उत्तर भारत के मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है. कई शहरों में भीषण गर्मी के बीच धूल भरी आंधी और बारिश ने दस्तक दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड के लिए चेतावनी जारी की है.
कई शहरों में अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना है. मंगलवार सुबह ही दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मौसम बदल गया है. मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. हल्की बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है.
मौसम विभाग ने सुबह 06:40 बजे अपडेट जारी करते हुए अगले 2 घंटों में दिल्ली-NCR के कई इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है. इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
इससे पहले सोमवार देर रात दिल्ली के नजफगढ़, द्वारका, पालम और आईजीआई एयरपोर्ट सहित गुरुग्राम, बहादुरगढ़ और मानेसर में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई. इस दौरान हवा की रफ्तार 40-60 किमी प्रति घंटा तक रही.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में आंधी और भारी बारिश, IMD ने 4 दिन के लिए जारी किया अलर्ट
उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में भी अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ घंटों में उत्तर प्रदेश के शामली, बागपत, मोदीनगर, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ जैसे इलाकों में आंधी-बारिश की संभावना है. हरियाणा के कैथल, असंध, झज्जर और पलवल में भी मौसम खराब रहने की आशंका है. वहीं, राजस्थान के भिवाड़ी, भरतपुर और धौलपुर में धूल भरी आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है.
उत्तराखंड में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी दी है. 28 और 29 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और बहुत भारी बारिश हो सकती है. हवाओं की रफ्तार 40-50 किमी प्रति घंटा रह सकती है.
पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर में 27 से 29 अप्रैल तक और हिमाचल प्रदेश में 28 से 30 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है. 28 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर में और 28-29 अप्रैल को हिमाचल और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की भी उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली में हीटवेव के दिन शुरू, IMD ने जारी किया येलो अलर्ट, सोमवार से बदलेगा मौसम
पंजाब और हरियाणा में 28 और 29 अप्रैल को 'थंडरस्क्वाल' आ सकता है. चंडीगढ़ में बारिश हो रही है. पूर्वोत्तर भारत में सिक्किम, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में पूरे सप्ताह भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है.
अनमोल नाथ