इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में शुक्रवार (15 मई) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के तेज गेंदबाज आकाश महाराज सिंह ने ऐसा सेलिब्रेशन किया, जिसने हर किसी का ध्यान खींच लिया. आकाश ने विकेट लेने के बाद जेब से खास पर्ची निकालकर जश्न मनाया और देखते ही देखते उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
24 साल के आकाश महाराज सिंह ने सबसे पहले चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ को शानदार गेंद पर आउट किया. विकेट लेने के तुरंत बाद उन्होंने अपनी जेब से एक पर्ची निकाली, जिस पर लिखा था, 'अक्की ऑन फायर. आकाश को पता है कि टी20 में कैसे विकेट लिए जाते हैं.' उनका यह यूनिक सेलिब्रेशन फैन्स के बीच चर्चा का विषय बन गया.
आकाश महाराज सिंह ने इसके बाद संजू सैमसन और उर्विल पटेल को भी आउट किया. इन दोनों मौकों पर भी विकेट लेने के बाद आकाश ने वही सेलिब्रेशन दोहराया. इकाना स्टेडियम में मौजूद फैन्स उनके अंदाज को देखकर हैरान रह गए. लखनऊ सुपर जायंट्स प्लेऑफ की रेस से बाहर होने के बाद युवा खिलाड़ियों को मौका दे रही है. ऐसे में आकाश को भी आईपीएल 2026 में पहली बार मौका मिला और उन्होंने तीन बड़े विकेट झटककर अपनी छाप छोड़ दी.
कौन हैं आकाश महाराज सिंह?
आकाश महाराज सिंह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं और वो घरेलू क्रिकेट में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते है. उन्होंने अंडर-19 और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन से पहचान बनाई थी. सबसे पहले ने उन्हें राजस्थान रॉयल्स (RR) ने आईपीएल 2021 में मौका दिया था. फिर आकाश ने 2023 के आईपीएल सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए भाग लिया, जहां उन्होंने स्विंग गेंदबाजी से सुर्खियां बटोरी थीं.
मुकाबले की शुरुआत से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों और मैच ऑफिशियल्स ने उत्तर प्रदेश में आए तूफान के चलते जान गंवाने वाले पीड़ितों के सम्मान में एक मिनट का मौन रखा. साथ ही खिलाड़ी और अधिकारी काली पट्टी बांधकर मैदान पर उतरे.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क