सोनीपत के गांव रोहणा का कुणाल दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की गिरफ्त में है. आरोप है कि उसने बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में हथियार सप्लाई करने में भूमिका निभाई. उसके साथ तीन अन्य लोग भी गिरफ्तार हुए हैं. कुणाल की दादी माया का कहना है कि परिवार उसे बार-बार समझाता था, लेकिन वह मानता नहीं था.
पुलिस का कहना है कि कुणाल पर इस मामले में हथियारों की सप्लाई से जुड़े होने का आरोप है. उसके साथ गांव के ही सुमित और उत्तर प्रदेश की रहने वाली राधा और बबीता को भी गिरफ्तार किया गया है. इस पूरे मामले के बीच कुणाल की दादी माया ने कहा कि परिवार उसे बार-बार समझाता था, लेकिन वह उनकी बात नहीं मानता था. दादी के मुताबिक, कुणाल पहले भी दोस्तों के साथ पानीपत जाकर एक आपराधिक वारदात को अंजाम दे चुका था और जेल में भी रह चुका था.
होटल में नौकरी, दसवीं तक पढ़ाई
परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, कुणाल होटल में नौकरी करता था. उसने दसवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी. उसके माता-पिता एक निजी कंपनी में काम करते हैं. परिवार के लिए यह मामला इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि अब कुणाल का नाम एक ऐसे केस से जुड़ गया है, जिसकी जांच दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल कर रही है.
यह भी पढ़ें: पहचान छिपाने के लिए मुंडवाया सिर, टाइगर श्रॉफ पर हमले की 2 महीने से प्लानिंग कर रहा था ऋतिक!
अब यह पूरा मामला बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग से जुड़ा है. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार कहां से आए और उन्हें मुंबई तक पहुंचाने में किन लोगों की भूमिका रही.
ट्रेन से मुंबई पहुंचाई गईं पिस्तौल?
पुलिस के मुताबिक, कुणाल के साथ गिरफ्तार किए गए सुमित, राधा और बबीता की भूमिका भी हथियारों की सप्लाई में सामने आई है. जांच में आरोप है कि दोनों महिलाओं ने ट्रेन के जरिए पिस्टल मुंबई पहुंचाई थीं. अब सवाल है कि इन हथियारों की व्यवस्था किसने की? इन्हें मुंबई पहुंचाने के लिए किसने कहा था? और जिस फायरिंग के मामले की जांच हो रही है, उसमें इन आरोपियों की भूमिका कितनी थी? इन सवालों के जवाब अभी जांच का हिस्सा हैं. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि हथियारों की सप्लाई से जुड़ी कड़ियों को जोड़ा जा सके.
कुणाल की गिरफ्तारी को लेकर परिवार की ओर से एक और बात बताई गई है. परिवार के मुताबिक, जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम कुणाल को अपने साथ ले गई, तो उसे बताया गया था कि पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा है. परिवार ने कहा कि कुणाल के सिर पर चोट लगी हुई थी. हालांकि, यह चोट कैसे लगी, कब लगी और किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है.
पवन राठी