भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने गुरुवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मध्य और पूर्वी भारत में तेजी से आगे बढ़ रहा है. यह अगले 3-4 दिनों में छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के और हिस्सों में पहुंच सकता है.
मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर और उप-हिमालयी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने की चेतावनी दी है.
IMD के मुताबिक, सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 27 से 29 जून के बीच अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है. वहीं, असम और मेघालय में 28 जून को भारी से अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
ईस्ट यूपी में हीटवेव का अलर्ट
दूसरी ओर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 से 27 जून तक भीषण लू चलने की संभावना है, जबकि बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में अगले दो दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. IMD ने राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश, बिहार और मराठवाड़ा में 25-26 जून के दौरान 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और आंधी चलने की भी चेतावनी दी है.
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 25 से 27 जून के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दौरान हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिली रहेगी.
अनमोल नाथ