'अमित शाह बड़े नेता हैं, मस्ती में बोल रहे थे...', आंबेडकर पर दिए बयान को लेकर बोले संजय राउत

संजय राउत ने कहा कि बीजेपी के पास कोई काम नहीं बचा है, खाली हाथ बैठी है. उन्होंने कहा कि अमित शाह बड़े नेता हैं, अगर उनसे गलती हुई है और जुबान फिसल गई तो माफी मांगनी चाहिए. अगर माफी मांग लेंगे तो क्या हो जाएगा?

Advertisement
संजय राउत- फाइल फोटो संजय राउत- फाइल फोटो

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 19 दिसंबर 2024,
  • अपडेटेड 11:28 AM IST

राज्यसभा में डॉ. भीमराव आंबेडकर को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है. विपक्षी सांसदों का आरोप है कि केंद्रीय गृह मंत्री ने अपने भाषण में डॉ. बीआर आंबेडकर का अपमान किया है. इसके बाद लगातार राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. गुरुवार को शिवसेना-यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा कि बीजेपी के पास कोई काम नहीं बचा है, खाली हाथ बैठी है. अमित शाह बड़े नेता हैं, सदन में मस्ती में बोल रहे थे.

Advertisement

उन्होंने कहा कि अगर अमित शाह से गलती हुई है और जुबान फिसल गई तो माफी मांगनी चाहिए. अगर माफी मांग लेंगे तो क्या हो जाएगा? संजय राउत ने कहा, अंबेडकर तो भगवान हैं हमारे लिए. अंबेडकर ने वंचितों को शिखर तक पहुंचाया.

मल्लिकार्जुन खड़गे ने उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, अमित शाह ने आंबेडकर का अपमान किया है. हम उनके इस्तीफा की मांग करते हैं. शाह को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए. खड़गे ने कहा, जब अमित शाह बाबा साहेब के बारे में बोल रहे थे तो उन्होंने कहा कि जितनी बार आप आंबेडकर का नाम लेते हो उतनी बार भगवान का नाम लेते तो 7 बार स्वर्ग जाते. यानि बाबा साहेब का नाम लेना गुनाह है. उस वक्त मैंने हाथ उठाया और उन्हें बोलने से रोकने की कोशिश की, लेकिन मुझे मौका नहीं मिला. बाबा साहेब आंबेडकर के बनाए संविधान पर चर्चा चल रही थी, इसलिए हम चुप रहे.

Advertisement

'बीजेपी वालों को अहंकार हो गया'
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया और लिखा, देखिए कैसे अमित शाह जी संसद में बाबा साहेब आंबेडकर का मजाक उड़ा रहे हैं. इन बीजेपी वालों को इतना अहंकार हो गया कि ये किसी को कुछ नहीं समझते. हां, अमित शाह जी. बाबा साहेब इस देश के बच्चे-बच्चे के लिए भगवान से कम नहीं हैं. मरने के बाद स्वर्ग का तो पता नहीं, लेकिन बाबा साहेब का संविधान ना होता तो आप लोग तो दबे, कुचले, गरीबों और दलितों को इस धरती पर जीने ही ना देते. बाबा साहेब का अपमान, नहीं सहेगा हिंदुस्तान. जय भीम.

अमित शाह ने दिया जवाब
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कांग्रेस को घेरा और कहा कि वह सपने में भी आंबेडकर का अपमान नहीं कर सकते. प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अमित शाह ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में संविधान के 75 वर्ष पूरे होने पर चर्चा का आयोजन हुआ. इसमें 75 साल की देश को गौरव यात्रा, विकास यात्रा और उपलब्धियों की चर्चा हुई. ये स्वाभाविक है कि संसद में पक्ष और विपक्ष होते हैं तो लोगों का अपना-अपना नजरिया होता है. लेकिन जब संसद में चर्चा होती है तो इसमें बातें तथ्यों और सच्चाई के साथ होनी चाहिए. लेकिन जिस तरह कल से कांग्रेस ने तथ्यों तो तोड़-मरोड़कर पेश किया है, इसकी मैं कड़ी निंदा करता हूं.

Advertisement

गृह मंत्री ने कहा कि ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि बीजेपी के वक्ताओं ने बताया कि कांग्रेस आंबेडकर विरोधी पार्टी है, संविधान विरोधी है. कांग्रेस ने सावरकर जी का अपमान किया. आपातकाल लागू करके कांग्रेस ने संविधान को रौंदा. कांग्रेस ने भारतीय सेनाओं का अपमान किया. कांग्रेस ने भारत की जमीन दे दी. जब संसद में यह बात साबित हो गई तो कांग्रेस ने झूठ फैलाना शुरू कर दिया. कांग्रेस पार्टी आंबेडकर विरोधी है. कांग्रेस पार्टी संविधान विरोधी है. कांग्रेस ने सेना के शहीदों का अपमान किया. कांग्रेस सावरकर विरोधी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »