इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन 28 मार्च (शनिवार) से स्टार्ट हो रहा है. आईपीएल 2026 में दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा पर भी फैन्स की निगाहें हैं. रोहित आगामी सीजन के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहे हैं. प्री-सीजन कैम्प के दौरान उनका एक नेट सेशन वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मैच सिमुलेशन के दौरान बेहद आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं.
रोहित शर्मा अपनी शानदार टाइमिंग और क्लासिक शॉट्स के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस बार उनके खेल में अलग ही इंटेंट नजर आया. उन्होंने नेट्स में बड़े-बड़े शॉट्स लगाने की कोशिश की और जोखिम लेने से भी नहीं हिचके. एक पल ऐसा भी आया जब उन्होंने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन बल्ले का ऊपरी किनारा लगने के कारण कैच आउट हो गए. हालांकि यह सिर्फ प्रैक्टिस थी, लेकिन इससे उनका आक्रामक माइंडसेट साफ झलकता है.
मुंबई इंडियंस के प्री-सीजन कैंप में रोहित शर्मा ने अपनी बल्लेबाजी के कई पहलुओं पर काम किया, चाहे वह टाइमिंग हो या शॉट का चयन या फिर पावर-हिटिंग. टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर होने के बाद आईपीएल अब उनके लिए सबसे बड़ा मंच बन चुका है, जहां वह अपने अनुभव और क्लास का प्रदर्शन कर सकते हैं.
रोहित का IPL में दमदार प्रदर्शन
रोहित शर्मा आईपीएल के सफलतम कप्तानों में शामिल हैं. रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस (MI) ने पांच बार आईपीएल खिताब जीता. रोहित ने अब तक 272 आईपीएल मैचों में 29.73 की औसत से 7046 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 2 शतक और 47 अर्धशतक निकले.
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा से बड़ी उम्मीदें होंगी. टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी और उनका फॉर्म इस सीजन में टीम की सफलता तय कर सकता है. लगातार मेहनत और फोकस के साथ रोहित एक बार फिर अपने 'हिटमैन' अवतार में नजर आने को तैयार हैं और फैन्स को उनसे धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद है.
aajtak.in