India vs England, 2nd ODI Live Cricket Score: टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार (16 जुलाई) को कार्डिफ में जारी है. इंग्लैंड के कप्तान ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया, जहां भारतीय टीम 44 ओवर्स में 233 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.
इस मुकाबले के अपडेट, लाइव स्कोरकार्ड और मैच से जुड़ी तमाम चीजें हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ऐसे में आप इस पेज को रिफ्रेश करते रहें.
भारतीय पारी की हाइलाइटस
भारत के लिए रोहित शर्मा और शुभमन गिल के बीच पहले विकेट के लिए 44 रनों की साझेदारी हुई. गस एटकिंसन की गेंद पर गिल ने दमदार शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद हवा में चली गई और बेन डकेट ने आसान कैच लपक लिया. छह चौकों की मदद से गिल ने 30 गेंदों में 31 रनों की पारी खेली. शुभमन गिल के बाद रोहित शर्मा भी बल्ले से ज्यादा योगदान नहीं दे सके. रोहित 47 गेंदों में 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे. विल जैक्स की गेंद पर जोस बटलर ने रोहित का कैच पकड़ा.
केएल राहुल की जगह टीम में शामिल किए ईशान किशन कुछ कमाल नहीं कर सके और महज 1 रन बनाकर सैम करन को कैच थमा बैठे. ईशान के आउट होने के बाद भारतीय टीम का स्कोर 111/3 हो गया.
इसके बाद विराट कोहली ने 50 गेंदों पर अपना अर्धशतक चौका लगाकर सैम करन की गेंद पर पूरा किया. इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में विराट कोहली ने 14वीं बार 50+ स्कोर बनाया. उन्होंने विवियन रिचर्ड्स की बराबरी कर ली है और अब सिर्फ कुमार संगकारा (15) उनसे आगे हैं. हालांकि 65 रन के स्कोर पर विराट कोहली जोफ्रा आर्चर की गेंद पर आउट हो गए. कोहली के आउट होने के बाद आए वॉशिंगटन सुंदर (2) साकिब महमूद की गेंद पर आउट हो गए. सुंदर जब आउट हुए तो भारतीय टीम का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 181 हो गया.
इसके बाद जोफ्रा आर्चर ने लगातार दो गेंदों पर पहले अक्षर पटेल (1) और फिर शिवम दुबे (0) को आउट किया. इसके बाद आए गुरनूर बरार 7 रन पर साकिब महमूद का शिकार बने. वहीं एक ओर विकेट पर टिके श्रेयस अय्यर भी 44वें ओवर में धैर्य खो बैठे और 66 रन पर गस एटकिंसन की गेंद पर विकेट के पीछे जोस बटलर को कैच दे बैठे, इसी ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा (0) पर आउट हो गए. बुमराह 20 रनों पर नाबाद लौटे.
इंग्लैंड की ओर से इस मुकाबले में जोफ्रा आर्चर और गस एटकिंसन ने 3-3 विकेट लिए. साकिब महमूद को 2 और विल जैक्स, सैम करन को 1-1 सफलता मिली.
कार्डिफ और ओवररऑल वनडे में हेड टू हेड
कार्डिफ की बात की जाए भारतीय टीम यहां अपने 4 मुकाबलों में से 3 जीत चुकी है. वैसे दोनों ही टीमों के बीच कुल 111 वनडे हुए हैं, जहां भारत ने 62 तो इंग्लैंड ने 44 जीते हैं. 2 मैच टाई और 3 बेनतीजा रहे हैं.
प्लेइंग 11 में हुआ बड़ा बदलाव
केएल राहुल पूरी तरह से फिट नहीं हैं. इसलिए उनकी जगह ईशान किशन को जगह दी गई है. पहले वनडे में भारत ने 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 46वें ओवर में ही मुकाबला अपने नाम कर लिया था. कप्तान शुभमन गिल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 80 रन बनाए थे.
कार्डिफ ODI के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग 11: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा.
कार्डिफ ODI के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग 11: बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेट कीपर), सैम करन, विल जैक्स, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद.
टीम इंडिया का वनडे स्क्वॉड: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, गुरनूर बरार, प्रिंस यादव, शिवम दुबे, प्रसिद्ध कृष्णा.
इंग्लैंड का वनडे स्क्वॉड: बेन डकेट, विल जैक्स, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर, जैकब बेथेल, सैम करन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, साकिब महमूद, टॉम बैंटन, जोश टंग, गस एटकिंसन, जेम्स कोल्स, रेहान अहमद.
भारत vs इंग्लैंड (वनडे सीरीज का शेड्यूल)
• 14 जुलाई: पहला वनडे, बर्मिंघम (भारत 6 विकेट से जीता)
• 16 जुलाई: दूसरा वनडे, कार्डिफ, शाम 5.30 बजे
• 19 जुलाई: तीसरा वनडे, लॉर्ड्स, दोपहर 3.30 बजे
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क