इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-59 में शुक्रवार (15 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से हुआ. लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में लखनऊ ने चेन्नई पर सात विकेट से जीत हासिल की. लखनऊ को जीत के लिए 188 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 16.4 ओवरों में ही हासिल कर लिया. लखनऊ की जीत में मिचेल मार्श (90 रन) की अहम भूमिका रही.
इस हार के चलते चेन्नई सुपर किंग्स के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को तगड़ा झटका लगा है. अब सीएसके को बाकी दो मैच जीतने होंगे, तभी कुछ बात बनेगी. बाकी दोनों मैच जीतने के बावजूद नेट-रनरेट पर जाकर मामला फंस सकता है. बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स ने 12 मैचों में से 6 में जीत हासिल की है. सीएसके के 12 पॉइंट्स हैं. दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन काफी खराब रहा है और वो प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर हो चुकी है. एलएसजी ने 12 में से सिर्फ 4 मुकाबले जीते हैं और उसके 8 अंक हैं.
रनचेज में लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत तूफानी रही. मिचेल मार्श और जोश इंग्लिस ने मिलकर पहले विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की. इस साझेदारी में मार्श ने अटैकिंग रोल निभाया. मार्श ने सिर्फ 21 गेंदों पर फिफ्टी पूरी की. वहीं इंग्लिस ने भी कुछ दर्शनीय शॉट्स लगाए. मार्श-इंग्लिस की पार्टनरशिप को आखिरकार मुकेश चौधरी ने तोड़ा, जिन्होंने इंग्लिस को चलता किया. इंग्लिस ने 3 चौके और एक सिक्स की मदद से 32 गेंदों पर 36 रनों का योगदान दिया.
ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे मिचेल मार्श दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए और अपना शतक नहीं पूरा कर पाए. मार्श ने 9 चौके और सात छक्के की मदद से 38 बॉल पर 90 रनों की पारी खेली. अब्दुल समद ने निराश किया और वो सिर्फ 7 रन बनाकर स्पेंसर जॉनसन की गेंद पर बोल्ड हुए. यहां से निकोलस पूरन ने तूफानी बैटिंग कर लखनऊ को जीत दिला दी. पूरन ने चार छक्के और एक चौके जड़ते हुए 17 बॉल पर नाबाद 32 रन बनाए.
ऐसी रही चेन्नई सुपर किंग्स की बैटिंग
चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 187 रन बनाए. सीएसके की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ सिर्फ 13 रनों के निजी स्कोर पर आकाश महाराज सिंह का शिकार बने. फिर आकाश ने दूसरे सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन को भी पवेलियन रवाना कर दिया, जिन्होंने 20 रन बनाए. संजू के आउट होने के समय सीएसके का स्कोर 36/2 था. इसके बाद सीएसके का तीसरा विकेट उर्विल पटेल (6 रन) के रूप में गिरा. उर्विल भी आकाश को अपना विकेट दे बैठे. यहां से कार्तिक शर्मा और डेवाल्ड ब्रेविस ने चौथे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी की.
यह भी पढ़ें: विकेट लेते ही जेब से निकाली पर्ची... IPL में इस गेंदबाज का यूनिक सेलिब्रेशन, VIDEO
डेवाल्ड ब्रेविस ने 2 छक्के की मदद से 16 बॉल पर 25 रनों का योगदान दिया. ब्रेविस का विकेट मोहम्मद शमी ने लिया. उधर कार्तिक शर्मा ने अपने आईपीएल करियर की दूसरी फिफ्टी जड़ी. कार्तिक ने 6 चौके और पांच छक्के की सहायता से 42 बॉल पर 71 रनों का योगदान दिया. कार्तिक को शाहबाज अहमद ने पवेलियन भेजा. शिवम दुबे ने आखिरी ओवरों में तूफानी बैटिंग कर सीएसके को अच्छे स्कोर तक पहुंचाया. शिवम ने 16 बॉल पर नाबाद 32 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे.
लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान लखनऊ सुपर जायंट्स ने 4 मुकाबलों में जीत हासिल की. जबकि चेन्नई सुपर किंग्स ने 3 मुकाबले जीते. एक मुकाबला बेनतीजा भी रहा. इस सीजन में दोनों टीमों के बीच ये दूसरी टक्कर रही. इससे पहले 10 मई 2026 को खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से पराजित किया था.
लखनऊ vs चेन्नई h2h
कुल IPL मैच: 8
लखनऊ ने जीते: 4
चेन्नई ने जीते: 3
बेनतीजा: 1
लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग-11: मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), मुकुल चौधरी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, मयंक यादव, आकाश सिंह और प्रिंस यादव.
इम्पैक्ट सब: जोश इंग्लिस.
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग-11: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, अंशुल कम्बोज, नूर अहमद, स्पेंसर जॉनसन और मुकेश चौधरी.
इम्पैक्ट सब: गुरजपनीत सिंह.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क