Bypoll Results 2026: बारामती से सुनेत्रा पवार की ऐतिहासिक जीत, जानें- उपचुनाव की सातों सीटों का रिजल्ट

By Election Results 2026: उपचुनाव 2026 के सभी 7 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं, जिसमें बारामती में सुनेत्रा पवार ने रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की है. कुल मिलाकर बीजेपी ने 4 सीटें जीतीं, जबकि कर्नाटक में कांग्रेस ने दोनों सीटों पर जीत दर्ज कर बढ़त बनाई.

Advertisement
ऐतिहासिक अंतर से सुनेत्रा पवार की बड़ी जीत (Photo: ITG) ऐतिहासिक अंतर से सुनेत्रा पवार की बड़ी जीत (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 04 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:55 PM IST

उपचुनाव 2026 की सभी 7 सीटों के नतीजे आ चुके हैं. चुनाव आयोग ने अब फाइनल लिस्ट भी जारी कर दी है. इन नतीजों में सबसे बड़ी खबर महाराष्ट्र की बारामती सीट से आई है. यहां सुनेत्रा पवार ने 2 लाख से अधिक वोटों के रिकॉर्ड अंतर से जीत हासिल की है. उन्होंने साहिबाबाद का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. बारामती की इस बड़ी जीत ने साबित कर दिया कि जनता का भरोसा किस तरफ है.

Advertisement

इन उपचुनावों में बीजेपी का पलड़ा भारी रहा. पार्टी ने कुल 7 में से 4 सीटों पर अपना परचम लहराया है. इसमें महाराष्ट्र की राहुरी, गुजरात की उमरेठ, नागालैंड की कोरीडांग और त्रिपुरा की धर्मनगर सीट शामिल है. वहीं, कर्नाटक में कांग्रेस ने अपनी साख बचाए रखी. कांग्रेस ने वहां की दोनों सीटों पर जीत दर्ज की है. महाराष्ट्र की राहुरी सीट पर भी बीजेपी के अक्षय करदिले ने 1.12 लाख से ज्यादा वोटों से जीत हासिल की. चुनाव के इन नतीजों ने कई राज्यों के सियासी समीकरण बदल कर रख दिए हैं.

जानें कहां किसने मारी बाजी?

सबसे ज्यादा चर्चा बारामती की रही. यहां एनसीपी उम्मीदवार सुनेत्रा पवार को कुल 2,18,969 वोट मिले. उन्होंने न्यू राष्ट्रीय समाज पार्टी के प्रो. आर.वाई. घुटुकडे सर को हराया, जिन्हें महज 935 वोट मिले. हार-जीत का यह अंतर 2.18 लाख रहा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस जीत पर सुनेत्रा पवार को बधाई दी और जनता का आभार जताया.

Advertisement

महाराष्ट्र की ही दूसरी सीट राहुरी में बीजेपी का दबदबा दिखा. यहां अक्षय शिवाजीराव करदिले ने 1,40,093 वोट हासिल किए. उन्होंने शरद पवार गुट के उम्मीदवार मोकाटे गोविंद खंडू को 1,12,587 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी. गुजरात की उमरेठ सीट पर भी बीजेपी के हर्षदभाई परमार ने अपनी ताकत दिखाई. उन्होंने 85,500 वोट पाकर कांग्रेस के भृगुराज सिंह चौहान को 30,743 वोटों से हरा दिया.

दक्षिण भारत की बात करें तो कर्नाटक में कांग्रेस ने बीजेपी को पटखनी दी है. बागलकोट सीट पर कांग्रेस के उमेश हुल्लप्पा ने 98,919 वोट हासिल किए. उन्होंने बीजेपी के वीरभद्रय्या चरंतिमठ को 22,332 वोटों के अंतर से हराया. वहीं, दावणगेरे दक्षिण सीट पर भी कांग्रेस के समर्थ शमनूर मल्लिकार्जुन ने 69,578 वोट पाकर जीत दर्ज की. उन्होंने बीजेपी के श्रीनिवास टी. दासकरियप्पा को 5,708 वोटों से मात दी.

नॉर्थ-ईस्टॉ के राज्यों में भी बीजेपी का जलवा बरकरार रहा. नागालैंड की कोरीडांग सीट पर बीजेपी के दाओचियर आई. इमचेन ने 7,317 वोट हासिल कर जीत दर्ज की. उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार तोशिकाबा को 3,123 वोटों से हराया. त्रिपुरा की धर्मनगर सीट पर भी बीजेपी के जहार चक्रवर्ती ने 24,291 वोट पाकर बड़ी जीत हासिल की. उन्होंने सीपीएम (CPI-M) के अमिताभ दत्ता को 18,290 वोटों के भारी अंतर से हराया.

Advertisement

इन नतीजों के साथ ही पांच राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर चल रहा सियासी घमासान अब खत्म हो गया है. कहीं रिकॉर्ड जीत हुई है तो कहीं कांटे की टक्कर' देखने को मिली. लेकिन कुल मिलाकर उपचुनाव 2026 के इन नतीजों ने आने वाली राजनीति की दिशा तय कर दी है. बारामती की जीत ने जहां सुनेत्रा पवार का कद बढ़ा दिया है, वहीं कर्नाटक में कांग्रेस की जीत ने विपक्षी खेमे को थोड़ी राहत दी है. फिलहाल, सभी राज्यों में विजेता उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच जश्न का माहौल है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »