राजस्थान के अलवर शहर में रविवार को दिनदहाड़े एक मोबाइल शोरूम संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
पहले भी हुआ था युवकों का विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना अखेपुरा थाना क्षेत्र के ज्योतिराव फुले सर्किल स्थित प्लेटिनम टावर में हुई. यहां क्लाउड मोबाइल शॉप के संचालक प्रथम मुखिजा पर तीन युवकों ने हमला कर दिया. घायल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए. फिलहाल उसका इलाज जारी है.
घायल के पिता राजेश मुखिजा ने बताया कि करीब पांच दिन पहले खुदनपुरी जोहड़ के पास कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था. उसी मामले को लेकर आरोपी मन्नू मीणा, धीरज और हर्षित रविवार को शोरूम पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने पुराने विवाद में समझौते के बदले 15 लाख रुपये की मांग की. जब प्रथम ने पैसे देने से इनकार किया तो मन्नू मीणा ने उसके पेट में नाभि के पास चाकू से वार कर दिया. वारदात के बाद आरोपी मौके पर ही चाकू छोड़कर फरार हो गए.
सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अखेपुरा और अरावली विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है. फुटेज में एक युवक प्रथम पर चाकू से हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से चाकूबाजी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत मौके और अस्पताल पहुंची. उन्होंने बताया कि घायल की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है.
हिमांशु शर्मा