देश में जुलाई में बारिश अच्छी हुई, लेकिन जून में हुई कमी अब तक पूरी नहीं हो पाई है. 1 जून से 2 अगस्त 2026 तक देश में 410.1 मिमी बारिश हुई, जबकि इस दौरान सामान्य तौर पर 463.6 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. यानी अब तक देश में 12 फीसदी कम बारिश हुई है.
मौसम विभाग के ताजा आंकड़े बताते हैं कि इस बार हर जगह एक जैसी बारिश नहीं हुई. मध्य भारत में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई, जबकि सबसे ज्यादा कमी पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में दर्ज की गई. आने वाले हफ्तों में बारिश का असर खेती, जलाशयों और पानी की उपलब्धता पर दिख सकता है.
यह भी पढ़ें: मॉनसून खत्म होने से पहले एक बार और लगा रहा जोर, जानिए कहां होगी बारिश
जून में मॉनसून की शुरुआत धीमी रही. पूरे महीने देश में 106.8 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 165.3 मिमी होती है. यानी जून में 35.4% कम बारिश हुई. देश के सभी बड़े मौसम क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई. सबसे ज्यादा कमी मध्य भारत में रही, जहां 50.3 फीसदी कम बारिश हुई. इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत में 31.6%, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में 30.1% और दक्षिण भारत में 19.9% कम बारिश हुई.
जुलाई में बारिश की रफ्तार बढ़ी. पूरे महीने देश में 283.3 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 280.5 मिमी होती है. यानी जुलाई में करीब 1 फीसदी ज्यादा बारिश हुई. लेकिन जून में जो कमी रह गई थी, वह जुलाई की अच्छी बारिश से भी पूरी नहीं हो सकी. यही वजह है कि 2 अगस्त तक देश में कुल बारिश अब भी सामान्य से 12 फीसदी कम है.
जुलाई में सबसे ज्यादा बारिश मध्य भारत में
जुलाई में सबसे ज्यादा बारिश मध्य भारत में हुई. यहां 426.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 33 फीसदी ज्यादा है. लेकिन बाकी इलाकों की तस्वीर अलग रही. पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में जुलाई में भी सामान्य से 29 फीसदी कम बारिश हुई. दक्षिण भारत में 25 फीसदी और उत्तर-पश्चिम भारत में 4 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई.
यह भी पढ़ें: गर्मी का नया 'रिकॉर्ड', साउथ कोरिया में 42.5°C पहुंचा पारा, इमरजेंसी अलर्ट जारी
अगस्त की शुरुआत अच्छी रही
अगस्त के पहले दो दिनों में देश में 19.4 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 17.8 मिमी होती है. यानी इस दौरान 9 फीसदी ज्यादा बारिश हुई. इन दो दिनों में मध्य भारत में 33% और दक्षिण भारत में 71% ज्यादा बारिश दर्ज की गई.
हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत में 46% और पूर्व व पूर्वोत्तर भारत में 20% कम बारिश हुई. यानी अभी भी देश के सभी हिस्सों में मॉनसून एक जैसा असर नहीं दिखा रहा है.
अब तक किस इलाके में कितनी बारिश?
1 जून से 2 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार, मध्य भारत ही ऐसा इलाका है जहां सामान्य से ज्यादा बारिश हुई है. यहां 542.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 5.7 फीसदी ज्यादा है.
वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में अब तक 13.3 फीसदी कम बारिश हुई है. दक्षिण भारत में 19.9 फीसदी की कमी दर्ज की गई है. सबसे ज्यादा कमी पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में रही, जहां सामान्य से 29.3 फीसदी कम बारिश हुई है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले कुछ हफ्ते काफी अहम होंगे. अगर आगे अच्छी बारिश होती है तो खेती, जलाशयों में पानी और पीने के पानी की स्थिति बेहतर हो सकती है. वहीं जिन इलाकों में अब भी बारिश कम हुई है, वहां आगे के मौसम पर नजर रखी जाएगी.
आशुतोष मिश्रा