बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में सोमवार को किला कोर्ट में चार आरोपियों को दोबारा पेश किया गया. इनमें कुणाल संजय, सुमित सरोलिया, राधा वर्मा और बबीता राव शामिल हैं. चारों पर फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों की सप्लाई और साजिश में शामिल होने का आरोप है.
किला कोर्ट ने इन चारों आरोपियों को 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने चारों की पुलिस कस्टडी 31 अक्टूबर तक बढ़ाने की मांग की है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल से मिले वॉइस नोट्स में हथियारों की खरीद, डिलीवरी और घटना के बाद उन्हें वापस भेजने के निर्देशों से जुड़ी बातचीत मिली है.
पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने अनिल पंडित के कहने पर फायरिंग करने वालों को हथियार मुहैया कराए थे. फायरिंग के बाद हथियार वापस भेजने के निर्देश भी दिए गए थे.
वहीं, बचाव पक्ष ने दलील दी कि हथियार पहले ही बरामद हो चुके हैं और आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाना चाहिए.
इस बीच, शनिवार को टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में पुलिस ने 11वीं गिरफ्तारी की. मुंबई क्राइम ब्रांच ने हरियाणा के सोनीपत जिले के गांव हरसाना निवासी प्रांजल को इंदौर से गिरफ्तार किया. पुलिस ने बताया, शूटरों तक हथियार और जिंदा कारतूस पहुंचाने में उसकी अहम भूमिका थी. आरोपी की निशानदेही पर गुजरात के सूरत से तीन अवैध हथियार और 10 कारतूस बरामद किए गए हैं.
वहीं, गिरफ्तार किए गए 11 आरोपियों में से आठ सोनीपत जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. प्रांजल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था. उसकी गिरफ्तारी के बाद परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. परिवार वालों का दावा है कि उनका बेटा निर्दोष है और उसे गलत तरीके से हिरासत में लिया गया है.
विद्या / दिव्येश सिंह