आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स का सफर भले ही क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स से हार के साथ खत्म हो गया, लेकिन टीम के भीतर का माहौल और खिलाड़ियों के बीच तालमेल पूरे सीजन चर्चा का विषय रहा. अब विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने खुलासा किया है कि टीम की सफलता के पीछे युवा खिलाड़ियों को खुलकर खेलने की आजादी और सकारात्मक सोच सबसे बड़ी वजह रही.
जुरेल ने खास तौर पर युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी का जिक्र करते हुए बताया कि कई मौकों पर उनकी प्राथमिकता खुद बड़े शॉट खेलने की नहीं, बल्कि वैभव और यशस्वी जायसवाल जैसे आक्रामक बल्लेबाजों को ज्यादा से ज्यादा स्ट्राइक देने की होती थी. उनका मानना था कि जब ऐसे बल्लेबाज लय में हों तो साझेदारी को आगे बढ़ाना और स्कोरबोर्ड को लगातार चलाते रहना टीम के लिए ज्यादा फायदेमंद होता है.
'जियोस्टार' से बातचीत में जुरेल ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स ने पूरे सीजन एक ही सोच के साथ क्रिकेट खेला, पॉजिटिव क्रिकेट. उन्होंने बताया कि टीम प्रबंधन और खिलाड़ी हमेशा एक-दूसरे को अपनी स्वाभाविक शैली में खेलने के लिए प्रोत्साहित करते रहे.
25 वर्षीय जुरेल ने विकेटकीपर के रूप में अपनी भूमिका पर भी विस्तार से बात की. उन्होंने कहा कि वह गेंदबाजों को यह नहीं बताते कि उन्हें कौन सी गेंद डालनी है. इसके बजाय वह उनका आत्मविश्वास बढ़ाने की कोशिश करते हैं, खासकर युवा और डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों का.
यह भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव और शुभमन गिल OUT, वैभव सूर्यवंशी IN? एशियन गेम्स के लिए BCCI का बड़ा ऐलान
जुरेल ने कहा- मैं गेंदबाजों से सिर्फ इतना कहता हूं कि अपना समय लो, तुम यहां किसी वजह से हो. खुद पर भरोसा रखो. जो गेंद डालने का फैसला किया है, उसी पर टिके रहो. ज्यादा मत सोचो. हमें अच्छा और सकारात्मक क्रिकेट खेलना है."
उन्होंने बताया कि ड्रेसिंग रूम में सकारात्मक बातचीत का असर मैदान पर भी दिखाई देता है. बल्लेबाजी के लिए उतरने से पहले साथियों के कुछ शब्द भी खिलाड़ी का आत्मविश्वास बढ़ा सकते हैं और यही माहौल राजस्थान रॉयल्स की पहचान रहा.
यह भी पढ़ें: रिकॉर्ड तोड़े, दुनिया हिला दी... वैभव सूर्यवंशी की हेड कोच संगकारा ने की दिल खोलकर तारीफ, अब टीम इंडिया दूर नहीं!
मध्यक्रम में अपनी शांत बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले जुरेल ने कहा कि वह हमेशा मैच की परिस्थिति के हिसाब से खेलते हैं. उनका लक्ष्य शुरुआत से मैच पर हावी होना नहीं, बल्कि टीम की जरूरत के अनुसार भूमिका निभाना रहता है.
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी का IPL 2026 में सफर खत्म, अब कहां खेलते दिखेंगे 'बेबी बॉस'? नोट कर लें तारीख
जुरेल ने अपनी बल्लेबाजी के प्रति जुनून का भी जिक्र किया. उन्होंने हंसते हुए बताया कि बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौर नेट्स में सभी खिलाड़ियों को बराबर मौका देने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह अतिरिक्त अभ्यास का रास्ता निकाल ही लेते हैं.
उन्होंने कहा- मुझे बल्लेबाजी करना बहुत पसंद है. मैं अक्सर तय समय से पहले पहुंच जाता हूं और नेट्स में अभ्यास शुरू कर देता हूं. जब मेरा स्लॉट खत्म हो जाता है, तब भी किसी न किसी तरह वापस बल्लेबाजी करने पहुंच जाता हूं क्योंकि मैच से पहले मैं खुद को पूरी तरह तैयार महसूस करना चाहता हूं.
राजस्थान रॉयल्स ने लीग चरण में चौथे स्थान पर रहते हुए प्लेऑफ में जगह बनाई थी, लेकिन मुल्लांपुर में खेले गए क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ हार के साथ उसका खिताबी सपना टूट गया. हालांकि पूरे सीजन में वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने टीम को नई पहचान दी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क