कनाडा के जंगलों में लगी भीषण आग का धुआं अब हजारों किलोमीटर दूर अमेरिका के कई बड़े शहरों तक पहुंच गया है. सबसे ज्यादा असर न्यूयॉर्क सिटी और अमेरिका के उत्तर-पूर्व व मिडवेस्ट के कई राज्यों में देखा जा रहा है. बुधवार से हवा लगातार खराब बनी हुई है और गुरुवार तक कई इलाकों में हेल्थ अलर्ट जारी रहा. Photo: Reuters
कनाडा में इस समय 838 से ज्यादा जंगलों में आग लगी है. तेज हवाएं इस धुएं को अमेरिका तक ले आईं, जिससे करोड़ों लोगों को खराब हवा में सांस लेनी पड़ रही है. अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और जरूरत पड़ने पर मास्क पहनें. Photo:AP
न्यूयॉर्क का आसमान धुएं की मोटी परत से ढका नजर आया. कई जगह ऊंची इमारतें भी साफ दिखाई नहीं दे रही थीं. AirNow के मुताबिक, न्यूयॉर्क सिटी और राज्य के कई इलाकों में एयर क्वालिटी अनहेल्दी स्तर तक पहुंच गई. हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि हालात जून 2023 जितने खराब नहीं हैं, लेकिन यह धुआं बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दिल या फेफड़ों की बीमारी वाले लोगों के लिए ज्यादा नुकसानदायक हो सकता है. Photo: Reuters
कनाडा में सबसे बड़ी आग पश्चिम-मध्य ओंटारियो के घने जंगलों में लगी हुई है. इन जंगलों से बड़ी मात्रा में धुआं निकल रहा है. ऊंचाई पर चलने वाली हवाएं इस धुएं को अमेरिका की ओर ले गईं. इसी वजह से मिनिसोटा, मिशिगन, विस्कॉन्सिन, न्यूयॉर्क और न्यू इंग्लैंड के कई इलाकों में हवा खराब हो गई. Photo: Reuters
उत्तरी मिनेसोटा में भी एक दर्जन से ज्यादा जंगलों में आग लगी हुई है, जिससे हालात और बिगड़ गए हैं. इस धुएं का असर सिर्फ आसमान के रंग पर नहीं पड़ा है. हवा में मौजूद PM2.5 जैसे बेहद छोटे कण सांस के साथ शरीर के अंदर चले जाते हैं. इससे आंखों में जलन, गले में खराश, खांसी और सांस लेने में दिक्कत हो सकती है. Photo: Reuters
जिन लोगों को पहले से अस्थमा, फेफड़ों या दिल की बीमारी है, उनके लिए खतरा और बढ़ जाता है. न्यूयॉर्क के अलावा विस्कॉन्सिन, मिशिगन, मिनेसोटा और कई दूसरे राज्यों में एयर क्वालिटी अलर्ट जारी किया गया है. न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने लोगों से कहा है कि अगर बहुत जरूरी न हो तो बाहर जाने से बचें. Photo: AFP
शहर में लोगों के लिए मुफ्त मास्क भी बांटे जा रहे हैं. अधिकारियों ने घर के अंदर रहने, खिड़कियां बंद रखने और अगर संभव हो तो एयर कंडीशनर या एयर फिल्टर इस्तेमाल करने की सलाह दी है. धुएं के साथ अमेरिका के कई हिस्सों में भी तेज गर्मी पड़ रही है. Photo: AP
न्यूयॉर्क, वॉशिंगटन डीसी और फिलाडेल्फिया जैसे शहरों में तापमान 100 डिग्री फारेनहाइट (करीब 38 डिग्री सेल्सियस) तक पहुंच गया. नमी ज्यादा होने की वजह से लोगों को गर्मी 104 से 107 डिग्री फारेनहाइट तक महसूस हो सकती है. यानी लोगों को एक साथ खराब हवा और भीषण गर्मी, दोनों का सामना करना पड़ रहा है. Photo: AP
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को अमेरिका के मिडवेस्ट और शनिवार को उत्तर-पूर्व के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. इससे हवा में फैला धुआं कुछ कम होने की उम्मीद है. लेकिन जब तक कनाडा के जंगलों की आग पूरी तरह नहीं बुझती, तब तक धुएं का असर बना रह सकता है. Photo: Reuters
यह घटना बताती है कि जंगलों की आग सिर्फ उसी जगह तक सीमित नहीं रहती, जहां आग लगी हो. अगर हवाएं साथ दें तो धुआं हजारों किलोमीटर दूर तक पहुंच सकता है और करोड़ों लोगों की सेहत पर असर डाल सकता है. इसलिए जिन इलाकों में हवा खराब है, वहां लोगों को सरकारी सलाह माननी चाहिए और जरूरत होने पर ही बाहर निकलना चाहिए. Photo: Reuters