गांजा ढोने से किया इनकार, हिस्ट्रीशीटर ने ड्राइवर को कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा

ओडिशा के गंजाम जिले में गांजा की अवैध ढुलाई से इनकार करना एक ड्राइवर को भारी पड़ गया. आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर ने उसे कमरे में बंधक बनाकर फाइबर रॉड से बेरहमी से पीटा. घटना करीब एक महीने पुरानी है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद मामला सामने आया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement
आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Representational) आरोपी गिरफ्तार.(Photo: Representational)

aajtak.in

  • गंजाम,
  • 12 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:18 PM IST

ओडिशा के गंजाम जिले से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक ड्राइवर को कथित तौर पर गांजा की अवैध ढुलाई करने से इनकार करना भारी पड़ गया. आरोप है कि एक हिस्ट्रीशीटर ने उसे कमरे में बंधक बना लिया और फाइबर रॉड से बेरहमी से पीटा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

दरअसल, यह घटना करीब एक महीने पहले की बताई जा रही है, लेकिन इसका खुलासा तब हुआ जब शनिवार को मारपीट का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया. वीडियो वायरल होते ही लोगों में भारी नाराजगी फैल गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.

यह भी पढ़ें: तैराकी सीखते-सीखते मौत के मुंह में समाए दो छात्र, ओडिशा के गंजाम में दर्दनाक हादसा

पुलिस ने आरोपी की पहचान बरहामपुर के प्रताप कृष्ण चंद्रपुर निवासी आर. सिबाराम उर्फ आर. अरूप के रूप में की है. आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस ने बरहामपुर सदर थाने में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया.

गांजा ढोने से इनकार पर बनाया बंधक

पीड़ित प्रशांत दास ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी ने उस पर गांजा की अवैध ढुलाई के लिए वाहन चलाने का दबाव बनाया था. जब उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उसे एक कमरे में बंद कर दिया और फाइबर रॉड से बेरहमी से पीटा.

Advertisement

प्रशांत दास अनुसूचित जाति समुदाय से हैं. उनका कहना है कि घटना के बाद वह काफी डरे हुए थे और अपनी जान के खतरे की वजह से तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके. वीडियो सामने आने के बाद उन्होंने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई.

प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी और पीड़ित पहले से एक-दूसरे को जानते थे. इसी पहचान का फायदा उठाकर आरोपी ने कथित तौर पर पीड़ित पर अवैध काम करने का दबाव बनाया था.

वीडियो जब्त, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

बरहामपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक जेना ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस ने घटना का वीडियो मौजूद पेन ड्राइव भी जब्त कर लिया है. अधिकारियों के मुताबिक वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है. आरोपी के खिलाफ पहले से कम से कम तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं.

एएसपी ने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »