लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दोनों के समर्थन में आवाज उठाई. राहुल गांधी के इस पोस्ट पर अभिजीत दिपके ने उन्हें धन्यवाद दिया. दिपके ने कहा कि दोनों की गिरफ्तारी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए वह राहुल गांधी के आभारी हैं.
'तिरंगा लहराना अपराध नहीं'
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन में तिरंगा लहराना कोई अपराध नहीं है. इसके लिए युवाओं को जेल में डालना कायरता है. उन्होंने आगे लिखा कि छात्र, युवा, पत्रकार और INDIA गठबंधन अलग-अलग बैनर के साथ एक ही मुद्दे पर आवाज उठा रहे हैं. राहुल गांधी का कहना है कि सभी प्रदर्शनकारी अपने संवैधानिक अधिकारों की मांग कर रहे हैं. जंतर-मंतर भारत के लोगों का है और वे इसे वापस लेकर रहेंगे.
राहुल गांधी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिजीत दिपके ने उन्हें धन्यवाद दिया. उन्होंने एक्स पर लिखा कि सौरव दास और आशुतोष रांका की अवैध गिरफ्तारी के खिलाफ आवाज उठाने के लिए धन्यवाद, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी.
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने CJP नेताओं सौरव दास, आशुतोष रांका को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि 13 अक्टूबर को सौरव दास, आशुतोष रांका, अजिंक्य शिंदे समेत पार्टी के कुल 14 सदस्य जंतर-मंतर पहुंचे थे. जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के रूप में अधिसूचित नहीं किए जाने के बाद ये लोग एक निजी परिसर से होकर वहां पहुंचे थे. खास बात तो ये है कि जंतर-मंतर को हाल ही में प्रदर्शन स्थल की सूची से डिनोटिफाई किया गया है. ऐसे में पुलिस ने इन लोगों को रोकने की कोशिश की लेकिन इन लोगों ने पुलिस के काम में बाधा पैदा की. जिसके बाद पुलिस ने सभी 14 लोगों को हिरासत में लिया.
दो FIR दर्ज की गई
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं. पहली FIR नंबर 289/26, कनॉट प्लेस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223(a), 332 और 61(2) के तहत दर्ज की गई. वहीं, दूसरी FIR नंबर 128/26 संसद मार्ग थाने में BNS की धारा 221, 115(2), 132, 121(1) और 3(5) के तहत दर्ज की गई. दोनों FIR 13 अक्टूबर 2026 को दर्ज हुईं. पुलिस ने बताया कि सभी 14 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई.
पुलिस के मुताबिक, बार-बार कानून का उल्लंघन करने और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए आशुतोष रांका, सौरव दास और अजिंक्य शिंदे के खिलाफ एहतियातन कार्रवाई की गई. पुलिस का आरोप है कि ये लोग सोशल मीडिया के जरिए दूसरों को भी इस तरह की गतिविधियों के लिए उकसाने की कोशिश कर रहे थे. बुधवार को तीनों को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM)कोर्ट में पेश किया गया.
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 170 के तहत कार्रवाई की गई. सौरव दास, आशुतोष रांका को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा गया है. वहीं, अजिंक्य शिंदे को पांच हजार का बॉन्ड भरवाकर रिहा कर दिया गया. अजिंक्य शिंदे को छह महीने तक शांति बनाए रखने और अच्छा व्यवहार करने की शर्त पर रिहाई मिली है. जबकि सौरव दास और आशुतोष रांका को रिपीट ऑफेन्डर बताया गया.
यह भी पढ़ें: सौरव दास और रांका तिहाड़ जेल भेजे गए, अभिजीत दिपके ने पूछा- उनका गुनाह क्या था तिरंगा फहराना?
प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी करने से रोका-दिल्ली पुलिस
सौरव दास और आशुतोष रांका की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस ने बयान जारी किया है. दिल्ली पुलिस ने बताया कि 'कॉकरोच जनता पार्टी' के सदस्य एक निजी जगह से होते हुए जंतर-मंतर पहुंचे थे. पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की. आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को उनकी ड्यूटी करने से रोका, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया.
दिल्ली पुलिस का कहना है कि जंतर-मंतर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि को रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई है. वहीं कॉकरोच जनता पार्टी की लीगल हेड रत्ना सिंह ने दिल्ली पुलिस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया है. रत्ना सिंह ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में झूठा दावा किया कि जंतर-मंतर पर दूसरे प्रदर्शनकारियों को बुलाया गया था. उन्होंने दिल्ली पुलिस के दावे को खारिज किया है.
aajtak.in