अहमदाबाद में बम धमकियों के पीछे पाकिस्तान-बांग्लादेश का हाथ, क्रिप्टो के बदले बिके हैक्ड Gmail अकाउंट्स

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम समेत 35 से ज्यादा जगहों को बम धमकी के मामले में साइबर क्राइम ब्रांच ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में पता चला कि धमकियां भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए ईमेल अकाउंट्स बांग्लादेश और पाकिस्तान से ऑपरेट हो रहे थे. इस मामले में एक अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का भी पर्दाफाश हुआ है जो हैक किए गए अकाउंट्स की खरीद-फरोख्त करता था.

Advertisement
अहमदाबाद के कई जगहों को ई-मेल के जरिए बम की धमकी दी गई. (Reprentative Image/File) अहमदाबाद के कई जगहों को ई-मेल के जरिए बम की धमकी दी गई. (Reprentative Image/File)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 28 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:46 PM IST

गुजरात के अहमदाबाद में स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम और दूसरे ठिकानों को बम से उड़ाने की झूठी धमकियों के मामलों में एक बड़ा खुलासा हुआ है. साइबर क्राइम ब्रांच ने एक प्रेस रिलीज में बताया है कि धमकियां भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए ईमेल अकाउंट्स बांग्लादेश और पाकिस्तान से चलाए जा रहे थे.

इस जांच से हैक किए गए ईमेल अकाउंट्स की खरीद-फरोख्त करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट का भी पर्दाफाश हुआ है. साइबर सेल के मुताबिक, इससे पहले इसी तरह की धमकियों की जांच के दौरान गुजरात पुलिस ने पश्चिम बंगाल से एक आरोपी को गिरफ्तार किया था.

Advertisement

जांच में सामने आया था कि उस शख्स ने हैक किए गए जीमेल अकाउंट्स बांग्लादेश के एक व्यक्ति को बेचे थे. इसके बाद बांग्लादेशी हैंडलर ने उन अकाउंट्स को पाकिस्तान के किसी शख्स को क्रिप्टोकरेंसी के बदले बेच दिया था. 

पाकिस्तान में बैठे संदिग्ध देश में त्योहारों और बड़े आयोजनों से पहले दहशत फैलाने के लिए इन फर्जी ईमेल का इस्तेमाल कर रहे थे.

पहला मामला: 7 अक्टूबर को 16 ठिकानों को बनाया गया था निशाना

पहली घटना 7 अक्टूबर को सामने आई थी. तब दो अलग-अलग ईमेल आईडी से शहर के 16 ठिकानों पर बम धमाके की धमकी भरे मेल भेजे गए थे. इन ठिकानों में 10 स्कूल, गुजरात हाईकोर्ट, अहमदाबाद की दूसरी अदालतें और नरेंद्र मोदी स्टेडियम शामिल थे. इन ईमेल्स में खालिस्तान का जिक्र किया गया था और गायक दिलजीत दोसांझ के 1 नवंबर को दिल्ली और 21 नवंबर को अहमदाबाद के मोदी स्टेडियम में होने वाले शो में धमाके करने की धमकी दी गई थी.

Advertisement

तकनीकी जांच और ईमेल 'हेडर्स' से पता चला कि इन अकाउंट्स को बांग्लादेश और पाकिस्तान के रावलपिंडी से चलाया गया था.

दूसरा मामला: 27 अक्टूबर को फिर मिली धमकी

दूसरा मामला 27 अक्टूबर 2026 को दर्ज किया गया, जब एक दूसरी ईमेल आईडी से 19 स्थानों को निशाना बनाते हुए धमकी भरा संदेश भेजा गया. इसमें 14 स्कूल, सरकारी कार्यालय, अदालतें और एक बार फिर नरेंद्र मोदी स्टेडियम शामिल था. इस संदेश में भी खालिस्तान का हवाला देते हुए लोगों को 21 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के शो में न जाने की चेतावनी दी गई थी.

जीमेल से मिली जानकारी और जांच के मुताबिक, इस अकाउंट को बांग्लादेश के रंगपुर और पाकिस्तान के लाहौर से ऑपरेट किया गया था.

यह भी पढ़ें: हैदराबाद एयरपोर्ट को मिली LTTE-ISI से जुड़ी बम धमकी निकली फेक, जेद्दा से आ रही इंडिगो फ्लाइट मुंबई डायवर्ट

फिलहाल, अहमदाबाद की साइबर क्राइम ब्रांच केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर इस पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की छानबीन कर रही है ताकि इसके पीछे के असली साजिशकर्ताओं तक पहुंचा जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »