बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले में बड़ा अपडेट सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, शुरुआत में टाइगर शूटर्स के निशाने पर नहीं थे. वो बॉलीवुड के किसी दूसरे बड़े सेलेब्रिटी पर हमला करने की फिराक में थे. लेकिन मुंबई पहुंचने के बाद शूटर्स उस बड़े सेलेब्रिटी को अपना टारगेट बनाने में फेल हुए. इसके बाद उन्होंने अपना टारगेट बदला.
टाइगर नहीं थे रडार पर, फिर क्यों की फायरिंग?
दावा है कि फैन पोस्ट्स और इंस्टा पेजों के जरिए शूटर्स को मालूम पड़ा कि टाइगर श्रॉफ हर रविवार को जुहू के फुटबॉल ग्राउंड जाते हैं. वहां उनकी सिक्योरिटी भी काफी कम रहती है. इसलिए शूटर्स ने टाइगर को अपना निशाना बनाने की ठानी. शूटर्स को लगा कि टाइगर को निशाना बनाना आसान होगा. क्योंकि टाइगर पब्लिक के बीच फ्री होकर घूमते थे. इसी वजह से उन्होंने कथित तौर पर टाइगर श्रॉफ को अपना नया टारगेट बना लिया.
हमलावरों ने 18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर 5 राउंड फायरिंग की. जैसे ही एक्टर फुटबॉल ग्राउंड से बाहर निकले दनादन फायरिंग कर दी. टाइगर को हमले में जहां मामूली चोट आई. वहीं उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति को गंभीर चोट लगी. टाइगर ने ड्राइवर को गोली लगने के बाद हिम्मत से काम किया. वो ड्राइविंग सीट पर शिफ्ट हुए और ड्राइवर को अस्पताल लेकर गए.
एक्टर पर हमला करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने कोटा से गिरफ्तार किया. ये तीनों नेपाल भागने की फिराक में थे. उन्हें पूछताछ के लिए अब मुंबई लाया जा रहा है. एक्टर पर हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है. जानकारी के मुताबिक, तीनों आरोपियों में से एक रिहान ही बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित के संपर्क में था. टाइगर पर हमले को लेकर उसकी अनिल पंडित से बात हुई थी.
सलमान संग काम करना पड़ा भारी!
टाइगर पर हमले के बाद बिश्नोई गैंग की तरफ से दावा सामने आया. जिसमें कहा गया कि टाइगर को सलमान संग काम करने से मना किया था. लेकिन उनके नहीं मानने पर बिश्नोई गैंग की तरफ से फायरिंग की गई. गैंगस्टर अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर लिखा- 'जय महाकाल... जय श्रीराम.... सभी भाइयों को राम राम... आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है. इसकी जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं. हमने इसको कॉल करके समझाया था. लेकिन इसे समझ नहीं आया. इसलिए आज इसे बढ़िया तरीके से समझा दिया गया है. जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा. अगला नंबर उसका होगा. वेट एंड वॉच. कुछ और ग्रुप के लोग जो हमारे नाम से फेम लेने की सोचते हैं. इनको जल्द ही मार कर फेमस करेंगे. '
दिव्येश सिंह