इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से तूफानी प्रदर्शन किया. 27 मई (बुधवार) को मु्ल्लांपुर महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मुकाबले में वैभव ने 29 गेंदों पर 97 रन बनाए, जिसमें 12 छक्के और 5 चौके शामिल रहे.
वैभव सूर्यवंशी के पास आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक जड़ने का मौका था, लेकिन वो चूक गए. वैभव को प्रफुल्ल हिंगे ने स्मरण रविचंद्रन के हाथों कैच आउट कराया. वैभव यदि इस मैच में अपनी 29वीं गेंद पर शतक पूरा करते तो वो क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ देते. हालांकि ऐसा संभव नहीं हो पाया.
क्रिस गेल ने 2013 के आईपीएल सीजन में पुणे वॉरियर्स इंडिया (PWI) के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए सिर्फ 30 बॉल पर शतक जड़ दिया था. गेल ने उस मैच में 66 बॉल पर रिकॉर्ड 175 रनों की पारी खेली.
यह भी पढ़ें: दे छक्के, दे छक्के... वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, क्रिस गेल का महारिकॉर्ड चकनाचूर
एलिमेनटर मुकाबले में शतक से चूकने के बाद वैभव सूर्यवंशी का दर्द छलक पड़ा. वैभव पवेलियन लौटने के समय इमोशनल हो गए और उन्होंने सिर पर हाथ मारा. फिर डगआउट में भी उन्हें निराश बैठे देखा गया. वैभव भले शतक से चूक गए, लेकिन उन्होंने अपनी इनिंग्स से फैन्स का दिल जीत लिया. विपक्षी टीम के खिलाड़ी भी वैभव की इस इनिंग्स से प्रभावित दिखे. जब आउट होकर वैभव पवेलियन लौट रहे थे, तो सनराइजर्स हैदराबाद के कुछ खिलाड़ियों ने उनकी पीठ थपथपाई.
वैभव सूर्यवंशी अब आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. वैभव ने क्रिस गेल (59) का रिकॉर्ड तोड़ दिया. वैभव ने चौथी बार आईपीएल इनिंग्स में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं. उन्होंने इस मामले में क्रिस गेल की बराबरी कर ली. वैभव ने मौजूदा आईपीएल सीजन में 680 रन बनाए हैं. बतौर अनकैप्ड बल्लेबाज यह एक सीजन में बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं.
IPL इनिंग्स में सबसे ज्यादा बार 10+ छक्के
4- क्रिस गेल
4- वैभव सूर्यवंशी
2- अभिषेक शर्मा
2- फिन एलन
एक IPL पारी में सर्वाधिक छक्के (भारतीय)
12- वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स) बनाम SRH, 2026
12- वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स) बनाम SRH, 2026
11- मुरली विजय (चेन्नई सुपर किंग्स) बनाम RR, 2010
11- वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स) बनाम GT, 2025
एक IPL सीजन में सर्वाधिक रन (अनकैप्ड बल्लेबाज)
680- वैभव सूर्यवंशी (राजस्थान रॉयल्स, 2026)
625- यशस्वी जायसवाल (राजस्थान रॉयल्स, 2023)
616- शॉन मार्श (पंजाब किंग्स, 2008)
573- रियान पराग (राजस्थान रॉयल्स, 2024)
549- प्रभसिमरन सिंह (पंजाब किंग्स, 2025)
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क