Baghelkhand Rasaj Kadhi Recipe: लंच में ट्राई करें बघेलखंड की रसाज कढ़ी, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी
Baghelkhand Rasaj Kadhi Recipe: अगर आप रोज-रोज एक जैसी कढ़ी खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो बघेलखंड की पारंपरिक रसाज की कढ़ी जरूर बनाएं. मध्य प्रदेश के रीवा और आसपास के इलाकों में यह डिश काफी फेमस है. आज हम आपको इसे बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Advertisement
घर पर बनाएं बघेलखंड की मशहूर रसाज की कढ़ी (Photo-ITG)
Baghelkhand Rasaj Kadhi Recipe: भारत का दिल कहे जाने वाले मध्य प्रदेश की पहचान सिर्फ अपनी संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों से ही नहीं, बल्कि स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजनों से भी है. इन्हीं में से एक है रसाज की कढ़ी जो बघेलखंड क्षेत्र का बेहद लोकप्रिय पारंपरिक व्यंजन है. बेसन से बने रसाज और खट्टी दही की कढ़ी का अनोखा स्वाद इसे दूसरी कढ़ियों से अलग बनाता है. शादी-ब्याह, त्योहार और अन्य खास मौकों पर इसे विशेष रूप से बनाया जाता है. तो आइए जानते हैं कि बघेलखंड की मशहूर रसाज की कढ़ी कैसे बनती है और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
2 कप खट्टी दही
3 बड़े चम्मच बेसन
½ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
2 साबुत लाल मिर्च
1 छोटा चम्मच राई
½ छोटा चम्मच मेथी दाना
7-8 करी पत्ते
1 बड़ा चम्मच तेल या घी
2 बड़े चम्मच बारीक कटा प्याज
1 छोटा चम्मच बारीक कटा लहसुन
स्वादानुसार नमक
रसाज की कढ़ी कैसे बनाते हैं?
रसाज की कढ़ी बनाने के लिए सबसे पहले बेसन, नमक, हल्दी और थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा घोल तैयार करें. अब इस घोल से छोटे-छोटे रसाज बनाकर गरम तेल में सुनहरे होने तक तल लें और अलग रख दें.
अब एक बाउल में दही और बेसन डालकर अच्छी तरह फेंट लें, ताकि उसमें कोई गुठली न रहे. अगर दही थोड़ा खट्टा हो तो कढ़ी का स्वाद और भी अच्छा आता है.
इसके बाद एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें. इसमें राई और मेथी दाना डालें. जब ये चटकने लगें तो बारीक कटा प्याज और लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें. फिर हल्दी और नमक डालकर मिला दें.
अब इसमें दही और बेसन का तैयार घोल डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं. अगर कढ़ी ज्यादा गाढ़ी लगे तो थोड़ा पानी या छाछ मिलाकर इसकी कंसिस्टेंसी ठीक कर लें.
जब कढ़ी अच्छी तरह पक जाए, तब इसमें तले हुए रसाज डाल दें और 8-10 मिनट तक धीमी आंच पर उबलने दें, ताकि रसाज कढ़ी का स्वाद अच्छी तरह सोख लें.
आखिर में एक छोटे पैन में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें राई, करी पत्ता और साबुत लाल मिर्च का तड़का लगाकर कढ़ी में डाल दें.
अब आपकी गरमा-गरम रसाज की कढ़ी तैयार है. सादे चावल, जीरा राइस या रोटी के साथ गरमा-गरम परोसें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क