Ajinkya Rahane Luxury Villa: भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे का आलीशान हॉलिडे होम इन दिनों चर्चा में है. रहाणे का ये खूबसूरत विला महाराष्ट्र के इगतपुरी में स्थित है. सह्याद्रि की पहाड़ियों और वैतरणा झील के शानदार नजारों के बीच बना यह विला लग्जरी और नेचर की खूबसूरती का बेहतरीन मेल है.
5 बेडरूम और इनफिनिटी पूल से सजा है विला
अजिंक्य रहाणे के इस विला का नाम 'राया एस्टेट' (Raaya Estate) है. इसमें 5 बड़े बेडरूम हैं. विला में शानदार इनफिनिटी पूल, खूबसूरत गार्डन और बालकनी जैसी सुविधाएं मौजूद हैं. यहां से वैतरणा झील और सह्याद्रि माउंटेन का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. बच्चों के खेलने के लिए भी खास जगह बनाई गई है.
बचपन की यादों से प्रेरित है घर का डिजाइन
कोविड-19 के बाद तैयार किए गए इस विला को बनाते समय रहाणे ने खुली जगहों और नेचर पर खास ध्यान दिया है. इसके डिजाइन के पीछे उनके बचपन की यादें भी जुड़ी हैं.
वह चाहते थे कि उनके बच्चे भी खुले वातावरण में खेल सकें और नेचर के करीब समय बिता सकें. घर के इंटीरियर में नैचुरल और हल्के रंगों का इस्तेमाल किया गया है.
क्रिकेट की यादों के लिए खास कमरा
इस विला की सबसे खास जगहों में से एक क्रिकेट को डेडिकेट करने वाला कमरा है. इसमें रहाणे के क्रिकेट करियर से जुड़ी यादें रखी गई हैं. यहां उनके बल्ले, गेंद, कैप, टीम की जर्सी और साथी खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें देखने को मिलती हैं.
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में मिली मंजूरी, अब BCCI से आस... अनाया बांगड़ का सपना होगा पूरा?
रहाणे के लिए यह कमरा बेहद खास है. अपने क्रिकेट करियर की यादों को दोबारा देखना उनके लिए भावुक कर देने वाला अनुभव है. उन्होंने बताया कि इस कमरे में प्रवेश करते ही आज भी उन्हें रोंगटे खड़े होने जैसा एहसास होता है.
कुल मिलाकर, अजिंक्य रहाणे का यह विला सिर्फ एक लग्जरी हॉलिडे होम नहीं, बल्कि परिवार के साथ सुकून के पल बिताने और क्रिकेट करियर की अनमोल यादों की खास जगह भी है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क