Irafan Pathan and Mohammad Kaif: इरफान पठान ने मोहम्मद कैफ की बॉलिंग का उड़ाया था मजाक... अब सरेआम मांगी माफी

लीजेंड्स लीग क्रिकेट के दौरान इंडिया महाराजा और वर्ल्ड जायंट्स के बीच हुए मैच में कैफ को गेंदबाजी करने का मौका मिला. कैफ ने गेंदबाजी में मिले मौके का फायदा उठाते हुए अपनी दूसरी गेंद पर वर्ल्ड जायंट्स के बल्लेबाज थिसारा परेरा को कैच आउट करा दिया. मोहम्मद कैफ विकेट लेने के बाद काफी प्रसन्न दिखे और उन्होंने विकेट लेने वाला वीडियो ट्विटर पर शेयर किया.

Advertisement
इरफान पठान और मोहम्मद कैफ (File Photo) इरफान पठान और मोहम्मद कैफ (File Photo)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 18 सितंबर 2022,
  • अपडेटेड 7:10 PM IST

टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का शुमार दुनिया के बेस्ट फील्डर्स में होता था. ऐसा बहुत कम देखा गया कि जब वह कवर्स पर फील्डिंग कर रहें और तो गेंद उनके आगे से निकल जाए. कैफ बल्ले से भी शानदार पारियां खेलने में माहिर थे. 2002 के नेटवेस्ट सीरीज के फाइनल में कैफ की शानदार पारी को कौन भूल सकता है जब उन्होंने नाबाद अर्धशतक बनाकर भारतीय टीम को जिताने में मदद की थी.

Advertisement

कैफ ने इंडिया महाराजा के लिए की बॉलिंग

लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि कैफ बॉलिंग करना भी जानते हैं. मौजूदा लीजेंड्स लीग क्रिकेट के दौरान इंडिया महाराजा और वर्ल्ड जायंट्स के बीच हुए मैच में कैफ को गेंदबाजी करने का मौका मिला क्योंकि तेज गेंदबाज अशोक डिंडा चोट के कारण ओवर की बाकी चार बॉल फेंकने में असमर्थ थे. कैफ ने गेंदबाजी में मिले मौके का फायदा उठाते हुए अपनी दूसरी गेंद पर वर्ल्ड जायंट्स के बल्लेबाज थिसारा परेरा को शॉर्ट थर्ड मैन पर कैच आउट करा दिया.

मोहम्मद कैफ विकेट लेने के बाद काफी प्रसन्न दिखे और उन्होंने  विकेट लेने वाला वीडियो ट्विटर पर शेयर किया. कैफ ने इस वीडियो के कैप्शन में सौरव गांगुली को टैग करते हुए लिखा, 'ऑलराउंडर मोहम्मद कैफ की ड्रिफ्ट, फ्लाइट और टर्न प्लीज देखिए. दादा, आपको नहीं लगता कि आपने ट्रिक मिस कर दी?' मोहम्मद कैफ का ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है.

Advertisement

मोहम्मज कैफ के इस वीडियो पर इरफान पठान ने कमेंट करते हुए लिखा, 'आपकी गेंदबाजी का मजाक उड़ाने के लिए माफी.' इस मैच में कैफ और इरफान पठान इंडिया महाराजा टीम के लिए ही खेल रहे थे. हालांकि ये अभी साफ नहीं है कि इरफान पठान ने कैफ का मजाक कब उड़ाया.इरफान पठान के कमेंट का मोहम्मद कैफ ने जवाब देते हुए कहा, 'वैसे बोला क्या, मैं जरा सुन नहीं पाया.'

उस मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए  वर्ल्ड जायंट्स की टीम ने आठ विकेट पर 170 रन बनाए थे. केविन ओ ब्रायन और हेमिल्टन मसाकाद्जा ने 50 रनों की साझेदारी कर शानदार शुरुआत दिलाई. मसाकाद्जा ने 15 गेंदों पर 18 रनों का योगदान दिया. वहीं केविन ओ ब्रायन ने 31 गेंदों पर 52 रनों की तूफानी पारी खेली. वहीं रामदीन ने नाबाद 42 और वहीं परेरा ने 23 रनों का योगदान दिया. इंडिया महाराजा की ओर से पंकज सिहं ने 25 रन देकर 5 खिलाड़ियों को आउट किया. वहीं कप्तान हरभजन सिंह, जोगिंदर शर्मा और मोहम्मद कैफ को 1-1 कामयाबी मिली.

यूसुफ-तन्मय ने खेली थी शानदार पारी

जवाब में इंडिया महाराजा ने चार विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया था. इंडिया महाराजा की जीत के हीरो यूसुफ पठान और  तन्मय श्रीवास्तव रहे. दोनों खिलाड़ियों ने शानदार अर्धशतकीय पारियां खेलीं. तन्मय ने 39 बॉल पर 54 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल था. वहीं यूसुफ पठान ने 35 बॉल का सामना करते हुए नाबाद 50 रनों की पारी खेली. यूसुफ पठान ने अपनी पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए.

Advertisement

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »