IND vs NEP U19 Asia Cup Highlights: भारतीय टीम की धमाकेदार शुरुआत, नेपाल को 10 विकेट से रौंदा, सहवाग के बेटे आर्यवीर का तूफान

India vs Nepal, ACC Men's U19 Asia Cup: अल अमेरात के अल अमरत क्रिकेट ग्राउंड में भारत और नेपाल की अंडर-19 टीम्स आमने सामने हुईं. भारत के लिए इस मैच में आर्यवीर सहवाग ने तूफानी बैटिंग कर टीम को जीत दिलाई. ईशान सूद और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने भी शानदार प्रदर्शन किया.

Advertisement
अंडर-19 एशिया कप में भारत-नेपाल की टक्कर हुई. (Photo: Screengrab/SonyLIV) अंडर-19 एशिया कप में भारत-नेपाल की टक्कर हुई. (Photo: Screengrab/SonyLIV)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • अल अमेरात,
  • 06 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 3:25 PM IST

एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 में शुक्रवार (6 नवंबर) को भारत और नेपाल के बीच मुकाबला खेला गया. अल अमेरात के अल अमरत क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 1) में आयोजित मुकाबले में भारतीय टीम ने 10 विकेट से जीत हासिल की. भारतीय टीम को जीत के लिए 129 रनों का टारगेट मिला था, जिसे उसने 19.1 ओवरों में ही हासिल कर लिया. अब भारत का सामना 8 अक्टूबर को पाकिस्तान से होगा.

Advertisement

रनचेज में भारतीय टीम के लिए वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने तूफानी बैटिंग की. आर्यवीर ने 52 बॉल पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें सात चौके और 4 छक्के शामिल रहे. आर्यवीर ने पहले तो नजरें जमाईं. फिर बड़े शॉट्स खेले. देखते ही देखते ही आर्यवीर सहवाग ने 34 बॉल पर फिफ्टी पूरी कर ली. आर्यवीर ने अभय यादव की गेंद पर छक्का लगाकर ये उपलब्धि हासिल की.

आर्यवीर सहवाग का साथ कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने बखूबी दिया. लक्ष्य ने 63 गेंदों पर नाबाद 53 रन बनाए, जिसमें सात चौके शामिल रहे. आर्यवीर और लक्ष्य के सामने नेपाली गेंदबाज बेबस नजर आए.

ईशान ने गेंद से काटा गदर
मुकाबले में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए नेपाल की पूरी टीम 42.3 ओवरों में 128 रनों पर ढेर हो गई. नेपाल के लिए सबसे ज्यादा रन दर्श सोनार ने बनाए. दर्श ने 1 चौके और 1 सिक्स की मदद से 93 बॉल पर 43 रनों का योगदान दिया. वहीं आशीष लुहार ने 45 बॉल पर 29 रनों की पारी खेली, जिसमें चार चौके शामिल रहे. दर्श और आशीष के बीच पांचवें विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी हुई.

Advertisement

इन दोनों के अलावा सलामी बल्लेबाज नीरज कुमार यादव (20 रन) ही दोहरे अंकों तक पहुंच सके. भारतीय टीम के लिए ईशान सूद ने 18 रन देकर तीन विकेट झटके. वहीं स्पिनर अर्जुन राजपूत ने भी तीन सफलताएं हासिल कीं. उधर यशवीर गौड़ को दो विकेट हासिल हुए. जबकि काव्या चौहान और मनाल पटेल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया.
यह भी पढ़ें: सारा को कैंसर हुआ तो हिल गया क्रिकेटर का संसार, 8 महीने तक परिवार ने झेला दर्द!

मुकाबले में भारत की प्लेइंग XI: आर्यवीर सहवाग, अन्वय द्रविड़ (विकेट कीपर), अर्जुन राजपूत, ईशान सूद, काव्य पटेल, लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), मनाल चौहान, मोहित उल्वा, यशवीर गौड़, वीके विनीत और यशबर्धन चौहान.
यह भी पढ़ें: 'अभी उसे और मैच खेलने चाहिए...', वैभव की उपकप्तानी पर सचिन तेंदुलकर ने उठाए सवाल, गांगुली-धोनी पर भी दिया बयान

मुकाबले में नेपाल की प्लेइंग XI: आशीष लुहार (विकेटकीपर), अभय यादव, बिपिन शर्मा (कप्तान), दर्श सोनार, नीरज कुमार यादव, निश्चल छेत्री, नितेश पटेल, प्रसिद्ध जैशी, सचिन भट्ट, सुशील रावल, सूर्यांशु कोइराला.

एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत के ग्रुप में पाकिस्तान, नेपाल और यूएई की टीम्स हैं. वहीं, ग्रुप-बी में बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मलेशिया को रखा गया है. दोनों ग्रुप से 2-2 टॉप टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. सेमीफाइनल 12 नवंबर को खेले जाने हैं, वहीं फाइनल 14 नवंबर को होगा.

Advertisement

भारतीय टीम: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उप-कप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सावसानी, मोहित उल्वा, काव्य पटेल, शाविन विनोद और ईशान सूद.

भारतीय टीम का शेड्यूल
शुक्रवार (06 नवंबर)- बनाम नेपाल, भारत 10 विकेट से जीता
रविवार (08 नवंबर)- बनाम पाकिस्तान, अल अमेरात
मंगलवार (10 नवंबर)- बनाम संयुक्त अरब अमीरात, अल अमेरात

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »