नैनीताल मॉल रोड: 40 मीटर सड़क के लिए 1 साल का इंतज़ार, कमिश्नर का सख्त एक्शन

नैनीताल की प्रसिद्ध मॉल रोड के 40 मीटर क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण करीब एक साल बाद भी पूरा नहीं होने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने लोक निर्माण विभाग (PWD) से देरी पर जवाब मांगा है और निर्माण स्थल पर 24 घंटे CCTV निगरानी के निर्देश दिए हैं.

Advertisement
नैनीताल मॉल रोड के 40 मीटर क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण एक साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया. (Photo: Lila Singh Bisht/ITG) नैनीताल मॉल रोड के 40 मीटर क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण एक साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया. (Photo: Lila Singh Bisht/ITG)

लीला सिंह बिष्ट

  • नैनीताल,
  • 01 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:53 AM IST

उत्तराखंड की पर्यटन राजधानी और विश्व प्रसिद्ध नैनीताल मॉल रोड के निर्माण में हुई असाधारण देरी ने आखिरकार प्रशासन का धैर्य तोड़ दिया है. महज़ 40 मीटर क्षतिग्रस्त हिस्से के निर्माण में लगभग एक वर्ष बीत जाने के बावजूद काम पूरा नहीं होने पर कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने लोक निर्माण विभाग (PWD) की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं. अब निर्माण कार्य की 24 घंटे CCTV कैमरों से निगरानी होगी और उसकी लाइव फीड सीधे आयुक्त तथा जिलाधिकारी नैनीताल के कार्यालय तक पहुंचेगी.

Advertisement

40 मीटर सड़क का निर्माण एक साल में भी नहीं हुआ पूरा
सबसे बड़ा सवाल यही है कि देश-दुनिया में पहचान रखने वाली नैनीताल की विश्व प्रसिद्ध मॉल रोड पर केवल 40 मीटर सड़क का निर्माण एक साल में भी पूरा क्यों नहीं हो पाया? इस सवाल का जवाब अब लोक निर्माण विभाग को देना होगा. आयुक्त ने विभाग से स्पष्ट स्पष्टीकरण मांगा है कि आखिर ऐसी कौन-सी परिस्थितियां थीं, जिनके कारण कार्य लगातार टलता रहा. उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

आयुक्त ने कहा कि लोक निर्माण विभाग लगातार नई-नई समय-सीमाएं तय करता रहा. इस रवैये पर उन्होंने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि जनता को बार-बार आश्वासन देकर समय मांगना स्वीकार्य नहीं है. अब आयुक्त ने निर्माण स्थल पर तत्काल प्रभाव से CCTV कैमरे लगाने और 24×7 लाइव मॉनिटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इसका उद्देश्य स्पष्ट है कि निर्माण कार्य की वास्तविक प्रगति पर हर पल नजर रखना और किसी भी स्तर की लापरवाही या काम में ढिलाई को तुरंत पकड़ना.

Advertisement

लंबे समय से सड़क के खराब होने से लोगों को हो रही हैं दिक्कतें
कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल की विश्व प्रसिद्ध मॉल रोड केवल एक सड़क नहीं, बल्कि शहर की पहचान, पर्यटन की धुरी और स्थानीय लोगों की जीवनरेखा है. हर वर्ष लाखों देशी-विदेशी पर्यटक इसी मार्ग से गुजरते हैं, जबकि स्थानीय नागरिक भी रोजमर्रा की आवाजाही के लिए इसी सड़क पर निर्भर हैं. लंबे समय से सड़क क्षतिग्रस्त रहने के कारण लोगों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अब इस परियोजना में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा और यदि किसी स्तर पर जिम्मेदारी तय होती है तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाएगी. अब पूरी निगाह इस बात पर है कि CCTV की निगरानी और प्रशासन की सख्ती के बाद क्या PWD आखिरकार नैनीताल की विश्व प्रसिद्ध मॉल रोड का निर्माण समय पर पूरा कर पाएगा, या फिर लापरवाही की कीमत अधिकारियों को चुकानी पड़ेगी. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »