चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मैच में एक अनचाहा रिकॉर्ड बना दिया. वह आईपीएल में CSK के दूसरे ऐसे खिलाड़ी बन गए, जिन्हें अर्धशतक लगाने के बाद ‘रिटायर्ड आउट’ किया गया.
20 साल के म्हात्रे ने 36 गेंदों में 59 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम की रणनीति के तहत उन्हें 18वें ओवर में वापस बुला लिया गया. उस समय CSK का स्कोर 175/2 था और टीम आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाना चाहती थी.
सैमसन के साथ बड़ी साझेदारी
म्हात्रे ने संजू सैमसन के साथ मिलकर 113 रन की बेहतरीन साझेदारी की. यह CSK की ओर से DC के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है. इससे पहले 2023 में डेवोन कॉनवे और ऋतुराज गायकवाड़ ने 141 रन जोड़े थे.
म्हात्रे ने मिडिल ओवर्स में समझदारी से बल्लेबाजी की और टीम का स्कोर लगातार बढ़ाते रहे. पावरप्ले में CSK ने 61 रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ 15 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बावजूद टीम की रनगति धीमी नहीं पड़ी.
रिटायर्ड आउट का फैसला क्यों लिया गया?
आखिरी ओवरों में जब रनगति थोड़ी धीमी हुई. खासतौर पर लुंगी एंगिडी और टी नटराजन की सटीक गेंदबाजी के कारण तब CSK ने बड़ा फैसला लिया.
यह भी पढ़ें: CSK vs DC: 400 छक्के, IPL में चौथा शतक और कई रिकॉर्ड ध्वस्त... संजू सैमसन ने धागा खोल दिया
म्हात्रे को रिटायर्ड आउट करके शिवम दुबे को भेजा गया, ताकि वह नई गेंद के साथ तेजी से रन बना सकें. दुबे ने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी की और टीम को 200 रन के पार पहुंचाने में मदद की. आखिर में CSK ने 20 ओवर में 212/2 का मजबूत स्कोर बनाया, जिसमें म्हात्रे और सैमसन की साझेदारी की बड़ी भूमिका रही.
यह भी पढ़ें: CSK vs DC: कौन हैं आकिब नबी डार? जिनका हुआ IPL डेब्यू, दिल्ली ने 8.4 करोड़ में खरीदा था
इस लिस्ट में शामिल हुए म्हात्रे
म्हात्रे अब उन चुनिंदा खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्हें आईपीएल में रिटायर्ड आउट किया गया है. इस लिस्ट में रविचंद्रन अश्विन, अथर्व तायडे, साई सुदर्शन, तिलक वर्मा और डेवोन कॉनवे जैसे नाम शामिल हैं.
डेवोन कॉनवे CSK के पहले खिलाड़ी थे जिन्हें इस तरह रिटायर्ड आउट किया गया था, और अब म्हात्रे दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क