'ऐश्वर्या को छुआ क्यों?' प्यार में खोए सलमान भूल गए थे अपनी लिमिट! संजय लीला भंसाली ने फटकारा

सलमान खान ने ‘हम दिल दे चुके सनम’ की शूटिंग में ऐश्वर्या राय का बाजू क्यों छुआ था? स्मिता जायकर ने बताया कैसे संजय लीला भंसाली ने सलमान को डांट लगाई और दोनों के प्यार के किस्से सुनाए.

Advertisement
ऐश्वर्या को छूने पर सलमान को पड़ी डांट (Photo: Screengrab) ऐश्वर्या को छूने पर सलमान को पड़ी डांट (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:10 AM IST

बॉलीवुड में सलमान खान और ऐश्वर्या राय बच्चन की प्रेम कहानी भले ही सालों पुरानी हो, लेकिन इसके किस्से आज भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ा देते हैं. एक्ट्रेस स्मिता जयकर ने फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ की शूटिंग से जुड़ा एक ऐसा किस्सा सुनाया है, जिसे सुनकर आप भी कहेंगे कि प्यार में सलमान खान वाकई सब कुछ भूल गए थे. 

Advertisement

फिल्म के एक गाने की शूटिंग के दौरान सलमान ने ऐश्वर्या का हाथ तो नहीं, बल्कि उनका बाजू छू लिया था. बस फिर क्या था, संजय लीला भंसाली की नजर इस हरकत पर पड़ गई और उन्होंने सलमान से तुरंत सवाल कर लिया कि उन्होंने ऐसा क्यों किया?

ऐश्वर्या को छूने पर सलमान से क्यों सवाल करने लगे भंसाली?

स्मिता जायकर ने सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में बताया कि ‘आंखों की गुस्ताखियां’ गाने की शूटिंग के दौरान एक सीन में सलमान को टेबल के चारों ओर घूमकर आना था, जबकि ऐश्वर्या पास में खड़ी थीं. सीन के हिसाब से सलमान को बस उनके सामने आकर खड़ा होना था और उन्हें देखना था. लेकिन इसी दौरान सलमान ने सहज अंदाज में ऐश्वर्या के बाजू को छू लिया. यह सीन का हिस्सा नहीं था और न ही ऐसा करने के लिए कहा गया था. 

Advertisement

संजय लीला भंसाली ने यह देखा तो वह तुरंत सलमान से पूछ बैठे, ‘सलमान, तुमने उसे क्यों छुआ?’ स्मिता के मुताबिक, सलमान ने ऐसा किसी निर्देश के तहत नहीं, बल्कि अपने दिल की बात सुनकर किया था. वह ऐश्वर्या के प्यार में थे और शायद उस पल खुद को उन्हें छूने से रोक नहीं पाए. भंसाली ने इस बात पर उन्हें डांट भी लगाई कि जब सीन में ऐसा करना था ही नहीं, तो उन्होंने ऐसा क्यों किया.

प्यार में डूबे रहते थे सलमान-ऐश्वर्या, पूरी यूनिट करती थी इंतजार

स्मिता जायकर ने बताया कि उस दौर में सलमान और ऐश्वर्या के बीच प्यार परवान चढ़ रहा था. दोनों की आंखों में एक-दूसरे के लिए प्यार साफ नजर आता था और यही रोमांस पर्दे पर भी दिखाई देता था. स्मिता के मुताबिक, ऐश्वर्या उस वक्त बेहद खूबसूरत लगती थीं और दोनों की केमिस्ट्री ने फिल्म के रोमांटिक सीन्स में जादू भर दिया था.

हालांकि, प्यार का यह खुमार शूटिंग के शेड्यूल पर भी भारी पड़ता था. स्मिता ने बताया कि फिल्म की यूनिट को कई बार दोनों का इंतजार करना पड़ता था. सुबह सात बजे की शिफ्ट होती थी, लेकिन कई बार स्टार्स सुबह 11 बजे साथ पहुंचते थे. बाकी लोग शिकायत करते थे कि इतने घंटे से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन दोनों का कोई अता-पता नहीं है. स्मिता को हालांकि लगता था कि जब दो लोग प्यार में हों, तो उन्हें क्या ही कहा जाए.

Advertisement

असल जिंदगी के रोमांस ने फिल्म में डाल दी थी जान

स्मिता जयकर ने पहले भी एक इंटरव्यू में बताया था कि ‘हम दिल दे चुके सनम’ की शूटिंग के दौरान सलमान और ऐश्वर्या का रिश्ता गहराता गया था. दोनों की आंखों में प्यार और चेहरे पर रोमांस साफ नजर आता था. उनके मुताबिक, असल जिंदगी की यही भावनाएं फिल्म के पर्दे पर भी उतर आईं और दर्शकों को उनकी जोड़ी बेहद पसंद आई. 

संजय लीला भंसाली की इस फिल्म में सलमान और ऐश्वर्या की प्रेम कहानी आज भी हिंदी सिनेमा की यादगार रोमांटिक कहानियों में गिनी जाती है. पर्दे पर दोनों का प्यार देखकर दर्शक भले ही फिदा हो गए हों, लेकिन सेट पर सलमान का ऐश्वर्या को यूं छू लेना और भंसाली का तुरंत टोक देना इस फिल्म से जुड़ा एक ऐसा किस्सा बन गया है, जो आज भी सुर्खियां बटोर सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »