Chawal Ka Peda: न मेवा, न खोया, घर पर चावल से बनाएं हलवाई जैसे सॉफ्ट पेड़े, भूल जाएंगे बाजार की मिठाई!

बाजार की मिठाई की बजाय आप घर पर ही चावल से पेड़े बना सकते हैं, जिसका स्वाद बाजार की मिठाइयों से भी बहुत अच्छा होता है. इनको आप बिना खोया और मेवे के ही घर पर तैयार कर सकते हैं, आइए आपको इसकी आसान रेसिपी बताते हैं.

Advertisement
चावल के नरम-नरम पेड़े बना सकते हैं. (PHOTO:AI) चावल के नरम-नरम पेड़े बना सकते हैं. (PHOTO:AI)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 16 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 11:14 AM IST

Chawal Ka Peda Recipe: नवरात्र में कन्या पूजन के दिन हलवा, पूड़ी के अलावा अगर आप घर पर कुछ मीठा बनाने की सोच रही हैं, तो चावल के पेड़े एक अच्छा ऑप्शन हैं. इन्हें बनाने के लिए आपको न तो महंगे मेवों की जरूरत होगी और न ही खोया खरीदने की. घर में रखे चावल, दूध, नारियल और मिल्क पाउडर से आप स्वादिष्ट पेड़े तैयार कर सकते हैं. केसर और इलायची की खुशबू इनका स्वाद और भी खास बना देती है. 

Advertisement

सबसे अच्छी बात यह है कि चावल के पेड़े बनाने की विधि काफी आसान है. आप इन्हें कन्या पूजन के लिए बना सकती हैं या घर आए मेहमानों को भी परोस सकती हैं. आइए जानते हैं चावल के पेड़े बनाने के लिए क्या-क्या सामग्री चाहिए और इन्हें घर पर हलवाई जैसा स्वाद देने के लिए कैसे तैयार करें.

चावल के पेड़े बनाने के लिए सामग्री

  •  चावल – डेढ़ कटोरी
  • देसी घी – आधा कप
  •  इलायची – 3 से 4
  •  दूध – डेढ़ कप
  •  नारियल का बुरादा – डेढ़ कप
  •  मिल्क पाउडर – डेढ़ कप
  •  चीनी – डेढ़ कप
  •  केसर – थोड़ा सा
  •  बारीक कटे पिस्ता – जरूरत के अनुसार

चावल के पेड़े बनाने का आसान तरीका 

  1. सबसे पहले चावल को अच्छी तरह धोकर कुछ देर के लिए भिगो दें. इसके बाद पानी निकालकर चावल को दूध के साथ पकाएं. लो फ्लेम पर चावल को तब तक पकने दें, जब तक वे नरम न हो जाएं.
  2. जरूरत के अनुसार थोड़ा दूध और मिलाया जा सकता है. चावल पकने के बाद उन्हें ठंडा करके अच्छी तरह मैश कर लें, ताकि मिश्रण में बड़े दाने न रहें.
  3. अब एक भारी तले की कड़ाही में देसी घी गर्म करें. इसमें मैश किए हुए चावल डालकर लो फ्लेम पर चलाते हुए भूनें. जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तो इसमें चीनी और इलायची पाउडर डाल दें. चीनी घुलने तक मिश्रण को अच्छी तरह चलाते रहें.
  4. अब इसमें नारियल का बुरादा और मिल्क पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं. ध्यान रखें कि लो फ्लेम रहे और मिश्रण कड़ाही के तले में न चिपके. अब इसमें थोड़ा सा केसर डालें. कुछ देर लगातार चलाते हुए पकाएं, जब तक मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने न लगे.
  5. जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए, तो गैस बंद कर दें और इसे थोड़ा ठंडा होने दें. हाथों पर हल्का घी लगाकर मिश्रण से छोटी-छोटी लोइयां बनाएं. इन्हें हल्का दबाकर पेड़े का आकार दें. ऊपर से बारीक कटे पिस्ता लगाकर सजाएं. इस तरह आपके स्वादिष्ट चावल के पेड़े तैयार हो जाएंगे.

झटपट बन जाते हैं चावल के पेड़े

Advertisement

चावल के पेड़े घर पर आसानी से बनने वाली मिठाई हैं. इनमें दूध, इलायची और केसर का स्वाद इन्हें खास बनाता है. नवरात्र में इन्हें भोग के लिए बनाते समय साफ-सफाई का ध्यान रखें और अपनी पूजा की परंपरा के अनुसार सामग्री चुनें. तैयार पेड़ों को ठंडा होने के बाद एयरटाइट डिब्बे में रखकर फ्रिज में रखें, क्योंकि इनमें दूध और मिल्क पाउडर का इस्तेमाल हुआ है.

ध्यान दें: पेड़ों का स्वाद और बनावट सही रखने के लिए मिश्रण को बहुत ज्यादा सूखने न दें. अगर मिश्रण ज्यादा नरम लगे, तो इसे लो फ्लेम पर थोड़ी देर और पकाएं. इससे पेड़े आसानी से शेप ले सकेंगे और खाने में भी अच्छे लगेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »