बॉलीवुड के देसी गर्ल बेशक विदेशी धरती पर अपना घर बसा चुकी हों, लेकिन वो अपनी संस्कृति को नहीं भूली हैं. विदेश में रहकर भी अपनी जड़ों और भारतीय परंपराओं से जुड़े रहना कोई प्रियंका चोपड़ा से सीखे. प्रियंका होली से लेकर दिवाली तक बहुत ही धूमधाम से मनाती हैं. हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने लॉस एंजिल्स वाले घर में महानवमी और दशहरा के मौके पर खास पूजा-पाठ किया.
प्रियंका ने अपने घर पर पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ पूरे विधि-विधान से नवमी और दशहरा मनाया. एक्ट्रेस कभी बेटी के पैर धोती दिखी, तो कभी हवन कुंड के सामने बैठकर पूजा करते प्रियंका और निक ने सबका ध्यान खींचा. लेकिन इन तस्वीरों में सिर्फ परिवार की आस्था ही नहीं, बल्कि उनके घर के भव्य संगमरमर के मंदिर और कपल के देसी लुक की झलक भी देखने को मिली.
प्रियंका चोपड़ा के घर में बना मंदिर अपनी सादगी और भव्यता के लिए ध्यान खींचता है. मंदिर में सफेद संगमरमर से बनी भगवान शिव की विशाल मूर्ति रखी है. शिवजी की शांत मुद्रा वाली इस मूर्ति के पीछे गुलाबी बोगनविलिया के फूलों से सजावट की गई है, जो पूरे मंदिर को बेहद खूबसूरत लुक दे रही है.
मंदिर में रखी शिवजी की मूर्ति के आसपास गोल्डन स्टैंड पर मोमबत्तियां रखी हैं. इसके साथ ही मंदिर में छोटी सी गणपति की मूर्ति और पूजा की दूसरी चीजें भी रखी दिखाई दे रही हैं. सफेद संगमरमर का मंदिर, गुलाबी फूलों की सजावट और जलती मोमबत्तियां पूजा की जगह को बेहद खूबसूरत बना रही हैं. अमेरिका में रहते हुए भी प्रियंका और निक अपने घर में भारतीय त्योहारों और परंपराओं को पूरे रीति-रिवाज से मनाते हैं.
महानवमी की पूजा के दौरान सबसे प्यारा पल वो रहा, जब प्रियंका और निक अपनी बेटी मालती के पैर धोते नजर आए. तस्वीर में निक चांदी की थाली में मालती के पैर धोते दिखाई दे रहे हैं. इसके साथ ही प्रियंका भी मालती के पैर छूती दिखीं. कन्या पूजन में छोटी बच्चियों को देवी के स्वरूप के रूप में पूजने की परंपरा है. इसी परंपरा के बीच मालती का ये अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है.
इस मौके पर मालती वाइट कलर का खूबसूरत लहंगा-चोली पहने नजर आई. मालती गले में 'जय माता दी' लिखी लाल चुनरी थी, जबकि माथे पर लाल टीका और हाथों में चूड़ियां उनके लुक को और प्यारा बना रही थी.
पूजा के लिए प्रियंका चोपड़ा ने हल्के मिंट ग्रीन रंग का फूलों वाला अनारकली सूट पहना. इस सूट में उनका देसी अंदाज काफी खूबसूरत लग रहा था. उन्होंने पूजा के लिए नो-मेकअप लुक चुना. खुले बाल, सिंपल लुक और आस्था में डूबी प्रियंका लोगों का खूब ध्यान खींच रही हैं.
वहीं, निक जोनस भी पत्नी के साथ रंगों का तालमेल बिठाते दिखे. उन्होंने मिंट ग्रीन कुर्ते के साथ सफेद पायजामा पहना था. दोनों का ये ट्रेडिशनल लुक पूजा के माहौल के साथ खूब जंच रहा था.
कन्या पूजन के साथ प्रियंका और निक ने घर में हवन भी किया. तस्वीरों में दोनों पंडित जी के साथ हवन कुंड के सामने बैठे नजर आ रहे हैं. इस दौरान उन्होंने हवन में आहुतियां दीं और माथे पर तिलक भी लगवाया.