देशभर में इन दिनों त्योहारों की रौनक छाई हुई है. जगह-जगह रामलीला के भव्य आयोजन हो रहे हैं, जिन्हें देखने के लिए न सिर्फ आम जनता बल्कि बड़े-बड़े बॉलीवुड और टीवी सितारे भी पहुंच रहे हैं. इसी कड़ी में मशहूर कोरियोग्राफर और डांसर टेरेंस लुईस दिल्ली की प्रसिद्ध रामलीला में पहुंचे. यहां उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से खास मुलाकात की.
रेखा गुप्ता ने टेरेंस को दी बधाई
दिल्ली में आयोजित इस रामलीला महोत्सव में टेरेंस लुईस खास मेहमान के रूप में शामिल हुए. मंच पर पहुंचने पर उनका पारंपरिक अंदाज में स्वागत किया गया. इस दौरान रेखा गुप्ता ने भी टेरेंस लुईस का स्वागत किया और स्टेज पर उनसे काफी देर बातचीत की.
दरअसल, टेरेंस लुईस 51 की उम्र में अपना एक्टिंग डेब्यू करने जा रहे हैं. वो 'आज का महिषासुर’ नाम की फिल्म में नजर आएंगे. नवरात्रि के मौके पर फिल्म का फर्स्ट लुक और भक्ति गीत ‘जगदंबे रानी’ रिलीज किया गया. दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने टेरेंस लुईस को उनकी आने वाली फिल्म के लिए शुभकामनाएं दीं. टेरेंस की तारीफ करते हुए रेखा गुप्ता बोलीं- बहुत बधाई आपको नई मूवी के लिए. आपने यहां पर शानदार रौनक लगाई.
सांस्कृतिक रंग में रंगे टेरेंस
रामलीला के मंच से सामने आई तस्वीरों और वीडियो में टेरेंस लुईस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. एथनिक आउटफिट में वो काफी हैंडसम लगे. उन्होंने मंच पर लोगों का जमकर मनोजरंजन भी किया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई मुलाकात
सीएम रेखा गुप्ता संग टेरेंस की मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं. फैंस टेरेंस लुईस के सादगीभरे और सांस्कृतिक अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं.
फिल्म 'आज का महिषासुर’ की बात करें, तो इसमें टेरेंस लुईस के साथ पद्मिनी कोल्हापुरे, चंदन रॉय और आयशा ऐमान भी नजर आएंगे.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क