दो अनजान लड़कों ने कर दिया खेल, IPL की सबसे मजबूत टीम पंजाब किंग्स को दे गए सबसे बड़ी चोट

राजस्थान रॉयल्स ने 222 रन का बड़ा लक्ष्य 19.2 ओवर में हासिल कर पंजाब किंग्स की जीत की लय तोड़ दी. वैभव सूर्यवंशी की तेज शुरुआत और अंत में डोनोवन फरेरा व शुभम दुबे की 77 रन की साझेदारी ने मैच पलट दिया. मार्कस स्टोइनिस की 62 रनों की नाबाद पारी बेकार गई, जबकि पंजाब की गेंदबाजी दबाव में टूट गई.

Advertisement
डोनोवन फरेरा और शुभम दुबे  राजस्थान के ख‍िलाफ जीत के हीरो साब‍ित हुए (Photo: X/rajasthanroyals ) डोनोवन फरेरा और शुभम दुबे राजस्थान के ख‍िलाफ जीत के हीरो साब‍ित हुए (Photo: X/rajasthanroyals )

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • न्यू चंंडीगढ़ (मुल्लांपुर),
  • 29 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:32 PM IST

इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (आईपीएल) 2026 में पंजाब किंग्स की अजेय रफ्तार को आखिरकार राजस्थान रॉयल्स ने मंगलवार को रोक दिया. मुल्लांपुर (न्यू चंडीगढ़) में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222/4 का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन राजस्थान ने 19.2 ओवर में 228/4 बनाकर 6 विकेट से जीत दर्ज कर ली. 

इस मुकाबले की कहानी सिर्फ बड़े नामों की नहीं रही, बल्कि दो अपेक्षाकृत अनजान खिलाड़ियों डोनोवन फरेरा और शुभम दुबे ने अंत में आकर मैच छीन लिया. इस तरह पंजाब किंग्स को आईपीएल 2026 में पहली हार मिली. पंजाब की ओर से मार्कस स्टोइनिस ने 22 गेंदों में 62* रन की विस्फोटक पारी खेली. आखिरी 3 ओवर में उन्होंने अकेले दम पर 55 रन जोड़े. 

Advertisement

प्रभसिमरन सिंह ने 59 रन बनाए, जबकि कूपर कोनोली ने 14 गेंदों में 30 रन का योगदान दिया. हालांकि, इतना बड़ा स्कोर भी पंजाब के गेंदबाज डिफेंड नहीं कर पाए.  अर्शदीप सिंह ने डेथ ओवर्स में रन लुटाए, जबकि फर्ग्यूसन और यानसेन भी असरदार नहीं रहे. यही वजह रही कि 222 का स्कोर भी टीम के लिए काफी नहीं हुआ.

पावरप्ले में ही बन गया मैच
राजस्थान रॉयल्स की जीत की नींव पावरप्ले में ही रखी गई. 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने बेखौफ बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंदों पर 43 रन ठोक दिए. उन्होंने अर्शदीप सिंह, लॉकी फर्ग्युसन और मार्को जानसेन जैसे गेंदबाजों को जमकर निशाना बनाया.उनके आउट होने के बाद भी यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल ने रनगति बरकरार रखी. टीम ने पहले 6 ओवर में 84/1 बना लिए, जो मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ.

Advertisement

मिडिल ओवर में पंजाब की वापसी
म‍िड‍िल ओवर्स ओवरों में पंजाब के स्पिनर्स ने मैच में वापसी करवाई. हरप्रीत बरार और युजवेंद्र चहल ने कसी हुई गेंदबाजी की. जुरेल और जायसवाल दोनों को आउट कर राजस्थान रॉयल्स को दबाव में लाया गया. रियान पराग ने 29 रन की तेज पारी खेली, लेकिन वो भी लंबी नहीं चली. यहां तक लग रहा था कि मैच पंजाब की पकड़ में है.

फरेरा-दुबे ने पलटा खेल
आखिरी 5 ओवर में मैच पूरी तरह पलट गया. 30 गेंद में 58 रन की जरूरत थी, लेकिन डोनोवन फरेरा और इम्पैक्ट प्लेयर शुभम दुबे ने आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी. दोनों के बीच 32 गेंदों में 77 रन की अटूट साझेदारी हुई. अर्शदीप सिंह के ओवर में 17 रन आए, जबकि फर्ग्यूसन और यानसेन भी महंगे साबित हुए. फरेरा ने 26 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाकर छक्का लगाकर मैच खत्म किया, जबकि दुबे 12 गेंदों में 31* बनाकर हीरो बन गए.

कौन हैं शुभम दुबे?
31 साल के शुभम दुबे  शुभम दुबे ने आईपीएल में शुरुआत राजस्थान रॉयल्स के साथ की, जब टीम ने उन्हें 2024 सीजन से पहले 5.8 करोड़ रुपये में खरीदा. वो पहली बार चर्चा में आए जब उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2023-24 में शानदार खेल दिखाया. विदर्भ के लिए खेलते हुए उन्होंने 221 रन बनाए, एवरेज 73+ और स्ट्राइक रेट करीब 187 रहा.
यह भी पढ़ें: 'शर्म करो र‍ियान पराग...', ई-स‍िगरेट पीते द‍िखे RR कप्तान पर फूटा फैन्स का गुस्सा, फैन्स ने लताड़ा

IPL 2024 में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले. उन्होंने सिर्फ 4 मैच खेले और 3 पारियों में 33 रन बनाए.  इसके बाद उन्होंने फिर घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 2024-25 में उन्होंने 134 रन बनाए, औसत 67 और स्ट्राइक रेट 181 रहा. व‍िदर्भ के ल‍िए खेलने वाले शुभम दुबे को राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें IPL 2025 के लिए सिर्फ 80 लाख रुपये में दोबारा खरीदा. IPL 2025 में उन्होंने 6 मैच खेले और 106 रन बनाए, स्ट्राइक रेट 160+ रहा. उनके प्रदर्शन को देखते हुए टीम ने उन्हें IPL 2026 के लिए भी 80 लाख रुपये में रिटेन कर लिया था. शुभम ने अब तक आईपीएल के कुल 15 मैचों की 13 पार‍ियों में 189 रन 31.50  के एवरेज से बनाए हैं. पंजाब के ख‍िलाफ मंगलवार को हुए मुकाबले में वो इम्पैक्ट प्लेयर बनकर खेलने उतरे थे. 

Advertisement

कौन हैं डोनोवन फरेरा 
27 साल के डोनोवन फरेरा ने छक्का लगाकर पंजाब के ख‍िलाफ मैच फ‍िन‍िश किया, वो साउथ अफ्रीका के लिए वनडे और टी20 मैच खेल चुके हैं. 3 वनडे में उनके नाम 10 रन और 2 विकेट हैं. वहीं 16 टी20 इंटरनेशनल में वो 240 रन बना चुके हैं और उनके नाम 2 विकेट हैं. आईपीएल के कुल 11 मैचों में वो 191 रन बना चुके हैं.
यह भी पढ़ें: पहले अनन्या-सारा, अब धुआं-धुआं... रियान व‍िवादों में क्यों घ‍िर जाते हैं?

वहीं उनके नाम 1 विकेट भी हैं. ऑलराउंडर फरेरा को राजस्थान रॉयलस ने IPL 2023 ऑक्शन में 50 लाख रुपये में खरीदा था.लेकिन उन्हें खेलने का मौका 2024 में मिला, जहां उन्होंने सिर्फ 2 मैच खेले. आईपीएल  2025 में वो द‍िल्ली कैप‍िटल्स में चले गए, जिसने उन्हें 75 लाख रुपये में खरीदा. हालांकि, 2025 में उन्हें सिर्फ 1 मैच खेलने का मौका मिला.इसके बाद IPL 2026 से पहले उन्हें फिर से राजस्थान रॉयल्स ने 1 करोड़ रुपये में ट्रेड करके वापस ले लिया.

राजस्थान रॉयल्स अब जयपुर में 1 मई को दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी, जबकि पंजाब किंग्स 3 मई को अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ उतरेगी.

 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement