'अग्निपथ' पर बवाल की आग में जल रहा देश... जानें यूपी-बिहार से जम्मू-तमिलनाडु तक के सभी बड़े अपडेट

Agnipath Scheme Protest: देश में अग्निपथ योजना को लेकर बवाल बढ़ता जा रहा है. जम्मू से लेकर तमिलनाडु तक विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं. कई ट्रेनों को आग के हवाले कर दिया गया है. सड़कों पर जाम लगा दिया गया है. अग्निपथ पर बवाल की आग में कैसे जल रहा है देश? जानें...

Advertisement
अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शनकारी अब तक कई ट्रेनों को फूंक चुके हैं. (फाइल फोटो-PTI) अग्निपथ योजना के विरोध में प्रदर्शनकारी अब तक कई ट्रेनों को फूंक चुके हैं. (फाइल फोटो-PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 17 जून 2022,
  • अपडेटेड 5:13 PM IST
  • बिहार में कई स्टेशनों पर ट्रेनें फूंकी
  • लखीसराय में एक व्यक्ति की मौत
  • यूपी के बलिया में भी ट्रेन जलाई

Agnipath Scheme Protest: सेना में चार साल की भर्ती के लिए लाई गई केंद्र सरकार की 'अग्निपथ योजना' का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है. अग्निपथ योजना के खिलाफ बिहार से शुरू हुई आग फैलती जा रही है. 

बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, झारखंड और मध्य प्रदेश समेत 12 राज्यों में इस योजना के खिलाफ उग्र प्रदर्शन हो रहे हैं. जगह-जगह प्रदर्शनकारी ट्रेनें फूंक रहे हैं, टायर जलाकर सड़कें जाम कर रहे हैं और पथराव कर रहे हैं. 

Advertisement

अग्निपथ योजना के बढ़ते विरोध के बीच एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने बताया है कि अगले हफ्ते यानी 24 जून से भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. वहीं, सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने भी बताया कि इस साल दिसंबर तक पहला अग्निवीर मिल जाएगा और उसे अगले साल जून तक तैनात कर दिया जाएगा. 

इससे पहले विरोध के चलते केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना के लिए आयुसीमा को दो साल तक बढ़ाकर 23 साल कर दिया था. अग्निपथ योजना के लिए 17.5 से 21 साल के युवा आवेदन कर सकते हैं, लेकिन पहले साल 23 साल तक के युवा इसके लिए आवेदन कर सकते हैं. इन युवाओं को चार साल के लिए तीनों सेनाओं में भर्ती किया जाएगा. इन युवाओं को 'अग्निवीर' कहा जाएगा. इस साल 46 हजार अग्निवीरों को भर्ती किया जाएगा. इनमें से 25 फीसदी अग्निवीर चार साल बाद भी सेना में बरकरार रहेंगे. जबकि, बाकी अग्निवीरों को सेवा मुक्त कर दिया जाएगा.

Advertisement

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 14 जून को अग्निपथ योजना का ऐलान किया था. इसके अगले ही दिन से इस योजना का विरोध शुरू हो गया था. तीन दिन से बिहार से लेकर यूपी-हरियाणा तक अग्निपथ योजना का विरोध हो रहा है. 

ये भी पढ़ें-- Agnipath Scheme: धूं-धूं कर जलीं ट्रेनें, सड़क से स्टेशनों तक तांडव... 7 Videos में देखें 'अग्निपथ' पर कहां-कहां मचा बवाल

अग्निपथ पर बवाल के 16 बड़े अपडेट

1. बिहार में कई ट्रेनें फूंकी, स्टेशनों पर जुटे प्रदर्शनकारी

- अग्निपथ योजना का सबसे ज्यादा विरोध बिहार में हो रहा है. बिहार में तीन दिन से उग्र प्रदर्शन हो रहे हैं. गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने छपरा, गोपालगंज और कैमूर में तीन ट्रेनों को आग के हवाले कर दिया गया था.

- शुक्रवार को भी कई जगहों पर ट्रेनों को जला दिया गया. आज सुपौल और आरा में ट्रेनों को फूंक दिया गया. समस्तीपुर में भी बिहार संपर्क ट्रेन की एसी बोगी में आग लगा दी गई. नालंदा में भी मगध एक्सप्रेस की कुछ बोगियों को जला दिया गया.

- बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर भी बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी उतर गए हैं. उन्होंने राजगीर इंटरसिटी ट्रेन को रोक दिया. इसके अलावा बाइपास में सड़क मार्ग को भी जाम कर दिया.

Advertisement

- इसे लेकर बिहार में भी सियासत शुरू हो गई है. नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड ने भी योजना का रिव्यू करने की मांग की है. वहीं, लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल ने शनिवार को 'बिहार बंद' बुलाया है.

बिहार के कुल्हड़िया स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन फूंक दी.

2. 200 ट्रेनें प्रभावित, 35 ट्रेनें कैंसिल

- रेलवे ने बताया कि विरोध प्रदर्शनों के चलते 200 से ज्यादा ट्रेनों की आवाजाही पर असर हुआ है. वहीं, करीब 35 ट्रेनों को कैंसिल करना पड़ा है. 

- रेलवे के मुताबिक, सबसे ज्यादा असर पूर्वी मध्य रेलवे पर हुआ है, जो बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों को कवर करता है. रेलवे ने बताया कि बाकी ट्रेनों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है और स्थिति के अनुसार इन पर फैसला लिया जाएगा.

3. हरियाणा में रेलवे ट्रैक पर टायर जलाया

- हरियाणा में लगातार दूसरे दिन योजना के विरोध में उग्र प्रदर्शन हो रहे हैं. कुछ प्रदर्शनकारियों ने नरवाना में रेलवे ट्रैक पर टायर जलाया और कुछ लोग ट्रैक पर ही बैठ गए, जिस कारण जिंद-बठिंडा ट्रैक ब्लॉक हो गया है.

- रोहतक में भी प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाए. बल्लभगढ़ में गाड़ियों पर पत्थरबाजी करने के आरोप में पुलिस ने 40 से ज्यादा युवाओं को हिरासत में लिया है.

Advertisement

- पुलिस ने बताया कि ज्यादातर प्रदर्शनकारी कॉलेज स्टूडेंट्स हैं. पुलिस के मुताबिक, अनाज मंडी के पास युवाओं ने पथराव किया. रेवाड़ी में भी एक्स्ट्रा फोर्स तैनात की गई है.

- इससे पहले गुरुवार को पलवल में डिप्टी कमिश्नर के घर के बाहर युवाओं ने पथराव किया था. इस मामले में पुलिस ने एक हजार से ज्यादा लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. 

रेवाड़ी में प्रदर्शनकारी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं.

4. दिल्ली में कुछ मेट्रो स्टेशन के गेट थोड़ी देर बंद

- दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के चलते कुछ देर के लिए ITO मेट्रो स्टेशन के सारे गेट बंद करने पड़े थे. यहां वाम समर्थित छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिशन (AISA) प्रदर्शन कर रहे थे. 

- ITO स्टेशन के अलावा दिल्ली गेट और जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के भी सारे गेट कुछ देर के लिए बंद कर दिए गए थे. मेट्रो स्टेशन के बाहर प्रदर्शन कर रहे कई छात्रों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है.

दिल्ली में ITO के बाहर कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया.

ये भी पढ़ें-- अग्निवीर के लिए अग्निपथ सही, 4 साल देश सेवा, फिर 23 लाख लेकर ये विकल्प!

 5. इंदौर में 600 प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर जुटे

Advertisement

- मध्य प्रदेश के इंदौर में लगातार दूसरे दिन विरोध प्रदर्शन जारी है. शुक्रवार को सैकड़ों युवा रेलवे स्टेशन पर इकट्ठे हो गए. उन्होंने वहां पथराव किया. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े.

- इंदौर पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्रा ने न्यूज एजेंसी को बताया कि लक्ष्मीबाई नगर रेलवे स्टेशन पर करीब 600 युवा इकट्ठे हो गए थे. उन्होंने पथराव भी किया, जिसमें दो पुलिसकर्मियों को चोट भी आई है. पुलिस ने 15 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार भी किया है.

6. हैदराबाद में तीन ट्रेनों में आग लगाई गई

- उत्तर भारत से शुरू हुई आग दक्षिण भारत तक भी पहुंच गई. तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में शुक्रवार सुबह जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ. इसी बीच गृह मंत्रालय ने तेलंगाना में सीआरपीएफ की तीन कंपनियों को भेजने का आदेश दिया है.

- दक्षिण मध्य रेलवे से जुड़े अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी को बताया कि प्रदर्शनकारियों ने तीन यात्री ट्रेनों की कुछ बोगियों में आग लगा दी है. गनीमत रही कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं पहुंची.

- सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों की आवाजाही को प्रभावित करने की कोशिश की. प्रदर्शनकारियों ने ट्रेनों से पार्सल निकालकर ट्रैक पर रखकर जला दिया, ताकि ट्रेनों की आवाजाही को बाधित किया जा सके. प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग भी की.

Advertisement

7. यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस फूंकी

- अग्निपथ योजना को लेकर यमुना एक्सप्रेसवे को दोनों तरफ से प्रदर्शनकारियों ने जाम कर दिया है. ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित यमुना एक्सप्रेस वे को दोनों तरफ से सैकड़ों युवाओं ने जाम कर दिया. वहां एक बस को आग लगा दी गई है.

- अलीगढ़ से नोएडा व नोएडा से अलीगढ़ की दोनों साइड पर वाहन जस के तस फंसे हैं. इससे यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक जाम लग गया है. फिलहाल पुलिस प्रशासन के लोग उपद्रवियों को समझाने में जुटे हैं.

8. तमिलनाडु में रेलवे स्टेशन पर बवाल

- तमिलनाडु के त्रिची में भी रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शनकारी बवाल कर रहे हैं. जानकारी के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शनकारी हंगामा कर रहे हैं, जिस कारण ट्रेन की आवाजाही बंद हो गई है.

- रेलवे पुलिस और पुलिस अधिकारियों ने वहां पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाया, लेकिन प्रदर्शनकारी योजना को वापस लेने की मांग कर रहे हैं. इस मामले में 35 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है.

9. यूपी के बलिया में ट्रेन फूंकी, बसों में भी तोड़फोड़

- उत्तर प्रदेश के बलिया में भी प्रदर्शनकारियों ने एक खाली ट्रेन को आग के हवाले कर दिया. इसके अलावा ट्रैक पर खड़ी और बाकी ट्रेनों में भी तोड़फोड़ कर दी.

Advertisement

- न्यूज एजेंसी के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने रेलवे के गोदाम पर भी पत्थरबाजी की. इसके अलावा रेलवे प्लेटफॉर्म पर बनीं प्राइवेट दुकानों को भी टारगेट किया गया. 

- ट्रेनों के अलावा प्रदर्शनकारी बसों को भी निशाना बना रहे हैं. वाराणसी में आज सुबह एक बस में प्रदर्शनकारियों ने जमकर पथराव किया.

वाराणसी में बस में तोड़फोड़ कर दी गई.

 

ये भी पढ़ें-- Explainer: सिर्फ चार साल की नौकरी, NO पेंशन... जानिए अग्निपथ स्कीम से क्यों भड़के हुए हैं देश भर के युवा

10. गुरुग्राम में धारा 144 लागू

- हरियाणा में भी दो दिन से अग्निपथ योजना का विरोध हो रहा है. इसे देखते हुए गुरुग्राम में धारा 144 लागू कर दी गई है. इसके तहत एक जगह पर 4 लोगों के जुटने पर रोक लग गई है.

- इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है. पुलिस कमिश्नर का कहना है कि शहर में यातायात को किसी भी सूरत में बाधित होने नहीं दिया जाएगा. उन्होंने सड़क जाम करने वालों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए हैं.

11. ओडिशा में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज

- ओडिशा में भी अग्निपथ योजना का विरोध शुरू हो गया है. कटक में महानदी खाड़ी से आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस तक मार्च निकाल रहे हजारों प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया.

- हालांकि, कटक में पहले से भारी फोर्स तैनात थी और उसने मार्च को बीच में ही रोक दिया. कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में भी लिया गया है. वहीं, कटक में डीसीपी ऑफिस के बाहर भी प्रदर्शनकारियों ने सड़क को जाम कर दिया था.

12. लखीसराय में एक की मौत

- बिहार के लखीसराय में एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है. दावा किया जा रहा है कि ट्रेन में आग लगने के बाद व्यक्ति की हालत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है.

13. बंगाल में हावड़ा ब्रिज पर प्रदर्शन

- अग्निपथ योजना का विरोध पश्चिम बंगाल तक पहुंच गया है. आज सुबह सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने हावड़ा ब्रिज पर जाम लगा दिया. बाद में पुलिस की मदद से इन्हें हटाया गया.

हावड़ा ब्रिज पर प्रदर्शन.

14. राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में भी विरोध शुरू

- गुरुवार को राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, सीकर, नागौर, अजमेर और झुंझनू जिले में जमकर विरोध प्रदर्शन हुए थे. आज चित्तौड़गढ़ में भी इसका विरोध शुरू हो गया है. बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट चौराहे पर पहुंचकर नारेबाजी की. सीएम अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खेल रही है.

15. उत्तराखंड के हलद्वानी में सुबह से प्रदर्शन

- उत्तराखंड के हलद्वानी में आज सुबह से प्रदर्शन हो रहे हैं. यहां भारी पुलिस तैनात कर दी गई है. इसके अलावा प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे भी जाम कर दिया था. कुछ जगहों पर पुलिस के साथ झड़प होने की भी खबरें हैं.

- इसी बीच डीजीपी अशोक कुमार ने सभी जिला प्रमुखों को अलर्ट पर रहने की चेतावनी दी है. उन्होंने आदेश दिया कि किसी भी कीमत पर कानून व्यवस्था नहीं बिगड़नी चाहिए.

16. जम्मू के कठुआ जिले में भी प्रदर्शन

- जम्मू के कठुआ जिले में प्रदर्शनकारियों ने जम्मू-पठानकोट हाईवे पर प्रदर्शन किया. इससे जम्मू-पठानकोट हाईवे ब्लॉक हो गया. 

- कठुआ के अलावा जम्मू के और भी कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. प्रदर्शनकारी अग्निपथ योजना को वापस लेने की मांग कर रहे हैं.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement