पूर्व भारतीय क्रिकेटर और छह बार IPL खिताब जीतने वाले अंबति रायडू ने राजस्थान रॉयल्स के स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल को लेकर बड़ा बयान दिया है. रायडू का मानना है कि यशस्वी को अब राजस्थान रॉयल्स छोड़कर किसी दूसरी फ्रेंचाइजी में जाने पर विचार करना चाहिए, क्योंकि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी लगातार उनसे ज्यादा सुर्खियां बटोर रहे हैं.
IPL 2026 एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 27 गेंदों में 97 रन ठोक दिए थे. इस तूफानी पारी में उन्होंने 12 छक्के लगाए और अकेले दम पर मैच का रुख बदल दिया. इसी प्रदर्शन के बाद रायडू ने क्रिकइंफो पर बातचीत करते हुए कहा कि यशस्वी जैसे खिलाड़ी को अपनी अलग पहचान बनाने के लिए नई टीम की जरूरत है.
रायडू ने कहा- यशस्वी को टीम बदलनी चाहिए. वह हर बार वैभव सूर्यवंशी के साथ बल्लेबाजी करते हुए दब जाते हैं. वह खुद बड़े स्टार हैं और अकेले मैच जिताने की क्षमता रखते हैं. उन्हें ऐसी टीम चाहिए जहां उन्हें पूरा स्पेस और जिम्मेदारी मिले.
उन्होंने आगे कहा कि वैभव सूर्यवंशी आने वाले समय में लगातार खिलाड़ियों को ओवरशैडो करते रहेंगे. ऐसे में उनके साथ खेलने वाले सीनियर बल्लेबाज को मानसिक रूप से मजबूत होना पड़ेगा. रायडू के मुताबिक बल्लेबाजी पार्टनर के साथ मुकाबला नहीं किया जा सकता और यही चीज यशस्वी के लिए मुश्किल बन रही है.
यह भी पढ़ें: SRH की हार के बाद भी काव्या मारन ने जीता दिल, वैभव सूर्यवंशी को यूं दी शाबाशी, VIDEO
इस चर्चा के दौरान मुंबई इंडियंस (MI) का नाम भी सामने आया. रायडू ने MI को यशस्वी जायसवाल के लिए शानदार विकल्प बताया. उन्होंने कहा कि यशस्वी मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं और मुंबई इंडियंस जैसी टीम उनके खेल को नई दिशा दे सकती है.
एलिमिनेटर मुकाबले में भी यशस्वी जायसवाल पूरी तरह वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने फीके नजर आए. पावरप्ले में यशस्वी ने 16 गेंदों में सिर्फ 19 रन बनाए, जबकि दूसरे छोर पर वैभव ने 20 गेंदों में 60 रन कूट दिए थे. यशस्वी लगातार सिंगल लेकर वैभव को स्ट्राइक देने की कोशिश करते दिखे.
यह भी पढ़ें: सचिन की तारीफ पर गदगद हुए वैभव सूर्यवंशी, बोले- वो क्रिकेट के भगवान हैं
वैभव के आउट होने के बाद यशस्वी पर बड़ी पारी खेलने की जिम्मेदारी थी, लेकिन वह लय नहीं पकड़ सके. शिवांग कुमार और नितीश कुमार रेड्डी के खिलाफ उन्होंने कई डॉट गेंदें खेलीं और आखिरकार बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में आउट हो गए. यशस्वी ने 29 गेंदों में 29 रन बनाए.
कैसा रहा है आईपीएल 2026 में यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन
IPL 2026 में यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन भी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा है. उन्होंने 15 पारियों में 426 रन बनाए हैं. उनका औसत 32.76 और स्ट्राइक रेट 153.23 का रहा. इस सीजन में उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर मुंबई इंडियंस के खिलाफ बारिश से प्रभावित 11-11 ओवर के मुकाबले में आया, जहां उन्होंने 32 गेंदों में नाबाद 77 रन बनाए थे.
यह भी पढ़ें: RR vs SRH: 'वैभव सूर्यवंशी की तारीफ में एक शब्द नहीं बोला...', भारतीय धुरंधर ने पैट कमिंस की लगाई क्लास
राजस्थान रॉयल्स ने मेगा ऑक्शन से पहले यशस्वी को 18 करोड़ रुपये में रिटेन किया था, जो कप्तान रियान पराग से भी 4 करोड़ ज्यादा थे. हालांकि अब टीम की भविष्य की रिटेंशन रणनीति को लेकर सवाल उठ रहे हैं. अगर IPL 2028 मेगा ऑक्शन से पहले RR पांच खिलाड़ियों को रिटेन करती है तो रियान पराग, ध्रुव जुरेल, वैभव सूर्यवंशी, जोफ्रा आर्चर और डोनोवन फरेरा प्राथमिकता बन सकते हैं. ऐसे में यशस्वी का नाम रिटेंशन लिस्ट से बाहर भी हो सकता है.
यदि ऐसा होता है तो मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमें यशस्वी जायसवाल पर बड़ा दांव लगा सकती हैं.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क