रसोई में खाना बनाते समय अगर आपके गैस चूल्हे से नीली के बजाय नारंगी, लाल या पीली लौ निकल रही है तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें. पीली या लाल लौ का सीधा मतलब होता है कि ईंधन पूरी तरह से जल नहीं पा रहा है इंकंप्लीट कंबस्शन. इससे न सिर्फ गैस की भारी बर्बादी होती है और बर्तन तली से काले होने लगते हैं, बल्कि अधूरे दहन से निकलने वाली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस आपकी सेहत और सुरक्षा के लिए भी खतरनाक साबित हो सकती है.
ज्यादातर मामलों में ऐसा बर्नर के छेदों में तेल, दूध उबलने या कचरा जमने और एयर वेंट में रुकावट आने के कारण होता है. इसके लिए मैकेनिक को पैसे देने की जरूरत नहीं है. आप घर में मौजूद चीजों से 5 मिनट में इस समस्या को ठीक कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसे ठीक करने का सबसे आसान तरीका.
सामग्री
सफेद सिरका - 1/2 कप, बेकिंग सोडा - 2 चम्मच, नींबू का रस - 1 नींबू, गरम पानी - 2 कप, पुराना टूथब्रश या सेफ्टी पिन.
गैस चूल्हे की लौ ठीक करने की तरीका
सबसे पहले गैस सिलेंडर का नॉब/रेगुलेटर बंद करें और चूल्हा पूरी तरह ठंडा होने के बाद दोनों बर्नर को बाहर निकाल लें.
एक बाउल में 2 कप गरम पानी लें, उसमें 1/2 कप सिरका, 2 चम्मच बेकिंग सोडा और नींबू का रस मिलाएं.
बर्नर को इस घोल में 15 मिनट के लिए डुबोकर रख दें. बेकिंग सोडा और सिरके का रिएक्शन बर्नर के छेद में फंसी चिकनाई और कार्बन को तुरंत ढीला कर देगा.
15 मिनट बाद बर्नर को निकालें और पुराने टूथब्रश से रगड़ें. जिन सुराखों में कचरा फंसा हो, उन्हें सेफ्टी पिन या पतले तार की मदद से खोलें.
चूल्हे के नीचे जहां बर्नर बैठता है, वहां मौजूद एयर वेंट (हवा जाने वाली नली) को किसी सूखे कॉटन के कपड़े से पोंछ लें ताकि वहां जमी धूल और जाले साफ हो जाएं.
साफ किए गए बर्नर को किसी सूखे कपड़े से अच्छे से पोंछ लें या 5 मिनट के लिए धूप में सुखा लें (गीला बर्नर न लगाएं).
बर्नर को वापस चूल्हे पर सही जगह सेट करें और गैस जलाएं. बर्नर के सुराख खुलते ही और ऑक्सीजन का सही प्रवाह मिलते ही चूल्हे से तुरंत तेज नीली लौ निकलने लगेगी.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क