एशियन पैरा गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है. अनुभवी खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन और नए खिलाड़ियों की चमक के बीच भारत ने मंगलवार को पांच गोल्ड मेडल अपने नाम किए. एथलेटिक्स भारतीय दल के लिए स्वर्णिम सफलता का सबसे बड़ा केंद्र रहा, जहां निषाद कुमार और दीप्ति जीवनजी ने अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा.
प्रतियोगिता के दूसरे दिन के अंत तक भारत के खाते में 35 मेडल हो चुके हैं. इनमें 9 गोल्ड, 11 सिल्वर और 15 ब्रॉन्ज शामिल हैं. कुल पदकों में एथलेटिक्स का योगदान 20 मेडल का है.
निषाद कुमार ने रचा इतिहास
निषाद कुमार मंगलवार को भारत के सबसे चमकदार सितारे बनकर उभरे. उन्होंने पुरुषों की हाई जंप T47 स्पर्धा में 2.04 मीटर की छलांग लगाकर गोल्ड मेडल जीता और गेम्स रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. इससे पहले उन्होंने सोमवार को लॉन्ग जंप T47 में भी गोल्ड जीता था.
इस उपलब्धि के साथ निषाद एक ही एशियन पैरा गेम्स में दो अलग-अलग स्पर्धाओं में गोल्ड जीतने वाले तीसरे भारतीय बन गए. निषाद की लगातार दूसरे दिन स्वर्णिम सफलता भारत के लिए बड़ी उपलब्धि रही.
दीप्ति जीवनजी ने बरकरार रखा दबदबा
तेलंगाना की 23 साल की दीप्ति जीवनजी ने महिलाओं की 400 मीटर T20 स्पर्धा में 56.36 सेकंड का समय निकालकर गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए लगातार दूसरी बार इस स्पर्धा में एशियाई चैंपियन होने का गौरव हासिल किया.
T20 वर्ग बौद्धिक अक्षमता वाले खिलाड़ियों के लिए होता है. दीप्ति पूर्व विश्व चैम्पियन हैं और 2024 पेरिस पैरालंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं.
एथलेटिक्स में सिमरन ने महिलाओं की 200 मीटर T12 स्पर्धा में गोल्ड जीता. दृष्टिबाधित सिमरन ने 24.80 सेकंड के समय के साथ गेम्स रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने शाकाहारी भोजन के सीमित विकल्पों के कारण हुई थकान के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया. इसी स्पर्धा में गेम्स में पदार्पण कर रहीं तेजलबेन डामोर ने 25.23 सेकंड के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता.
व्हीलचेयर पर खेलने वाले प्रणव सूरमा ने F51/52/53 डिस्कस थ्रो में, जबकि देवेंद्र कुमार ने F44/64 डिस्कस थ्रो में गोल्ड मेडल जीतकर भारत की स्वर्णिम सफलता को आगे बढ़ाया.
निशानेबाजी और पावरलिफ्टिंग में भी चमक
निशानेबाजी में मनीष नरवाल ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 स्पर्धा में 233.7 अंक के साथ सिल्वर मेडल जीता. इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने भारत के लिए 2028 लॉस एंजिलिस पैरालंपिक का कोटा स्थान भी हासिल किया. दक्षिण कोरिया के जो जियोंगडू ने गोल्ड जीता, जबकि भारत की पदार्पण कर रहीं सृष्टि अरोड़ा ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल SH1 स्पर्धा में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.
निशानेबाजी में भारत के कुल मेडल की संख्या चार हो गई है, जिसमें एक गोल्ड, दो सिल्वर और एक ब्रॉन्ज शामिल हैं.
पावरलिफ्टिंग में अशोक कुमार मलिक ने पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में 192 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल जीता. हरियाणा के गोहाना के 37 वर्षीय अशोक को बचपन में पोलियो हुआ था. उन्होंने पिछले संस्करण के ब्रॉन्ज मेडल को इस बार सिल्वर में बदल दिया.
स्विमिंग और टेबल टेनिस में भी मेडल
स्विमिंग में हिमांशु नंदल और निरंजन मुकुंदन ने ब्रॉन्ज मेडल जीते. दृष्टिबाधित हिमांशु ने पुरुषों की 400 मीटर फ्रीस्टाइल S11 स्पर्धा में 5 मिनट 10.91 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया. निरंजन ने पुरुषों की 200 मीटर व्यक्तिगत मेडले SM7 स्पर्धा में 2 मिनट 57.01 सेकंड के समय के साथ ब्रॉन्ज जीता.
टेबल टेनिस में रवि बेबी सहाना और प्राची पांडे ने इतिहास रच दिया. दोनों स्टैंडिंग कैटेगरी में एशियन पैरा गेम्स का पदक जीतने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बने. भारतीय खिलाड़ियों ने इस खेल में कुल चार ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए. इससे भारत ने पिछले संस्करण के दो ब्रॉन्ज मेडल के प्रदर्शन को भी पीछे छोड़ दिया.
तीरंदाजी में पांच मेडल पक्के, बैडमिंटन में भी दम
तीरंदाजी में भारत ने कम से कम पांच मेडल पक्के कर लिए हैं. मौजूदा चैंपियन शीतल देवी ने महिलाओं की कंपाउंड स्पर्धा के सेमीफाइनल में जापान की शिनोहारा आया को 145-137 से हराकर फाइनल में जगह बनाई. क्वालिफिकेशन राउंड में उन्होंने विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करने के साथ नया एशियाई रिकॉर्ड भी बनाया था. अब उनका सामना सिंगापुर की अलीम नूर सैयदियाह से होगा.
गेम्स में पदार्पण कर रहीं स्वाति चौधरी ने महिलाओं की W1 स्पर्धा के सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया की ईनही ली को 6-2 से हराकर कम से कम सिल्वर मेडल पक्का किया.
महिलाओं की कंपाउंड डबल्स स्पर्धा में शीतल देवी और पायल नाग की जोड़ी ने थाईलैंड को 151-135 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया. महिला रिकर्व डबल्स में पूजा और भावना ने ईरान की जोड़ी को 6-2 से मात दी. पुरुष रिकर्व डबल्स में पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने दक्षिण कोरिया को 5-4 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया.
रिकर्व और कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्पर्धाओं में भी भारत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई.
बैडमिंटन में विश्व चैम्पियन प्रमोद भगत और पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट कुमार नितेश ने पुरुष एकल SL3 के सेमीफाइनल में पहुंचकर मेडल पक्का किया. भगत ने जापान के दाइसुके फुजीहारा को 21-12, 21-10 से हराया. अब गुरुवार को उनका सामना कोरिया के ली सेउंघु से होगा. नितेश ने हमवतन विक्रम कुमार को 21-8, 21-8 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई, जहां उनकी भिड़ंत इंडोनेशिया के अल मुह इमरान से होगी.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क