ब्राजील की बढ़त दोगुनी कर दी.
पहले हाफ के इंजरी टाइम में विनीसियस जूनियर ने खुद गोल दागकर मुकाबले को लगभग ब्राजील की झोली में डाल दिया. शानदार रन के बाद उन्होंने गोलकीपर को छकाते हुए गेंद को नेट में पहुंचाया और स्कोर 3-0 कर दिया. विनीसियस का योगदान सिर्फ गोल और असिस्ट तक सीमित नहीं रहा. उन्होंने पूरे मैच में डिफेंस में भी मदद की और कई मौकों पर हैती के हमलों को रोकने में अहम भूमिका निभाई. दूसरे हाफ में उन्होंने एक और शानदार मूव तैयार किया था, लेकिन गैब्रियल मार्टिनेली का शॉट पोस्ट से टकरा गया, जिससे विनीसियस का तीसरा असिस्ट दर्ज होने से रह गया.
मोरक्को के खिलाफ ड्रॉ के बाद ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने प्रशंसकों से माफी तक मांगी थी. टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे थे, लेकिन हैती के खिलाफ इस जीत ने आलोचकों को जवाब दे दिया. खासकर विनीसियस जूनियर ने यह साबित कर दिया कि बड़े टूर्नामेंटों में वह ब्राजील के सबसे बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं.
इस जीत के साथ ब्राजील ने ग्रुप-सी में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. ब्राजील और मोरक्को दोनों के चार-चार अंक हैं, जबकि स्कॉटलैंड तीन अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है. वहीं हैती की टीम लगातार दूसरे मैच में हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है. अब ब्राजील की नजरें अगले मुकाबले में जीत हासिल कर नॉकआउट चरण में जगह पक्की करने पर होगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क