नीतीश कुमार निर्विरोध चुने गए जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पार्टी में किसी और ने नहीं भरा नामांकन

नीतीश कुमार को जेडीयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया है क्योंकि किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन नहीं किया. हाल ही में नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद का चुनाव भी जीता था और अब वो पार्टी की कमान भी संभालेंगे.

Advertisement
नीतीश कुंमार ने हाल ही में राज्यसभा चुनाव भी जीता. (Photo: ITG) नीतीश कुंमार ने हाल ही में राज्यसभा चुनाव भी जीता. (Photo: ITG)

शशि भूषण कुमार

  • नई दिल्ली,
  • 24 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:50 AM IST

नीतीश कुमार को एक बार फिर निर्विरोध रूप से जेडीयू (JDU) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया है. नामांकन के लिए सुबह 11 बजे तक का समय तय किया गया था, लेकिन इस दौरान नीतीश कुमार के अलावा किसी और नेता ने अपना पर्चा दाखिल नहीं किया.

किसी दूसरे उम्मीदवार के सामने न आने के कारण उन्हें सर्वसम्मति से पार्टी की कमान सौंप दी गई है. जेडीयू की तरफ से जारी एक प्रेस रिलीज में बताया गया कि पार्टी के अध्यक्ष पद की उम्मीदवारी के लिए नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख आज, मंगलवार 24 मार्च, 2026 को सुबह 11 बजे थी.

Advertisement

बयान में कहा गया कि नामांकन वापस लेने का समय खत्म होने के बाद, निर्वाचन अधिकारी के पास सिर्फ नीतीश कुमार का नामांकन ही बाकी रहा. पार्टी ने ये भी बताया कि आज दोपहर 2:30 बजे निर्वाचन अधिकारी अनिल प्रसाद हेगड़े (पूर्व सांसद, राज्यसभा) नीतीश कुमार के निर्वाचित होने का निर्वाचन प्रमाण पत्र जारी करेंगे.

इस दौरान पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा में संसदीय दल के नेता संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री भारत सरकार राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, मंत्री बिहार सरकार, श्रवण कुमार और पार्टी के दूसरे वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे.

गौरतलब है कि नीतीश कुमार की ओर से जेडीयू अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करने भी संजय कुमार झा, श्रवण कुमार के साथ बिहार और अन्य प्रदेशों से आए पार्टी के वरिष्ठ नेता गए थे.

बता दें कि नीतीश कुमार ने जेडीयू की एनडीए में वापसी से ठीक पहले पार्टी की कमान संभाली थी. 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले दिसंबर, 2023 में राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने जेडीयू के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था. तब पार्टी बिहार में महागठबंधन का अंग थी और नीतीश कुमार इंडिया ब्लॉक के गठन की कवायद में जुटे थे.

Advertisement

ललन सिंह के अध्यक्ष पद छोड़ने के बाद नीतीश कुमार ने यह जिम्मेदारी भी संभाली और कुछ ही दिनों के बाद जेडीयू ने आरजेडी और महागठबंधन से नाता तोड़कर बीजेपी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का दामन थाम लिया था.

नीतीश कुमार ने पिछले दिनों ही बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था और राज्यसभा चुनाव जीता था. अब वो जेडीयू के अध्यक्ष पद की कमान भी संभालेंगे. वहीं, नीतीश के इस्तीफे के बाद उनके बेटे निशांत कुमार ने राजनीति में एंट्री ले ली. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि निशांत बिहार के डिप्टी सीएम बनाए जा सकते हैं. हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement