टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में एक और गिरफ्तारी, अनिल पंडित से कराई थी बात, ₹35 हजार और विदेश का लालच

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में हरियाणा पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. इस आरोपी के लिए कहा जा रहा है कि इसने ही विदेश में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित से मुख्य आरोपी रेहान की बात कराई थी. उसी को 35 हजार रुपये और विदेश में सेटल होने का लालच दिया गया था.

Advertisement
टाइगर के केस में पकड़ा गया एक और आरोपी (Screengrab) टाइगर के केस में पकड़ा गया एक और आरोपी (Screengrab)

शरत कुमार

  • नई दिल्ली,
  • 20 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:49 AM IST

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर रविवार की शाम जानलेवा हमला हुआ. उनपर कई राउंड्स गोलियां फायर की गई थीं. इस मामले में कल तीनों आरोपियों को कोटा से गिरफ्तार कर लिया गया था. अब एक और गिरफ्तारी हरियाणा पुलिस की तरफ से हुई है. इस बार उनके हाथ इस हमले के मास्टरमाइंड अनिल पंडित का साथी पकड़ा गया है, जिसने तीनों आरोपियों को इस हमले के लिए चुना था.

Advertisement

कौन है नया आरोपी, जिसकी हुई गिरफ्तारी?

टाइगर श्रॉफ हमले के मामले में हरियाणा पुलिस की मदद से समीर नाम के युवक को पकड़ा गया है, जिसने लॉरेंस गैंग के कैलिफोर्निया में बैठे अनिल पंडित से बात कराई थी. इसने तीनों आरोपियों में से रेहान उर्फ सुक्का को 35 हजार रूपए और विदेश में सेटल होने का लालच दिया था.

रेहान पर इससे पहले आर्म्स एक्ट और चोरी का मामला दर्ज है. रेहान और फूल सिंह ने इससे पहले अमृतसर के एक व्यापारी पर भी फायरिंग की कोशिश की थी लेकिन पिस्टल नहीं चली. करीब एक महीने से ये मुंबई में थे जहां इनकी मुलाकात रितिक कुमार से कराई गई जो मुंबई के रास्तों को जानता था.

रितिक को भी विदेश में अच्छी नौकरी दे कर सेटल करने का लालच दिया था. तीनों की मौज-मस्ती के लिए पैसे अनिल पंडित विदेश से ऑनलाइन भेजता था. ये तीनों किसी दुकान पर ऑनलाइन पैसे मंगवाकर उससे कैश ले लेते थे. अनिल पंडित उनसे जग्गी ऐप पर बात करता था जिसके लिए व्यक्ति की पहचान की जरूरत नहीं है. उनको हथियार देने भी कोई नहीं आया था. इनके पास मैसेज आया था कि हथियार एक जगह कचरा पात्र के पास रखा है, जहां से उन्हें लेना है. पुलिस को शक है मुंबई में इनके संपर्क में कुछ लोग हैं जिनके बारे में जानकारी जुटाई जाएगी. 

Advertisement

कैसे पकड़े गए टाइगर पर हमला करने वाले आरोपी?

18 अक्टूबर को टाइगर की गाड़ी पर हमला करने के बाद, तीनों आरोपी- रेहान, फूल सिंह और रितिक मुंबई के अंधेरी रेलवे स्टेशन पहुंचे थे. वहां के सीसीटीवी कैमरा में उनकी तस्वीर भी नजर आई थी. उनका प्लान पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन पकड़कर भागने का था. वो नेपाल भागने की प्लानिंग में थे. लेकिन कोटा में ही उन तीनों को धर-दबोच लिया गया. मात्र 24 घंटों के अंदर-अंदर पुलिस द्वारा इस पूरे एक्शन को अंजाम दिया गया. फिलहाल तीनों आरोपी कोटा में हैं, और उन्हें जल्द ही मुंबई लाया जाएगा जहां उनसे आगे की पूछताछ होगी.

रैपिडो ड्राइवर था टाइगर का हमलावर?

रैपिडो ने टाइगर श्रॉफ और उनकी टीम के साथ हुई घटना पर चिंता जताई है. कंपनी ने कहा कि उन्हें राहत है कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं और वे उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं. मीडिया में ऐसी खबरें सामने आई हैं कि इस मामले से जुड़ा एक शख्स रैपिडो प्लेटफॉर्म पर कैप्टन यानी ड्राइवर के तौर पर रजिस्टर्ड था. इस पर कंपनी ने सफाई देते हुए कहा कि वो शख्स 14 अक्टूबर से रैपिडो पर कैप्टन के तौर पर एक्टिव नहीं था. घटना वाले दिन उसने रैपिडो की सेवा का इस्तेमाल एक ग्राहक के तौर पर किया था. 

Advertisement

रैपिडो के मुताबिक, भारत की गिग इकोनॉमी में अक्सर लोग एक साथ कई ऐप्स और प्लेटफॉर्म पर रजिस्टर रहते हैं. कंपनी ने बताया कि घटना वाले दिन भी उस व्यक्ति ने रैपिडो की सर्विस का इस्तेमाल किया था, लेकिन बतौर ग्राहक. कंपनी ने कहा कि वो इस मामले की जांच में पुलिस और अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और जांच में पूरा सहयोग कर रही है. रैपिडो का कहना है कि अधिकारियों ने जो भी जानकारी मांगी, उसे तुरंत उपलब्ध कराया गया है. रैपिडो ने साफ शब्दों में कहा कि हिंसा या किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि को लेकर उसकी जीरो टॉलरेंस पॉलिसी है और आगे भी जांच में अधिकारियों को हर संभव मदद दी जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »