गुजरात के वलसाड जिले के वापी में बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है. यहां बलिठा इलाके में एक कुत्ते को स्कूटी के पीछे बांधकर सड़क पर घसीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो सामने आने के बाद पशु प्रेमियों में भारी नाराजगी है. लोगों ने इस घटना को अमानवीय बताते हुए इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार रात वापी के बलिठा क्षेत्र में पुलिस बिल्डिंग के पास हुई. आरोप है कि एक युवक और युवती ने कुत्ते को मोपेड यानी स्कूटी के पीछे बांध दिया और उसे सड़क पर घसीटते हुए ले गए. इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है. बेजुबान जानवर के साथ इस तरह का व्यवहार किए जाने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.
वीडियो वायरल होने के बाद पशु प्रेमियों में गुस्सा
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पशु प्रेमियों ने नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि जानवरों के साथ इस तरह की क्रूरता बर्दाश्त नहीं की जा सकती. पशु प्रेमियों ने घटना में शामिल युवक और युवती के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. उनका मानना है कि ऐसे मामलों में कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में बेजुबान जानवरों के साथ इस तरह का व्यवहार न हो.
इस मामले में जब वापी पुलिस के डीएसपी से जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने बताया कि अभी तक इस घटना को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति इस मामले से जुड़ी जानकारी देता है और शिकायत के लिए आवेदन करता है, तो मामले की छानबीन की जाएगी.
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
फिलहाल, खबर के मुताबिक, घटना में शामिल युवक और युवती फरार बताए जा रहे हैं. वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी. दूसरी ओर, वीडियो वायरल होने के बाद पशु प्रेमियों में रोष है और वे घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. अब इस मामले में शिकायत मिलने और पुलिस की जांच शुरू होने का इंतजार है.
कौशिक जोशी