नहीं बनेंगी KGF 3-Salaar 2! डायरेक्टर प्रशांत नील बोले 'अब डार्क फिल्में नहीं, कुछ कलरफुल बनाऊंगा'

'ड्रैगन' का फर्स्ट लुक आने के साथ प्रशांत नील ने ऐसी बात भी कह दी, जिससे KGF 3 और सालार 2 का इंतजार कर रहे फैन्स निराश हो सकते हैं. प्रशांत अब इस डार्क-गैंगस्टर जॉनर को टाटा कहना चाहते हैं. उन्होंने बताया कि अब वो एक माइथोलॉजिकल फिल्म बनाना चाहते हैं, जिसकी कहानी पर वो दस साल से काम कर रहे हैं.

Advertisement
प्रशांत नील नहीं बनाना चाहते डार्क फिल्में, KGF 3-सालार 2 का क्या होगा? (Photo: ITGD) प्रशांत नील नहीं बनाना चाहते डार्क फिल्में, KGF 3-सालार 2 का क्या होगा? (Photo: ITGD)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 21 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:16 PM IST

KGF और सालार जैसी धमाकेदार एक्शन-गैंगस्टर फिल्में बना चुके डायरेक्टर प्रशांत नील अब जूनियर एनटीआर के साथ 'ड्रैगन' लेकर आ रहे हैं. उनकी नई फिल्म का फर्स्ट लुक हाल ही में सामने आया, जिसे देखकर फिल्म लवर्स अभी से बहुत एक्साइटेड हैं. फर्स्ट लुक वीडियो में प्रशांत ने खतरनाक विलेन्स की एक पूरी फौज के साथ अपनी कहानी के 'सबसे बड़े विलेन' जूनियर एनटीआर को बड़े भौकाली अंदाज में इन्ट्रोड्यूस किया है. लेकिन अपनी नई फिल्म के बारे में बात करते हुए प्रशांत ने कुछ ऐसा कहा है, जो KGF चैप्टर 3 और सालार 2 का इंतजार कर रहे फैन्स का दिल तोड़ सकता है.

Advertisement

अब डार्क फिल्में नहीं बनाएंगे प्रशांत नील

'ड्रैगन' के फर्स्ट लुक वीडियो में फिल्म के प्लॉट के साथ जनता को एक बार फिर प्रशांत नील का ट्रेडमार्क डार्क गैंगस्टर वर्ल्ड देखने को मिला. KGF के दोनों पार्ट्स और सालार में भी यही डार्क कलर पैलेट नजर आया था. जहां ये प्रशांत की पहचान बन चुका है, वहीं इसके लिए उनकी आलोचना भी हुई है. 'ड्रैगन' के फर्स्ट लुक वीडियो पर कमेंट करते हुए कई यूजर्स ने कहा कि प्रशांत की हर फिल्म में उनका संसार डार्क टोन में एक जैसा क्यों दिखता है.

गलाट्टा प्लस के साथ एक बातचीत में प्रशांत नील ने बताया कि इस डार्क कलर पैलेट और गैंगस्टर हीरोज के लिए उनकी आलोचना होती है. प्रशांत ने कहा, 'आप इसे मेरी एक ट्राइलॉजी की आखिरी कहानी मान सकते हैं. मैं आखिरी बार इस जॉनर की कहानी कह रहा हूं. मुझे ये तीनों कहानियां कहनी थीं. ये तीनों कहानियां (KGF, सालार और ड्रैगन) बहुत अलग हैं. मैंने कलर पैलेट एक जैसा इस्तेमाल किया है इसलिए आपको ये देखने में एक जैसी लग सकती हैं, लेकिन ये तीनों बहुत अलग कहानियां हैं. तीनों का ड्रामा बहुत अलग है.'

Advertisement

KGF 3 और सालार 2 पर प्रशांत का जवाब
प्रशांत ने कहा कि उनके परिवार में भी इस बात पर बहस होती है कि उनकी फिल्में इतनी डार्क क्यों होती हैं. लेकिन ये डार्क संसार उनकी तीनों कहानियों को सूट करता था, इसलिए उन्होंने इसे इस्तेमाल किया. सिर्फ आलोचना से बचने के लिए वो अपनी कहानी कहने का तरीका नहीं बदल सकते.

डार्क कहानियों से दूर जाने की बात कर चुके प्रशांत से अनाउंस हो चुकी KGF चैप्टर 3 और सालार 2 की अधूरी एंडिंग के बारे में भी पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा, 'अभी मेरा पूरा फोकस ड्रैगन पर है. उन फिल्मों को लेकर कभी-कभी डिस्कशन चलते रहते हैं. मुझे कभी कोई आइडिया आया तो मैं बाद के लिए लिखकर रख लूंगा, लेकिन अभी पूरा ध्यान बस ड्रैगन पर है. अभी मुझे कोई आइडिया आया तो ड्रैगन में ही डाल दूंगा.'

अब माइथोलॉजिकल फिल्म बनाना चाहते हैं प्रशांत
डार्क गैंगस्टर कहानियों की अपनी ट्राइलॉजी खत्म करने के बाद प्रशांत अब कुछ 'कलरफुल' बनाना चाहते हैं. उन्होंने कहा,
'मैंने एक माइथोलॉजिकल कहानी लिखी है, जिसे मैं करीब एक दशक से बनाना चाहता हूं. अपने सारे मौजूदा कमिटमेंट पूरे करने के बाद मैं उसे बनाना चाहता हूं.'

यश की KGF 3 और प्रभास की सालार 2 उन फिल्मों में से हैं, जिनका इंतजार पूरे इंडिया के सिनेमा फैन्स बेसब्री से कर रहे हैं. और इस इंतजार की बड़ी वजह ये थी कि प्रशांत नील से ही इन्हें बनाने की उम्मीद थी. लेकिन प्रशांत ने जो बातें कही हैं, उनसे फिलहाल यही लगता है कि वो इन फिल्मों पर जल्दी वापस लौटने के मूड में नहीं हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »