प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजयादशमी के मौके पर पूर्वी दिल्ली में आयोजित रामलीला समारोह में रावण दहन किया. वहीं, अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो अभी भारत में हैं. यहां उन्होंने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन के नेताओं के बीच परमाणु हथियारों पर नियंत्रण को लेकर बातचीत होनी चाहिए. इन खबरों के अलावा, एशियन पैरा गेम्स 2026 के दूसरे तीन भारत की झोली में 5 गोल्ड मेडल समेत 35 पदक आए. पढ़ें मंगलवार शाम की बड़ी खबरें.
पीएम मोदी ने गिनाए देश के 3 दुश्मन, रावण दहन कर बोले- इनसे मिलकर लड़ना होगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विजयादशमी के मौके पर पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित DDA ग्राउंड में रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ के उत्सव में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए. इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि गरीबों और वंचितों की सेवा सर्वोपरि होनी चाहिए. इसके बाद पीएम मोदी ने रावण के पुतले का दहन किया.
भारत में मार्को रुबियो से चीन पर सवाल, परमाणु हथियारों की रेस पर कही ये बड़ी बात
मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन के नेताओं के बीच हथियारों पर नियंत्रण को लेकर बातचीत होनी चाहिए. मुंबई में भारत दौरे के दौरान उनसे चीन की इस मुद्दे पर चर्चा की तैयारी को लेकर सवाल पूछा गया. रुबियो ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि चीन इसके लिए तैयार है या नहीं, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप बातचीत के लिए तैयार हैं.
Asian Para Games: निषाद कुमार का डबल गोल्ड, डिस्कस थ्रो में भारत का क्लीन स्वीप
निषाद कुमार ने मंगलवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 में दूसरा गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया. वह एक ही संस्करण में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले तीसरे भारतीय बन गए हैं. निषाद ने पुरुषों की हाई जंप T47 स्पर्धा में 2.04 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता. इससे पहले उन्होंने सोमवार को लॉन्ग जंप T47 स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया था.
Asian Para Games: डिस्कस थ्रो में प्रणव का एशियन रिकॉर्ड के साथ गोल्ड, 200 मीटर में सिमरन चमकीं
एशियन पैरा गेम्स में मंगलवार को भारत के प्रणव सूरमा ने पुरुषों की डिस्कस थ्रो की संयुक्त F51/52/53 स्पर्धा में एशियन रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता. जबकि, राम रतन सिंह ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया. वहीं, महिलाओं की 200 मीटर T12 रेस में सिमरन ने गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि तेजलबेन डामोर ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया.
Shafali Verma: कैच टपकाया, गुस्से में जमीन पर दे मारी गेंद, ICC ने शेफाली को लगाई फटकार
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान शेफ़ाली वर्मा को जिम्बाब्वे के ख़िलाफ़ दूसरे टी ट्वेंटी मैच में कैच छोड़ने के बाद गुस्से में गेंद ज़मीन पर पटकना भारी पड़ा. ICC ने उन्हें आचार संहिता के उल्लंघन पर फटकार लगाई और उनके रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट जोड़ा. शेफ़ाली ने अपनी गलती स्वीकारी, जिसके बाद औपचारिक सुनवाई की ज़रूरत नहीं पड़ी.
दिल्ली में यमुना को मिलेगा नया लुक, पल्ला से कालिंदी कुंज तक रिवरफ्रंट बनाने की तैयारी
दिल्ली में यमुना किनारे की तस्वीर बदलने की तैयारी है. सरकार पल्ला से कालिंदी कुंज तक रिवरफ्रंट विकसित करेगी. यहां साइकिल ट्रैक, पैदल चलने के रास्ते और मनोरंजन की जगहें बनाई जाएंगी. परियोजना दो चरणों में पूरी होगी. पहले चरण में पल्ला से वज़ीराबाद और दूसरे में वज़ीराबाद से कालिंदी कुंज के पास ओखला बैराज तक विकास कार्य होंगे.
भारतीय फैन्स के लिए खुशखबरी! एक भी पैसा खर्च किए बिना स्टेडियम में देख सकेंगे मैच, ऐसे मिलेगा फ्री पास?
हॉकी इंडिया ने पंजाब में होने वाली मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के सभी मैचों में दर्शकों की एंट्री मुफ़्त कर दी है. 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में टूर्नामेंट के 20 मुकाबले खेले जाएंगे. फ़ैन्स बिना टिकट ख़रीदे मैचों का लुत्फ़ उठा सकेंगे. सुरजीत हॉकी स्टेडियम और बलबीर सिंह हॉकी स्टेडियम में सभी मैच आयोजित होंगे.
महाराष्ट्र CM देवेंद्र फडणवीस से मिले सर्जियो गोर-मार्को रुबियो, गेटवे ऑफ इंडिया का किया दौरा
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो मंगलवार को मुंबई पहुंचे. उनके साथ पत्नी और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे. इस यात्रा के दौरान भारत-अमेरिका संबंधों, व्यापार और प्रस्तावित ट्रेड डील पर चर्चा होने की उम्मीद है. रुबियो और सर्जियो गोर ने महाराष्ट्र के CM से मुलाक़ात की और उनके साथ गेटवे ऑफ़ इंडिया का दौरा भी किया.
Asian Para Games: एथलेटिक्स में गोल्ड की बरसात, भारत के 35 मेडल, निषाद कुमार ने रचा इतिहास
एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारत ने दूसरे दिन पांच गोल्ड समेत कुल 35 मेडल जीत लिए. निषाद कुमार ने हाई जंप में गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता, जबकि दीप्ति जीवनजी ने 400 मीटर T20 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया. एथलेटिक्स में भारत के कुल 20 मेडल हो चुके हैं. निशानेबाजी, स्विमिंग और टेबल टेनिस में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीते.
'जो समाजवादी हैं वही रामराज...', अखिलेश ने PDA यात्रा को दिखाई हरी झंडी
अखिलेश यादव ने PDA को मजबूत करने के संदेश के साथ पार्टी के प्रचार अभियान को तेज किया है. उन्होंने मंगलवार को सपा कार्यालय से PDA यात्रा रथों को नारियल फोड़कर और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान पंडितों ने शंखनाद किया और मंत्रोच्चारण भी हुआ. इन रथों के जरिए युवाओं, पीड़ितों और पिछड़े वर्गों को साधने का संदेश दिया गया है.
aajtak.in