How to Make Udad Dal Pakora: सावन और मानसून के इस खूबसूरत मौसम में जब बाहर रिमझिम बारिश हो रही हो, तो हर किसी का मन कुछ गरमा-गरम और चटपटा खाने का करने लगता है. ऐसे सुहावने मौसम में रोज-रोज के वही बेसन के पकौड़े या चाय-नमकीन खाने के बजाय, अगर रसोई से कड़कड़ती कड़ाही और छनते हुए उड़द दाल के पकौड़ों की खुशबू आए, तो बारिश का मजा दोगुना हो जाता है.
अक्सर लोग शिकायत करते हैं कि उड़द दाल के पकौड़े या तो अंदर से कड़े रह जाते हैं या फिर बाहर की परत बहुत ज्यादा तेल सोख लेती है. लेकिन आज हम आपको एक ऐसी आसान रेसिपी और खास ट्रिक बताएंगे जिससे आपके पकौड़े बाहर से एकदम कुरकुरे, अंदर से पूरी तरह सॉफ्ट व जालीदार और स्वाद में लाजवाब बनेंगे, जिन्हें खाकर घरवाले उंगलियां चाटने पर मजबूर हो जाएंगे.
आवश्यक सामग्री:
धुली उड़द दाल: 1 कप (3-4 घंटे भीगी हुई)
चावल का आटा: 2 बड़े चम्मच
हरी मिर्च: 2-3 (बारीक कटी हुई)
अदरक: 1 इंच टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ)
साबुत धनिया: 1 छोटा चम्मच (हल्का कुटा हुआ)
काली मिर्च पाउडर या कुटी काली मिर्च: 1/2 छोटा चम्मच
हींग: एक चुटकी
अजवाइन: 1/2 छोटा चम्मच
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
नमक: स्वादानुसार
तेल: तलने के लिए
बनाने की विधि
दाल को पीसें: भीगी हुई उड़द दाल का पूरा पानी निकाल दें. अब इसे मिक्सी जार में डालें और बिना पानी या जरूरत पड़ने पर सिर्फ 1 चम्मच पानी डालकर हल्का दरदरा पीस लें.
बैटर को फेंटें (सीक्रेट तरीका): पिसी हुई दाल को एक बड़े बाउल में निकालें. अब इसे अपने हाथों की मदद से एक ही दिशा में तब तक फेंटें जब तक कि दाल का रंग थोड़ा हल्का (सफेद) न दिखने लगे और वह फूल न जाए. (पानी में एक बूंद बैटर डालकर चेक करें, अगर वह तैरने लगे तो बैटर परफेक्ट है).
मसाले मिलाएं: अब इस फेंटे हुए बैटर में चावल का आटा, कुटा साबुत धनिया, काली मिर्च, हींग, अजवाइन, कद्दूकस किया हुआ अदरक, कटी हरी मिर्च, हरा धनिया और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें.
पकौड़े तलें: कड़ाही में तेल अच्छी तरह गर्म करें. अपने हाथों को पानी से थोड़ा गीला करें और बैटर से छोटे-छोटे पकौड़े तोड़कर गर्म तेल में डालते जाएं.
गोल्डन होने तक सेकें: गैस की आंच को मध्यम रखें. पकौड़ों को कलछी से उलट-पुलट करते हुए चारों तरफ से अच्छा सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तल लें.
सर्व करें: तैयार करारे पकौड़ों को बाहर निकालें. ऊपर से थोड़ा सा चाट मसाला छिड़कें और गरमा-गरम अदरक वाली चाय और तीखी पुदीने की चटनी के साथ सर्व करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क