बिहार के बेगूसराय के एक गांव से निकलकर मुंबई पहुंचा ऋतिक बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तारी हो चुका है. अब इस मामले में उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल और लाइफस्टाइल चर्चा में है. इंस्टाग्राम पर 7 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स और प्रेमानंद जी महाराज को फॉलो करना, स्टाइलिश अंदाज में बनाई गई रील्स, जिम के वीडियो और महंगी गाड़ियों के साथ तस्वीरें ऋतिक की ऑनलाइन दुनिया उसके पारिवारिक परिवेश से बिल्कुल अलग नजर आती है.
एक तरफ उसके पिता गांव में लिट्टी-समोसे और नाश्ते की दुकान चलाते हैं, जबकि मां मेकअप की दुकान संभालती हैं. दूसरी तरफ ऋतिक के सोशल मीडिया अकाउंट पर दिखाई देने वाली फोटो उसकी अलग ही जीवनशैली की झलक पेश करती हैं. यही अंतर अब चर्चा का विषय बना हुआ है. ऋतिक कुमार के इंस्टाग्राम अकाउंट का नाम 'ऋतिक लाइफस्टाइल' बताया जा रहा है. उसके अकाउंट पर 7 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. खास बात यह बताई गई है कि वह खुद केवल एक अकाउंट को फॉलो करता था. यह अकाउंट 'भजन मार्ग ऑफिशियल' है, जिसे प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज का आधिकारिक पेज बताया जाता है.
ऋतिक की प्रोफाइल पर मौजूद वीडियो और तस्वीरों में वह अलग-अलग जगहों पर स्टाइलिश अंदाज में नजर आता है. जिम में कसरत करते हुए उसके वीडियो भी सामने आए हैं. उसके शरीर पर टैटू भी बने हुए हैं. महंगी गाड़ियों के साथ तस्वीरें खिंचवाना और रील्स बनाना उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों का हिस्सा था. इन तस्वीरों और वीडियो के सामने आने के बाद लोग उसकी जीवनशैली को लेकर सवाल उठा रहे हैं.
पिता बेचते हैं लिट्टी-समोसे
ऋतिक का परिवार बिहार के बेगूसराय जिले से जुड़ा है. उसके पिता रामू महतो पिपरा गांव में लिट्टी-समोसे और नाश्ते की दुकान चलाते हैं. उसकी मां संयुक्ता देवी श्रृंगार की दुकान चलाती हैं. परिवार में ऋतिक के अलावा एक छोटा भाई और एक बहन भी है. परिवार मूल रूप से मटिहानी थाना क्षेत्र के बदलपुरा गांव का रहने वाला बताया जाता है. रामू महतो ने पिपरा में दुकान चलाने के बाद डुमरी में जमीन खरीदकर मकान बनाया था. परिवार पिछले कई वर्षों से डुमरी में रह रहा है, जबकि नाश्ते की दुकान पिपरा में चलती है. साधारण कारोबारी पृष्ठभूमि वाले परिवार से आने वाले ऋतिक की मुंबई की जिंदगी को लेकर अब कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं. लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति और ऋतिक की सोशल मीडिया पर दिखाई देने वाली जीवनशैली के बीच अंतर का वास्तविक कारण क्या था, इसका जवाब अभी सामने नहीं आया है.
दिल्ली में काम किया, फिर मुंबई पहुंचा ऋतिक
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, ऋतिक कई साल तक दिल्ली में काम करता रहा. इसके बाद वह मुंबई चला गया, जहां छह महीने से अधिक समय से रह रहा था. मुंबई में वह कुकिंग से जुड़े काम के साथ रैपिडो में भी काम करता था. बताया गया है कि सावन के महीने में वह कुछ समय के लिए बेगूसराय आया था. इसके बाद फिर मुंबई लौट गया. इस दौरान उसने वहां अपनी जिंदगी आगे बढ़ाने की कोशिश की. उसकी सोशल मीडिया प्रोफाइल पर मौजूद वीडियो से पता चलता है कि वह अपने पहनावे, फिटनेस और स्टाइल को लेकर काफी सक्रिय था.
बाइक खरीदने के लिए मां ने भेजे थे 41 हजार रुपये
ऋतिक की मां संयुक्ता देवी के मुताबिक, उन्होंने बेटे को बाइक खरीदने के लिए 41 हजार रुपये भेजे थे. मां का दावा है कि उनका बेटा इस मामले में फंसाया गया है. हालांकि, उन्होंने यह आशंका भी जताई कि उसके दोस्त उसे लालच देकर या बरगलाकर इस घटना में शामिल कर सकते हैं.
शादी की तैयारी के बीच गिरफ्तारी
परिजनों के अनुसार, मुंबई में रहते हुए ऋतिक को एयरपोर्ट पर काम करने वाली ज्योति नाम की युवती से प्यार हो गया था. बताया गया कि दोनों आने वाले महीनों में शादी करने की तैयारी कर रहे थे. ऋतिक की मां ने बताया कि 18 अक्टूबर को उसने अपनी प्रेमिका को घर जाने के लिए ट्रेन में बैठाया था. उनके मुताबिक, उसी दिन दोपहर के बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई. बाद में परिवार को पुलिस की ओर से ऋतिक की गिरफ्तारी की जानकारी मिली. परिवार के लिए यह केस अचानक आया झटका था. एक तरफ बेटे की शादी की चर्चा चल रही थी, तो दूसरी तरफ अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में उसकी गिरफ्तारी की खबर सामने आ गई.
अब जांच के घेरे में ऋतिक की जिंदगी के कई पहलू
ऋतिक कुमार की गिरफ्तारी के बाद उसकी पृष्ठभूमि, मुंबई में कामकाज, सोशल मीडिया गतिविधियों और दोस्तों के संपर्कों को लेकर सवाल उठ रहे हैं. उसकी मां ने जहां बेटे को फंसाए जाने की आशंका जताई है, वहीं दोस्तों के बहकावे में आने की संभावना भी व्यक्त की है.
सौरभ कुमार