लखनऊ के कैफे संचालक शिवा शर्मा की मौत का मामला अब भारत-नेपाल सीमा तक पहुंच गया है. मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की तलाश में पुलिस जुटी है. इस बीच नेपाल के CCTV फुटेज, बहराइच के रुपईडीहा में लावारिस मिली उसकी स्कॉर्पियो और नेपाल के डांग जिले में उसकी लोकेशन सामने आई हैं.
सूत्रों के मुताबिक, नेपाल बॉर्डर से करीब 150 किलोमीटर दूर एक होटल में श्रद्धा की आखिरी लोकेशन मिली है. आखिर शिवा शर्मा की मौत वाले दिन क्या हुआ था? श्रद्धा दुबे का इस मामले में क्या कहना है? और जांच की कड़ियां लखनऊ से रुपईडीहा होते हुए नेपाल तक कैसे पहुंचीं? पूरे घटनाक्रम को समझते हैं.
दरअसल, यह पूरा मामला लखनऊ के हजरतगंज थाना क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट का है. यहां 27 साल का कैफे संचालक शिवा शर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में चौथी मंजिल से गिर गया था. गंभीर हालत में शिवा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
यहां देखें Video
शिवा की मां रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि बेटे के साथ मारपीट की गई, फिर उसे बिल्डिंग से नीचे फेंक दिया गया. परिवार ने श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि पर गंभीर आरोप लगाए. मां का दावा था कि शिवा के शरीर पर चोटों, खरोंचों और सिगरेट से दागे जाने के निशान थे. परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि शिवा को पिछले कई महीनों से प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां दी जा रही थीं. पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस के सामने मुख्य सवाल था कि शिवा की मौत दुर्घटना थी, आत्महत्या थी या किसी आपराधिक घटना का नतीजा.
श्रद्धा दुबे ने वीडियो जारी कर क्या कहा?
मामला चर्चा में आने के बाद श्रद्धा दुबे ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताया. उसने शिवा की मौत को हत्या मानने से इनकार किया और दावा किया कि शिवा ने खुद इमारत से छलांग लगाई थी. वीडियो में श्रद्धा कहती है, 'मैं श्रद्धा दुबे, जिसका नाम शिवा हत्याकांड में बार-बार उछाला जा रहा है. मेरा उससे कोई मतलब नहीं था, मेरा उस हत्या से कोई मतलब नहीं था. वह हत्या नहीं थी, वह एक सुसाइड था.' श्रद्धा ने यह भी दावा किया कि उसने शिवा को अपनी आंखों से कूदते हुए देखा था. उसके मुताबिक, घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी और वह उस समय कुछ भी बोलने की हालत में नहीं थी.
अपने बयान में श्रद्धा ने 7 तारीख की एक घटना का जिक्र किया. उसने कहा कि शिवा से उसकी पांच-छह दिनों से बातचीत नहीं हो रही थी. उसके मुताबिक, शिवा ने एक चाय वाले के जरिए उसके ड्राइवर से संपर्क किया था. बाद में रात करीब दो बजे शिवा का फोन आया और फिर वह उससे मिलने पहुंचा. ये बातें श्रद्धा ने अपने वीडियो में कही हैं.
पुलिस की तलाश के बीच रुपईडीहा में मिली स्कॉर्पियो
जांच के दौरान श्रद्धा की तलाश लखनऊ से बाहर तक पहुंची. पुलिस की टीमें सीतापुर और लखीमपुर में उसकी तलाश कर रही थीं. इसके बाद जांच की कड़ी बहराइच के रुपईडीहा तक पहुंची, जहां भारत-नेपाल सीमा के पास एक निजी पार्किंग में श्रद्धा की ब्लैक स्कॉर्पियो लावारिस हालत में मिली. श्रद्धा ने यह गाड़ी पिछले साल खरीदी थी और सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें शेयर की थीं. लोकेशन और जांच के दौरान पता चला कि श्रद्धा अपनी बहन रश्मि और दोस्त आदिल के साथ पैदल सीमा पार कर नेपाल चली गई.
नेपाल के CCTV में क्या दिखने का दावा है?
नेपाल में श्रद्धा की तलाश के बीच एक CCTV फुटेज सामने आया है. महिम नगर में सीसीटीवी कैमरे में श्रद्धा, उसकी बहन रश्मि और दोस्त आदिल सड़क पार कर बस स्टेशन के भीतर जाते दिखाई दिए. तीनों ने वहां रात बिताई और अगली सुबह बस से आगे निकल गए. नेपाल बॉर्डर के बाद पड़ने वाली पहली जमुनहा चौकी के पास 10 अक्टूबर की सुबह का CCTV वीडियो सामने आया.
डांग जिले में होने की चर्चा, होटल में मिली आखिरी लोकेशन?
अब सूत्रों का कहना है कि श्रद्धा नेपाल के डांग जिले में है. नेपाल बॉर्डर से करीब 150 किलोमीटर दूर एक होटल में उसकी आखिरी लोकेशन मिली है. पुलिस को यह भी पता लगाना होगा कि सीमा पार करने के दावे, CCTV फुटेज और होटल से जुड़ी जानकारी आपस में मेल खाते हैं या नहीं.
दूसरी ओर, शिवा की मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा के वीडियो और उसके बयानों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि परिवार के पास अपने आरोपों के समर्थन में पर्याप्त सबूत हैं और यदि श्रद्धा खुद को निर्दोष मानती है, तो उसे सामने आकर जवाब देना चाहिए. परिवार ने शिवा के साथ कथित प्रताड़ना और उत्पीड़न के आरोप भी लगाए हैं.
संतोष शर्मा