भारतीय टीम को आयरलैंड के खिलाफ बेलफास्ट टी20 में 34 रनों से शिकस्त झेलनी पड़ी थी. आयरलैंड के लिए यह जीत ऐतिहासिक रही क्योंकि उसने भारतीय टीम को पहली बार इंटरनेशनल मैच में परास्त किया.
वैसे यह पहला मौका नहीं है जब आयरलैंड ने किसी बड़ी क्रिकेट टीम को चौंकाया हो. पिछले दो दशकों में आयरलैंड कई दिग्गज टीमों के खिलाफ 'जायंट किलर' साबित हुआ है.
1. पाकिस्तान (2007 वर्ल्ड कप)
2007 वनडे वर्ल्ड कप में आयरलैंड ने पाकिस्तान को डीएल मेथड के तहत 3 विकेट से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था. यह विश्व कप इतिहास के सबसे बड़े उलटफेरों में गिना जाता है. इस मैच के अगले दिन पाकिस्तानी टीम के कोच बॉब वूल्मर अपने होटल के कमरे में मृत पाए गए थे.
2. बांग्लादेश (2007 वर्ल्ड कप)
साल 2007 के क्रिकेट वर्ल्ड कप में आयरलैंड ने वास्तव में अद्भुत प्रदर्शन किया था. टूर्नामेंट के मैच नंबर-42 में आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 243/7 रन बनाए, जिसमें विलियम पोर्टरफील्ड के शानदार 85 रन शामिल थे. जवाब में बांग्लादेशी टीम 169 रनों पर ऑलआउट हो गई और आयरलैंड ने यह मैच 74 रनों के विशाल अंतर से जीतकर इतिहास रच दिया.
यह भी पढ़ें: कौन हैं मैथ्यू हॉलार्ड? जिन्होंने डेब्यू पर टीम इंडिया का बैंड बजाया
3. इंग्लैंड (2011 वर्ल्ड कप)
बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में आयरलैंड ने 328 रनों के विशाल लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए इंग्लैंड को 3 विकेट से हरा दिया था. इस मैच में आयरिश बल्लेबाज केविन ओ'ब्रायन ने सिर्फ 50 गेंदों में तूफानी शतक जड़कर इतिहास रच दिया, जो उस समय विश्व कप के इतिहास का सबसे तेज शतक था. उन्होंने 63 गेंदों में 113 रन (13 चौके और 6 छक्के) बनाए थे.
4. वेस्टइंडीज (2015 वर्ल्ड कप)
2015 वर्ल्ड कप में आयरलैंड ने वेस्टइंडीज को 4 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर किया था. पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 304 रन बनाए थे. जवाब में आयरलैंड ने पॉल स्टर्लिंग के 92 और एड जॉयस के 84 रनों की मदद से 45.5 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया था.
5. इंग्लैंड (2019 टेस्ट)
लॉर्ड्स में खेले गए अपने तीसरे टेस्ट मैच में आयरलैंड ने पहली पारी में इंग्लैंड को सिर्फ 85 रन पर समेट दिया था. हालांकि मैच अंत में इंग्लैंड ने जीता, लेकिन आयरलैंड ने दुनिया का ध्यान खींच लिया. टेस्ट इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ था जब इंग्लैंड की टीम घर में लंच से पहले ही ऑलआउट हो गई थी.
यह भी पढ़ें: बच्चा टीम ने किया चैम्पियन का शिकार, गंभीर-श्रेयस ने सपने में भी नहीं सोचा होगा!
6. साउथ अफ्रीका (2021 ODI मैच)
2021 में आयरलैंड ने साउथ अफ्रीका को डबलिन वनडे मैच में 43 रनों से हराकर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की थी. यह ओडीआई क्रिकेट में आयरलैंड की साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहली जीत थी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क