How to Make Imli sharbat: राजस्थान की पारंपरिक रसोई से निकला इमली का अमलाना गर्मियों के लिए एक वरदान की तरह है. यह खट्टा-मीठा और चटपटा गाढ़ा ड्रिंक न केवल जीभ का स्वाद बदलता है बल्कि तपती गर्मी और लू से बचाने में भी बेहद कारगर है. इमली में मौजूद एंटीऑक्सिडेंट्स और विटामिन सी शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाते हैं जबकि इसमें मिलने वाले पुदीना, भुना जीरा और काला नमक पेट को तुरंत ठंडक पहुंचाते हैं और डाइजेशन को दुरुस्त रखते हैं. अगर आप इस चिलचिलाती गर्मी में खुद को हाइड्रेटेड और रिफ्रेश रखना चाहते हैं तो यह राजस्थानी कोल्ड ड्रिंक सबसे बेहतरीन और हेल्दी विकल्प है.
सामग्री
इमली (बिना बीज वाली): ½ कप
गुड़ या चीनी: ½ कप (पारंपरिक स्वाद के लिए गुड़ का इस्तेमाल करें)
पानी: 3 से 4 कप
पुदीने के पत्ते: 15-20 (बारीक पिसे या कुचले हुए)
भुना जीरा पाउडर: 1 छोटा चम्मच
काला नमक: 1 छोटा चम्मच
काली मिर्च पाउडर: ½ छोटा चम्मच
इलायची पाउडर: ¼ छोटा चम्मच
बर्फ के टुकड़े: आवश्यकतानुसार
बनाने का तरीका
इमली को भिगोएं: सबसे पहले बिना बीज वाली इमली को 1 कप गुनगुने पानी में लगभग 30-40 मिनट के लिए भिगोकर रख दें ताकि वह अच्छी तरह मुलायम हो जाए.
पल्प निकालें: इमली के सॉफ्ट होने पर उसे हाथों से अच्छी तरह मैश कर लें. अब इस मिश्रण को एक छननी की मदद से छान लें ताकि इमली का स्मूद पल्प (गुदा) अलग हो जाए और रेशे निकल जाएं.
गुड़ का सिरप बनाएं: एक अलग बर्तन में आधा कप पानी और गुड़ (या चीनी) डालकर मध्यम आंच पर तब तक गर्म करें जब तक गुड़ पूरी तरह पिघल न जाए. इसे ज्यादा पकाना या चाशनी नहीं बनाना है. गुड़ पिघलने के बाद इसे छानकर ठंडा कर लें.
सब कुछ मिक्स करें: अब एक बड़े जग या बर्तन में इमली का पल्प, गुड़ का पानी और बाकी बचा हुआ 2-3 कप ठंडा पानी डालें.
मसाले मिलाएं: इस मिश्रण में भुना जीरा पाउडर, काला नमक, काली मिर्च पाउडर, इलायची पाउडर और कुचले हुए ताजे पुदीने के पत्ते डालकर अच्छी तरह चम्मच से मिला लें.
चिल्ड सर्व करें: तैयार अमलाना को थोड़ी देर के लिए फ्रिज में रख दें. सर्व करते समय ग्लास में आइस क्यूब्स डालें, ऊपर से ठंडा-ठंडा अमलाना डालें और पुदीने की पत्ती से गार्निश करके परोसें.
aajtak.in