मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए देश के कई राज्यों में भारी और बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक बिहार, अरुणाचल प्रदेश और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में कुछ जगहों पर बहुत तेज बारिश हो सकती है. वहीं दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, हिमाचल प्रदेश और कई दूसरे राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
IMD के मुताबिक मॉनसून फिलहाल कई हिस्सों में सक्रिय बना हुआ है. इसी वजह से अगले 24 घंटे के दौरान तेज बारिश देखने को मिल सकती है. विभाग ने लोगों को मौसम का ताजा अपडेट देखते रहने और जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है. जिन इलाकों में ज्यादा बारिश होगी, वहां जलभराव, ट्रैफिक और निचले क्षेत्रों में पानी भरने जैसी दिक्कतें हो सकती हैं.
यह भी पढ़ें: 150 साल का रिकॉर्ड तोड़ेगा अल-नीनो, पड़ेगी भयानक गर्मी, छूटेगा पसीना
मौसम विभाग के अनुसार बिहार, अरुणाचल प्रदेश और सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है.
यह भी पढ़ें: देश में बारिश का उल्टा खेल! कहीं झमाझम तो कहीं सूखा, नए आंकड़ों ने चौंकाया
IMD के अनुसार 24 घंटे में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश को भारी बारिश माना जाता है. वहीं 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बारिश होने पर उसे बहुत भारी बारिश की श्रेणी में रखा जाता है. इतनी बारिश कम समय में होने से कई इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है.
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग की सलाह का पालन करें. अगर आपके इलाके में लगातार बारिश हो रही है, तो बिना जरूरी काम के बाहर निकलने से बचें और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें.
आशुतोष मिश्रा