भीषण गर्मी की चपेट में भारत, कई राज्यों में 45 डिग्री पहुंचा पारा, IMD ने जारी किया हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने आने वाले हफ्ते में कई राज्यों में भीषण गर्मी को लेकर हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. आईएमडी का कहना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ इलाकों में पहले से ही तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है. आने वाले हफ्ते में भी इन इलाकों में गर्मी का सबसे ज्यादा प्रकोप देखने को मिलेगा.

Advertisement
उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप, आईएमडी ने जारी किया हीटवेव को लेकर अलर्ट. (File photo: ITG) उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप, आईएमडी ने जारी किया हीटवेव को लेकर अलर्ट. (File photo: ITG)

सुशांत मेहरा

  • नई दिल्ली,
  • 19 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:57 PM IST

भारत के बड़े हिस्से में सूरज का सितम शुरू हो गया है. उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है. इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले हफ्ते को लेकर मौसम का पूर्वानुमान जारी करते हुए अगले कुछ दिनों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. विभाग का कहना है कि फिलहाल तपिश से जल्द राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. साथ ही विभाग ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है.

Advertisement

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भीषण लू (हीटवेव) चलने की चेतावनी जारी की है. पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ के कुछ इलाकों में पहले से ही तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है. भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, जब तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री अधिक हो जाता है तो हीटवेव की घोषणा की जाती है और कई जगहों पर यह सीमा अभी पार हो रही है. राजस्थान और ओडिशा में भी गर्मी का प्रकोप चरम पर है, जहां पारा सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक बना हुआ है.
 

विदर्भ-एमपी में सबसे ज्यादा गर्मी

विभाग का कहना है कि इस हफ्ते विदर्भ, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सबसे ज्यादा गर्म रहने वाले क्षेत्र हैं. राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी सूरज के तेवर तल्ख बने हुए हैं. पूर्वी तट पर ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में गर्मी के साथ-साथ उमस (Humidity) ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. हाई आर्द्रता के कारण शरीर से पसीना नहीं सूख पा रहा है, जिससे वास्तविक तापमान से कहीं अधिक गर्मी महसूस हो रही है.

Advertisement

कम है बारिश की उम्मीदें

विभाग ने मौसम का पूर्वानुमान जारी कर बताया कि मैदानी इलाकों के लिए बारिश की उम्मीदें फिलहाल कम हैं. एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी मैदानों से गुजर रहा है, लेकिन ये इतना प्रभावी नहीं है कि तापमान में बड़ी गिरावट ला सके. इसके प्रभाव से पंजाब, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी हरियाणा में शाम तक छिटपुट बादल या हल्की गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, दिल्ली और आसपास के मैदानी इलाकों में राहत की कोई बड़ी संभावना नहीं दिख रही है.

इन इलाकों में मेहरबान होगा मौसम

इसके अलावा उत्तर भारत के विपरीत, दक्षिण भारत में मौसम थोड़ा मेहरबान रहेगा. अगले 72 घंटों के दौरान दक्षिणी महाराष्ट्र, उत्तरी कर्नाटक और तेलंगाना में गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. इसी तरह पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इन क्षेत्रों में बारिश से तापमान में गिरावट आने और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

आईएमडी के अनुसार, ये भीषण गर्मी कम से कम 22 अप्रैल तक बनी रहेगी. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20 अप्रैल के आसपास मामूली राहत मिल सकती है, जबकि विदर्भ और मध्य भारत में कुछ समय पहले तापमान गिर सकता है. राजस्थान और ओडिशा में 22 अप्रैल तक लू का सितम जारी रहेगा, जबकि झारखंड में 21 अप्रैल तक कोई राहत नहीं मिलेगी. मैदानी इलाकों में अगले तीन से चार दिनों तक राहत की कोई उम्मीद नहीं है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »