पापा टीचर, घर पाकिस्तान बॉर्डर के पास... अब मिला टीम इंड‍िया का ट‍िकट, कौन हैं मानव सुथार?

Manav Suthar: राजस्थान के श्रीगंगानगर से आने वाले 23 वर्षीय लेफ्ट-आर्म स्पिनर मानव सुथार को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में मौका मिला है. गुजरात टाइटन्स के लिए खेलने वाले मानव ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया. 2023 वर्ल्ड कप से पहले भारतीय कैम्प में उन्होंने रोहित शर्मा और विराट कोहली को भी प्रभावित किया था. अब उन्हें भविष्य के टेस्ट स्पेशलिस्ट स्पिनर के रूप में देखा जा रहा है.

Advertisement
23 साल का स्पिनर… बैट से भी कमाल, मानव सुथार पर क्यों टिकी हैं सबकी नजरें? (Photo: BCCI) 23 साल का स्पिनर… बैट से भी कमाल, मानव सुथार पर क्यों टिकी हैं सबकी नजरें? (Photo: BCCI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई द‍िल्ली ,
  • 19 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:32 PM IST

Who is Manav Suthar: अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम का ऐलान हुआ तो एक नाम ने सभी का ध्यान खींच लिया, यह नाम था राजस्थान के युवा स्पिनर मानव सुथार का. 23 साल के इस लेफ्ट-आर्म ऑर्थोडॉक्स गेंदबाज को पहली बार टीम इंडिया में मौका मिला है. रवींद्र जडेजा को आराम दिए जाने के बाद चयनकर्ताओं ने मानव पर भरोसा जताया.

Advertisement

मानव सुथार फिलहाल IPL में गुजरात  टाइटन्स का हिस्सा हैं, लेकिन उनकी क्रिकेट कहानी राजस्थान के श्रीगंगानगर से शुरू हुई. पाकिस्तान बॉर्डर से करीब 5 किलोमीटर दूर बसे इस शहर से निकलकर टीम इंडिया तक पहुंचना आसान नहीं था. उनके पिता जगदीश सुथार स्कूल में पीटी टीचर हैं और खुद भी स्कूल स्तर तक क्रिकेट खेल चुके हैं.

जब मानव 11 साल के थे, तब उन्हें क्रिकेट अकादमी भेजा गया. पिता चाहते थे कि बेटा बल्लेबाज बने, लेकिन कोच धीरज शर्मा ने पहले दिन ही उनकी गेंदबाजी देखकर कह दिया था- ये लड़का बॉलिंग के लिए बना है. आज वही खिलाड़ी भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा बन चुका है.

मानव सिर्फ स्पिनर नहीं हैं, बल्कि निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाज भी हैं. यही वजह है कि उन्हें एक कंप्लीट बॉलिंग ऑलराउंडर माना जाता है. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 29 मैचों में 129 विकेट लिए हैं. इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 25.76 का रहा. बल्ले से भी उन्होंने 945 रन बनाए, जिसमें एक शतक शामिल है.

Advertisement

उनकी असली चर्चा 2023 वर्ल्ड कप से पहले हुई, जब उन्हें भारतीय टीम के कैम्प में बुलाया गया. बेंगलुरु में हुए उस कैम्प  में मानव ने रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज बल्लेबाजों को अपनी गेंदबाजी से परेशान किया. टीम के सीनियर खिलाड़ियों ने माना कि अगर वह सफेद गेंद से इतनी ड्रिफ्ट निकाल सकते हैं, तो लाल गेंद से और खतरनाक साबित होंगे.

यह भी पढ़ें: कौन हैं गुरनूर बरार? ज‍िनकी टीम इंड‍िया में हुई सरप्राइज एंट्री, 6 फीट 5 इंच लंबाई... ग‍िल, नेहरा और धवन से है गहरा कनेक्शन

हालांकि सफलता का रास्ता आसान नहीं रहा. IPL 2025 में गुजरात टाइटन्स के लिए उन्हें सीमित मौके मिले और ज्यादातर समय बेंच पर बैठना पड़ा. इंडिया A और दुलीप ट्रॉफी में भी शुरुआती मौके कम मिले. कई बार सवाल उठे कि क्या वह टॉप लेवल क्रिकेट के लिए तैयार हैं.

लेकिन उनके कोच धीरज शर्मा लगातार उनका आत्मविश्वास बढ़ाते रहे. उन्होंने मानव से कहा था- अगर तुम भारत के लिए खेलोगे तो रेड बॉल क्रिकेट में खेलोगे. मौका मिले तो उसे कभी मत छोड़ना. 

यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया में बड़ा उलटफेर, ऋषभ पंत ODI टीम से बाहर... टेस्ट की उपकप्तानी भी गई, बुमराह-जडेजा को आराम

मानव की गेंदबाजी की सबसे बड़ी खासियत उनकी क्लासिकल लेफ्ट-आर्म स्पिन है. वह फ्लैट गेंदबाजी नहीं करते, बल्कि हवा में ड्रिफ्ट और सही रिलीज पॉइंट से बल्लेबाजों को लगातार उलझाए रखते हैं. डॉट बॉल डालने की उनकी क्षमता उन्हें बाकी युवा स्पिनरों से अलग बनाती है.

Advertisement

पिछले साल ऑस्ट्रेलिया A के खिलाफ इंडिया A मैच में उन्होंने 5 विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था. यही प्रदर्शन अब उन्हें भारतीय टेस्ट टीम तक ले आया है.
फिलहाल टेस्ट टीम में कुलदीप यादव और वॉशिंगटन सुंदर जैसे स्पिनर मौजूद हैं, इसलिए प्लेइंग इलेवन में जगह के लिए उन्हें इंतजार करना पड़ सकता है. लेकिन चयनकर्ताओं और कोचिंग स्टाफ को भरोसा है कि मानव भविष्य में भारत के लिए लंबे समय तक टेस्ट क्रिकेट खेल सकते हैं.

मानव सुथार की कहानी इस बात का उदाहरण है कि सिर्फ IPL की चमक ही टीम इंडिया तक पहुंचने का रास्ता नहीं है. घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन, धैर्य और सही स्किल भी खिलाड़ी को भारतीय टीम तक पहुंचा सकती है.

मानव सुधार का कर‍ियर कैसा रहा है अब तक?
भारतीय घरेलू क्रिकेट में पिछले कुछ समय से कई युवा खिलाड़ी तेजी से उभरे हैं, लेकिन राजस्थान के श्रीगंगानगर से आने वाले मनव जगदुसाकुमार सुथार ने अपनी अलग पहचान बनाई है. 3 अगस्त 2002 को जन्मे मानव अभी सिर्फ 23 साल के हैं, लेकिन उनके आंकड़े बताते हैं कि वह लंबे रेस के खिलाड़ी साबित हो सकते हैं.

लेफ्ट हैंड बल्लेबाज और स्लो लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स गेंदबाज मनव सुथार फिलहाल गुजरात  टाइटन्स का हिस्सा हैं. उनकी खासियत सिर्फ गेंदबाजी तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर वह बल्ले से भी अहम योगदान दे सकते हैं. यही वजह है कि उन्हें एक ‘बॉलिंग ऑलराउंडर’ माना जाता है.

Advertisement

घरेलू क्रिकेट में मनव का प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 29 मैचों की 52 पारियों में 129 विकेट झटके हैं. इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8 विकेट लेकर 33 रन देना रहा, जबकि मैच में 11 विकेट लेने का कारनामा भी वह कर चुके हैं. उनका गेंदबाजी औसत करीब 25 का है, जो किसी भी युवा स्पिनर के लिए शानदार माना जाता है.

सिर्फ गेंद से ही नहीं, बल्ले से भी मानव ने दम दिखाया है. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 945 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और कुछ अहम पारियां शामिल हैं. उनका हाई स्कोर 120 रन रहा है. इससे साफ होता है कि निचले क्रम में वह टीम के लिए उपयोगी बल्लेबाज साबित हो सकते हैं.

लिस्ट-A क्रिकेट में भी मानव का रिकॉर्ड मजबूत रहा है. उन्होंने 25 मैचों में 34 विकेट लिए हैं और 35 रन बनाए हैं, जबकि T20 क्रिकेट में 25 विकेट उनके नाम दर्ज हैं. तेज रन रोकने और बीच के ओवरों में विकेट निकालने की उनकी क्षमता उन्हें खास बनाती है.

IPL में गुजरात  के लिए अब तक वह 5 मुकाबलों में टीम का हिस्सा रहे हैं, जिसमें 2 विकेट उनके नाम हैं. IPL 2026 में उन्हें 4 मैच खेलने का मौका मिला, जहां उन्होंने अपनी किफायती गेंदबाजी से ध्यान खींचा.

Advertisement

मानव  सुथार का सफर सिर्फ IPL तक सीमित नहीं है. वह इंडिया अंडर-19, इंडिया A, सेंट्रल जोन और रेस्ट ऑफ इंडिया जैसी टीमों का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. इतने कम समय में अलग-अलग स्तर पर लगातार मौके मिलना इस बात का संकेत है कि चयनकर्ता भी उनकी प्रतिभा को गंभीरता से देख रहे हैं.

भारतीय क्रिकेट में लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर्स की हमेशा मांग रही है. ऐसे में मानव सुथार आने वाले वर्षों में टीम इंडिया के लिए भी मजबूत दावेदारी पेश कर सकते हैं. अगर उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा, तो राजस्थान का यह युवा खिलाड़ी जल्द ही बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकता है.

अफगान‍िस्तान दौरे के लिए भारतीय टीम का टेस्ट स्क्वॉड:  शुभमन गिल  (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (व‍िकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (व‍िकेटकीपर)

अफगान‍िस्तान दौरे के लिए भारतीय टीम का वनडे स्क्वॉड:  शुभमन गिल (कप्तान) रोहित शर्मा, विराट कोहली,श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल (व‍िकेटकीपर), ईशान किशन (व‍िकेटकीपर), हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे.

अफगानिस्तान का भारत दौरा (होम सीरीज)
6-10 जून: एकमात्र टेस्ट, मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़)
14 जून: पहला वनडे, धर्मशाला
17 जून: दूसरा वनडे, लखनऊ
20 जून: तीसरा वनडे, चेन्नई

Advertisement


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement