साइड मिरर टकराने पर हुआ विवाद, बाइक सवार युवक के सीने पर तानी पिस्टल, गुरुग्राम में खौफनाक रोड रेज

गुरुग्राम में रोड रेज की गंभीर घटना सामने आई है. मामूली साइड मिरर टकराने पर कार सवार ने बाइक सवार युवक के सीने पर पिस्टल तान दी. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.

Advertisement
गुरुग्राम में रोड रेज की घटना (Photo: Screengrab) गुरुग्राम में रोड रेज की घटना (Photo: Screengrab)

नीरज वशिष्ठ

  • गुरुग्राम ,
  • 27 जनवरी 2026,
  • अपडेटेड 9:04 PM IST

साइबर सिटी गुरुग्राम की सड़कों पर रोड रेज की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. मामूली साइड मिरर टकराने के विवाद में एक कार सवार ने बाइक सवार युवक के सीने पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी. आरोपी ने दो बार हथियार को कॉक भी किया. पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

पीड़ित की पहचान विनोद कुमार के रूप में हुई है. वह मूल रूप से महेंद्रगढ़ का रहने वाला है और फिलहाल गुरुग्राम के सेक्टर-5 में रहता है. विनोद 26 जनवरी की शाम करीब 4 बजे बाइक से ऑफिस से घर लौट रहा था. जब वह रेलवे रोड पर सदर बाजार डाकखाना के पास पहुंचा, तभी उसकी बाइक का साइड मिरर एक एमजी हेक्टर कार से हल्के से टकरा गया.

Advertisement

रोड रेज की घटना सीसीटीवी में कैद

विनोद के मुताबिक यह टक्कर कार चालक की गलती से हुई थी, लेकिन इसके बाद कार सवार ने उसकी बाइक के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी. जब विनोद ने कारण पूछा तो आरोपी बहस करने लगा. कुछ ही पलों में आरोपी ने कार की पिछली सीट से पिस्टल निकाली और सीधे विनोद के सीने पर तान दी.

पीड़ित ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन मौके पर मौजूद लोग डर के कारण बीचबचाव के लिए आगे नहीं आए. विनोद ने जब घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका मोबाइल छीन लिया और कार में बैठी महिला को दे दिया. कुछ देर बाद मोबाइल उसे वापस कर दिया गया.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की

किसी तरह जान बचाकर विनोद पास की रेड लाइट पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के पास पहुंचा. पुलिस को देखकर आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने कार को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार में भाग निकला.

Advertisement

घटनास्थल के पास एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी ड्राइविंग सीट पर बैठा है और हवा में पिस्टल लहरा रहा है. कार में आरोपी के साथ दो महिलाएं भी मौजूद थीं. विनोद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार के नंबर और आरोपी की पहचान करने में जुटी है. आरोपी की तलाश जारी है.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »